10 हजार रुपये मांगे, 8 हजार में तय हुई बात, रिश्वत लेते एएसआई को विजिलेंस ने रंगे हाथों दबोचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विजिलेंस टीम ने धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों के खिलाफ अदालत में चालान पेश करने के लिए पीड़ित से आठ हजार रुपये रिश्वत लेते थाना सिटी के एएसआई मेजर सिंह को रंगे हाथों काबू किया है। चालान पेश करने के लिए दस हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। जबकि सौदा आठ हजार में तय हुआ। थाना विजिलेंस टीम ने उक्त एएसआई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विजिलेंस विभाग के एसएसपी हरगोबिंद सिंह के मुताबिक नसीब सिंह निवासी सतूशाहवाला ने उन्हें शिकायत दी कि थाना सिटी फिरोजपुर का एएसआई मेजर सिंह आरोपियों के खिलाफ अदालत में चालान पेश करने के लिए उससे दस हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। नसीब ने शिकायत में कहा कि वर्ष 2017 में उसके साथ आरोपी नरेंद्र कौर और अमरीक सिंह ने ठगी मारी थी।
इस संबंधी दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। इस मामले की तफ्तीश एएसआई मेजर सिंह के पास थी। मेजर सिंह को आरोपियों के खिलाफ अदालत में चालान पेश करना था। चालान पेश करने के लिए एएसआई मेजर सिंह पिछले लंबे समय से नसीब के चक्कर लगवा रहा था। वह आरोपियों के खिलाफ अदालत में चालान पेश नहीं कर रहा था।
मेजर ने अदालत में चालान पेश करने के लिए नसीब से दस हजार रुपये की रिश्वत मांगी। जबकि सौदा आठ हजार रुपये में तय हुआ। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि नसीब की शिकायत पर एक टीम गठित की गई। जिससे नसीब से रिश्वत लेते हुए एएसआई मेजर को रंगे हाथों काबू किया जाए।
नसीब राशि लेकर शहर के ऊधम सिंह चौक पर एएसआई मेजर के पास पहुंचा। जैसे ही एएसआई मेजर ने रिश्वत वाले नोट जेब में डाले, उसी समय विजिलेंस टीम ने छापामारी कर उसे काबू कर लिया। एएसआई मेजर सिंह के खिलाफ थाना विजिलेंस में मामला दर्ज किया गया है।
रिश्वत लेते थानेदार को विजिलेंस ने दबोचा
अमृतसर में भी विजिलेंस टीम ने थाना भिखीविंड में तैनात थानेदार सुरिंदर कुमार को पांच हजार की रिश्वत लेने के आरोप में रंगे हाथों दबोचा है। एसएसपी विजिलेंस रविंदर कुमार बक्शी ने बताया की बलविंदर सिंह ने शिकायत की थी सुरिंदर कुमार चालान तैयार करने के लिए पांच हजार की रिश्वत मांग रहा है।
विभाग ने डीएसपी कंवलदीप कौर की अगवाई में एक टीम का गठन किया। टीम ने सुरिंदर को बलविंदर सिंह से पांच हजार की रिश्वत के आरोप में अरेस्ट कर लिया। सुरिंदर कुमार से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है। विभाग ने मामला दर्ज कर सुरिंदर से पूछताछ शुरू कर दी है।