पत्नी और दो बच्चों को मारकर की खुदकुशी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आर्थिक तंगी के कारण एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी और दो बच्चों को जहर दिया और फिर पंखे से लटक गया। घटना पंजाब के कपूरथला में वीरवार रात नौ बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।
सिविल अस्पताल में शुक्रवार को चारों का पोस्टमार्टम करके विसरा जांच के लिए खरड़ भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम में बच्चों और पत्नी को जहर देने की पुष्टि हुई है।
थाना सदर के अंतर्गत कस्बा काला संघिया के काला खास घंटाघर क्षेत्र में 40 वर्षीय मनोहर लाल ने वीरवार रात अपनी 36 वर्षीय पत्नी रजनी, 9 साल की बेटी शैली और सात साल के बेटे तुषार को जहर देने के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मनोहर लाल हलवाई कारीगर था और पिछले एक माह से काम पर नहीं जा रहा था। वह कुछ अर्से पहले परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश के जिला अंब के गांव रिपमिश्रा से काम के सिलसिले में काला संघिया आया था।
घर की तलाशी में मिला सुसाइड नोट
यहां पर भी उसका काम नहीं चला। सूचना मिलने पर एसएसपी कपूरथला आशीष चौधरी, एसपी-डी जगजीत सिंह सरोआ, डीएसपी सब-डिवीजन महिंदर सिंह और थाना सदर के एसएचओ हरगुरदेव सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मृतका रजनी के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि वह सुबह से अपनी बेटी को फोन कर रहे थे, लेकिन उसने कोई कॉल रिसीव नहीं की। इस पर उन्हें शक हुआ तो वह गांव पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खटखटाया पर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इस पर लोगों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया तो रजनी, शैली और तुषार बेड पर पड़े थे और मनोहर का शव पंखे से लटक रहा था।
पुलिस ने पूरे घर की तलाशी ली तो वहां से एक सुसाइड नोट मिला है। हालांकि नोट में क्या लिखा है, पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।
एसपी (डी) जगजीत सिंह सरोआ ने बताया कि सुसाइड नोट से पता चला है कि मनोहर आर्थिक तंगी के साथ घरेलू कलह से परेशान चल रहा था। फिलहाल धारा-174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है। दंपति के माता-पिता को बुलाया गया है। मामले की जांच जारी है। सिविल अस्पताल के डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बच्चों और महिला को कोई जहरीला कैमिकल दिया गया है। बाकी सही पता विसरा की रिपोर्ट आने के बाद ही लगेगा।