हादसे में मौत पर बवाल, लोगों ने बस फूंकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के पठानकोट-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पठानकोट के कोर्ट कांप्लेक्स के पास एक निजी बस ने सामने से आ रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। जबकि उसमें सवार शहीद मक्खन सिंह गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की आठ छात्राओं समेत नौ विद्यार्थी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा वीरवार सुबह तब हुआ जब छात्राएं स्कूल जा रही थीं।
उधर, घटना से स्थानीय लोग भड़क उठे। उन्होंने हादसे से संबंधित बस फूंक दी। साथ ही एक अन्य बस में भी तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने गुस्साए लोगों को खदेड़ा। इस बीच हाईवे पर करीब दो घंटे यातायात प्रभावित रहा।
विद्यार्थियों को स्कूल छोड़ने जा रहा था ऑटो
सरना के पावर कालोनी निवासी आटो चालक राजू महाजन सुबह करीब सात बजे आठ छात्राओं और अपने बेटे आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र शुभम को स्कूल छोड़ने के लिए अपने आटो से शहर की ओर आ रहा था।
वह कोर्ट कांप्लेक्स के सामने पहुंचा था कि पठानकोट की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। घटना में ऑटो सवार सभी घायल हो गए।
किसी प्रकार स्थानीय लोगों ने घायलों को ऑटो से निकालकर उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने ऑटो चालक राजू महाजन को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने लोगों को खदेड़ा, 4 गिरफ्तार
हादसे से लोग भड़क उठे। बेकाबू भीड़ ने बस को आग लगा दी और हाईवे पर प्रदर्शन दिया। प्रदर्शनकारियों ने वहां खड़ी एक अन्य बस में भी जमकर तोड़फोड़ की।
मौके पर पहुंची सुजानपुर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। कोई असर न दिखने पर पुलिस ने लाठियां फटकार कर बेकाबू लोगों को खदेड़ लिया। बाद में वहां पहुंचे एसएसपी राकेश कौशल ने घटना का जायजा लिया।
हादसे के बाद बस को आग लगाने और तोड़फोड़ करने वालों में शामिल चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि कुछ और की शिनाख्त की जा रही है। एसएसपी राकेश कौशल ने बताया कि वीडियो फुटेज के जरिए पुलिस उनकी शिनाख्त कर रही है।
ये हुए घायल, हाल जानने पहुंचे नेता
हादसे में घायल जमालपुर निवासी कोमल पुत्री पुरुषोत्तम लाल, उसकी बहन काजल, आदर्श कालोनी सरना निवासी माला पुत्री अविनाश चंद्र, सरना निवासी शिवानी पुत्री देसराज व काजल, अंतिका पुत्री किशोरी लाल, उसकी बहन आरती, सोनिया पुत्री देसराज और शुभम को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की शिकार शहीद मक्खन सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं का हालचाल जानने के लिए डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू, विधायक अश्वनी शर्मा, विधायक सीमा कुमारी, पूर्व मंत्री मास्टर मोहन लाल, पूर्व विधायक राम लाल समेत प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे।
डिप्टी स्पीकर ने छात्राओं के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देने की सेहत अधिकारियों को हिदायत दी।