शादी के अगले ही दिन दुल्हन ने रची 'साजिश', फिर पति और सास का किया यह हाल
एक व्यक्ति ने 70 हजार रुपये देकर एक युवती संग शादी की। दुल्हन अगले दिन ही अपने साथियों के साथ भाग गई। थाना घल्लघुर्द पुलिस ने सोमवार को पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर सात लोगों को नामजद कर नौ के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित गुरप्रीत सिंह निवासी रत्ता खेड़ा पंजाब सिंह वाला ने बताया उसकी मुलाकात आरोपी बलविंदर खान उर्फ बिंदी बाबा, मलकीत कौर निवासी लुहाम रोड मुदकी, हरपाल सिंह, मंजू कौर, सवरनजीत सिंह निवासी रत्ता खेड़ा, अर्जुन सिंह व दो अन्य लोगों से हुई।
इन्होंने उसकी शादी कराने की एवज में 70 हजार रुपये मांगे, जो उसने दे दिए। आरोपियों ने गुरप्रीत सिंह की शादी रमन कौर के साथ करवा दी। शादी के अगले दिन ही रमन कौर ने कहा कि उसके पिता को दौरा पड़ा है, उसे देखने जाना है। रमन कौर अपने साथ गुरप्रीत सिंह व उसकी मां व चाचा रेशम को साथ लेकर चल पड़ी। यह सब कुछ रमन कौर की चाल थी।
गुरप्रीत ने पुलिस को बताया कि जैसे ही वे लोग मुदकी के पास पहुंचे कि उनके पास एक स्कार्पियो गाड़ी आकर रुकी, जिसमें उक्त आरोपी सवार थे, आरोपियों ने उसकी मां का पर्स छीन लिया और उसे जबरदस्ती गाड़ी में डालकर ले गए।
आरोपियों ने उसे पीटा और आगे जाकर उसे सड़क किनारे फेंक गए। आरोपी अपने साथ रमन कौर को भी ले गए। पर्स में दस हजार रुपये थे। डीएसपी सतनाम सिंह ने पूरे मामले की जांच करने के बाद दुल्हन समेत उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला एक साल पुराना है।