पंजाब: भाजयुमो अध्यक्ष पर जानलेवा हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आधा दर्जन हमलावरों ने शुक्रवार को भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना पंजाब के मालेरकोटरा(संगरूर) की है।
जख्मी युवा बीजेपी नेता को मालेरकोटला के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां से उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। सिटी पुलिस ने हमले में शामिल आरोपियों में से दो की शिनाख्त करने का दावा किया है और सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के पास दर्ज करवाए बयान में भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष डीलेश शर्मा ने बताया कि वह एक बाइक लोन के संबंध में शेष किश्त की सूचना देने स्थानीय कमल सिनेमा रोड पर स्थित चौरसिया पान भंडार पर गए थे।
जब उन्होंने किश्त जल्दी भरने का आग्रह किया तो पान भंडार के मालिक दिनेश कुमार ने अपने साथियों को बुला लिया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में जमा हुए लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनकी पिटाई की।
हमलावरों ने लाठियों से बुरी तरह पीटा
हमलावरों ने उनके कपड़े फाड़ दिए गए और उन्हें लाठियों से बुरी तरह पीटकर सरे बाजार सड़क पर घसीटा, जिससे उन्हें काफी चोट आई। पुलिस को जब इसकी सूचना मिली तो सिटी एसएचओ मनधीर सिंह मौके पर पहुंचे और घायल शर्मा को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
जहां से उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में रेफर कर दिया गया। भाजपा के प्रदेश सचिव जतिंदर कालड़ा ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त किया है।
उन्होंने मालेरकोटला पुलिस को बिना देरी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई है जबकि अस्पताल पहुंचे मंडल प्रधान विनोद जैन और पंजाब खादी बोर्ड के उप चेयरमैन गितेश गुप्ता ने कहा है कि इस घटना के संबंध में शनिवार एक नवंबर को मालेरकोटला भाजपा मंडल की आपात बैठक बुला ली गई है जिसमें अगली रणनीति पर विचार चर्चा की जाएगी।
न एफआईआर और न पुलिस कार्रवाई
भाजपा की महिला नेता से दो युवकों ने न केवल सरेराह बदतमीजी की बल्कि उनकी बाजू भी मरोड़ दी। घटना पंजाब के जालंधर की है। घटना के विरोध में पीड़ित जिला भाजपा सचिव दीपाली बागड़िया महिलाओं व भाजपा वर्करों के साथ थाना आठ के बाहर धरने पर बैठ गईं।
पुलिस ने देर शाम तक न तो उसकी एफआईआर लिखी और न ही आरोपियों को पकड़ने की दिशा में कोई कदम उठाया। इससे अंदाज लगाया जा सकता है कि पुलिस थानों में इंसाफ के लिए आम इंसान का क्या हाल होता होगा। पीड़ित जिला भाजपा सचिव दीपाली बागड़िया का परिवार आरएसएस से भी जुड़ा हुआ है।
उसके पति राजिंदर बागड़िया ने बताया कि दीपाली बागड़िया अपनी कार से इंडस्ट्रीयल एरिया से निकल रही थी और इस दौरान उसकी कार व एक्टिवा में मामूली टक्कर हो गई। इसके बाद एक्टिवा सवार युवकों ने कार की चॉबी निकाल ली और जब दीपाली बागड़िया ने इसका विरोध किया तो उलटा युवकों ने उसको भद्दी गालियां दी और बाजू भी पकड़कर मरोड़ डाला।
सरेबाजार तमाशा देखते रहे लोग
युवकों की इस बदमाशी को सरेबाजार लोग देखते रहे लेकिन किसी ने उनको नहीं रोका। दीपाली का मोबाइल भी युवकों ने छीन लिया लेकिन बाद में लौटा दिया। बाद में जब कुछ लोग पहुंचे तो दोनों युवक निकल गए। दीपाली ने इसकी शिकायत डिवीजन नंबर आठ की पुलिस को दी।
पुलिस ने इस केस को बुधवार रात को भी नहीं दर्ज किया। वीरवार को दीपाली बागड़िया, भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष हिमांशु, भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रधान उर्मिल वैद्य समेत भारी संख्या में महिलाएं डिवीजन नंबर आठ पहुंची।
सुबह 10 बजे से सारे नेता व वर्कर थाने में बैठे रहे लेकिन पुलिस ने किसी भी आरोपी को हिरासत में नहीं लिया और न ही छापेमारी की गई। इसकी शिकायत जहां प्रदेश भाजपा के आलाकमान को भेज दी गई है।
डीसीपी नवीन सिंगला ने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में अभी आया है, वह इसकी जानकारी लेकर कानून के तहत बनती कार्रवाई करेंगे। वहीं दीपाली ने बताया कि उनको इस केस में समझौते के लिए कई नेता प्रेशर डाल रहे हैं लेकिन वह इंसाफ के लिए जंग लड़ेगी।