दर्दनाक हादसाः बस-कार की भिड़ंत, 4 मरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोगा-लुधियाना मार्ग स्थित थाना महिना के पास रविवार सुबह बस और कार की भिड़ंत में एक परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन पुल से नीचे जा गिरे। हादसे में कार चालक हालत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लुधियाना रेफर किया गया है।
थाना महिना के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि रघुराज सिंह निवासी मुक्तसर के बयान पर बस चालक हरजिंदर सिंह निवासी मल्लोके रोड, जीरा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी और उसने गलत साइड पर जाकर कार में टक्कर मारी।
रिश्तेदार के बरसी समारोह में आए थे
जानकारी के अनुसार मुक्तसर के गुरु तेग बहादुर नगर निवासी गुरप्रीत सिंह (55) अपनी पत्नी गुरदीप कौर, भाभी मनजीत कौर, भतीजे प्रतीक सिंह (20) और घर में काम करने वाली लड़की अमनदीप कौर (15) के साथ शनिवार को जगरांव के पास नानकसर में बरसी समारोह में आए थे।
यहां रात रहने बाद रविवार सुबह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में वह मुक्तसर जा रहे थे। सुबह करीब पौने 7 बजे उनकी कार की पंजाब रोडवेज फिरोजपुर डिपो की चंडीगढ़ जा रही पनबस के साथ भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना के बाद कार पुल से नीचे जा गिरी और बस भी कार पर पलट गई।
बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार
दुर्घटना में गुरप्रीत सिंह (55), गुरदीप कौर और मनजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में घायल अमनदीप कौर (15) ने डीएमसी लुधियाना में दम तोड़ दिया। कार चला रहे प्रतीक की हालत गंभीर है।
पुलिस के मुताबिक बस में तकरीबन 25 लोग सवार थे और उन में से कोई घायल नहीं हुआ। इस दुर्घटना के बाद बस चालक हरजिंदर सिंह और कंडक्टर मौके से फरार हो गए।
सूत्रों के अनुसार सड़क निर्माणाधीन होने के कारण यहां वनवे ट्रैफिक था और बस गलत साइड पर तेज रफ्तार से जा रही थी। इस दौरान सामने से कार दिखाई दी तो बस चालक घबरा गया और हादसा हो गया।