मोहालीः एजीएम की कार में मिली जली लाश, नहीं पता चली मौत की वजह, पुलिस जांच में जुटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोहाली नगर निगम दफ्तर से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव संभालकी में संदिग्ध हालात में सड़क किनारे गुरुवार रात एक आई-10 कार में ही जलकर एक प्राइवेट कंपनी के एजीएम की मौत हो गई है। उसका शरीर 80 फीसदी तक जल चुका था। शव पूरा काला पड़ गया था। शव की पहचान भी कठिन थी। मृतक के किसी जानकार ने कार के नंबर से उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मार्चरी में रखवा दिया है।
मृतक की पहचान आइडिया कंपनी के असिस्टेंट जनरल मैनेजर प्लानिंग माधव चतुर्वेदी (40) के रूप में हुई है। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने मौके से खून समेत कई चीजों के सैंपल लिए हैं। साथ ही डीएनए टेस्ट करवाने का फैसला लिया है ताकि सारी स्थिति साफ हो सके। फिलहाल मामले में सीआरपी की धारा 174 के तहत केस दर्ज किया है। सोहाना थाने के एसएचओ तरलोचन सिंह ने बताया कि पुलिस विभिन्न एंगलों पर काम कर रही है।
टैक्सी चालक ने दी थी पुलिस को सूचना
मामला गुरुवार रात 11 बजकर दस मिनट का बताया जा रहा है। सोहाना थाने के मुताबिक किसी टैक्सी चालक ने उन्हें रात कार को जलते हुए देखकर फोन किया था। वह वहां पर किसी को छोड़ने जा रहा था। इसके बाद मौके पर फायर विभाग व पुलिस की टीम पहुंची। लेकिन तब तक शरीर लगभग पूरा जल चुका था और माधव की मौत हो चुकी थी।
कार का दरवाजा खुला था, निकलने की कोशिश की
जानकारी के मुताबिक कार सड़क से करीब तीस फुट दूर और पांच फुट खाई में जाकर सीधे ही खड़ी थी। कार जमीन में लगी थी। साथ ही पूरी तरह से जल चुकी थी। पुलिस के मुताबिक कार का ड्राइवर साइड का दरवाजा खुला था। साथ ही मृतक के पैर व कुछ हिस्सा बाहर की तरफ था। इससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि उसने बचाव का प्रयास किया है।
10.24 बजे मंगवाया था खाना, 11 बजे निकला घर से
पुलिस की जांच में सामने आया माधव ने अपने फोन से खाना मंगवाने के लिए 10.24 बजे जगत रसोई पर फोन किया था। वहीं, पुलिस को इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग से पता चला है कि वह 11.01 बजे अपनी कार से निकला था। जहां पर कार को आग लगी है, वहां पर सात से आठ मिनट में पहुंचा है। जिससे पुलिस को लग रहा है कि कार अचानक आग पकड़ गई होगी। हालांकि पुलिस इस बारे में बोलने से बचती रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही सारी स्थिति साफ हो पाएगी।
27 व 28 को घर में थी प्रोग्राम की तैयारी
माधव की नौकरानी जसपाल कौर ने बताया कि उन्होंने दो महीने पहले ही उनके घर में नौकरी शुरू की थी। घर पर मैडम, सर, उनके पिता व दो बच्चे रहते थे। वह सफाई का काम करती थी। मैडम एक तारीख को कोटा चली गई थी। उन्होंने कहा था कि वह 21 तारीख को वापस आएंगी। दूसरी तरफ पता चला है 27 और 28 जनवरी को वह घर पर एक छोटा सा प्रोग्राम आयोजित करने की योजना बना रहे थे। मैडम हाउस वाइफ थी। उसने उन्हें काम पर जाते नहीं देखा।
दो बच्चे हैं, बेटा दो साल का
मृतक की पत्नी का नाम निधि है। उसके दो बच्चे बताए जा रहे हैं। बेटी सात साल व लड़का दो साल का है। सारी फैमिली अभी तक शहर से बाहर है। उनके आने के बाद ही शनिवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
कुछ समय पहले ही बनाया था आलीशान घर
पुलिस जांच में सामने आया कि माधव पहले अपने परिवार सहित सेक्टर-105 में रहता था। उन्होंने कुछ समय पहले ही 108 सेक्टर में अपना नया आलीशान घर बनाया था। वह नवंबर में ही अपने नए घर में शिफ्ट हुए थे। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। मृतक के परिजन राजस्थान कोटा से निकल पड़े हैं। मृतक के भाई सुशील चतुर्वेदी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
कहीं कोई पीछा तो नहीं था कर रहा
दूसरी ओर पुलिस इस केस में कई एंगलों पर काम कर रही है। तेज रफ्तार चल रही कार एकदम बेकाबू होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जाकर रुकी हुई थी। सूत्रों की मानें तो पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि कहीं कोई और वाहन इस कार का पीछा तो नहीं कर रहा था। साथ ही कार जब खाई में जाकर गिरी तो उसे आग लगा दी गई हो।
गुरुवार की रात साढ़े 11 बजे के करीब जब पुलिस मौके पर पहुंची तो लाश जल चुकी थी और दोनों टांगें खिड़की से बाहर लटक रही थीं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि कार चलाने वाले इस व्यक्ति ने बाहर निकलने का प्रयास किया होगा। इसके अलावा ऐसे कई मामले पहले भी आ चुके हैं। सिसवां बद्दी रोड पर भी कुछ समय पहले एक युवक को इसी स्टाइल में जलाया गया था। इसके अलावा हिमाचल के पौंटा साहिब में भी जीकरपुर के एक व्यक्ति को कुछ समय पहले जलाया गया था।
पटियाला में होगा मृतक का पोस्टमार्टम
मृतक माधव चतुर्वेदी के परिवार वाले देर रात शहर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने पुलिस के अधिकारियों से मुलाकात है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक का शरीर पूरा जल चुका है। ऐसे में फोरेंसिक लैब पटियाला में ही उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।