परिवार के 5 सदस्यों पर ऐसिड अटैक, महिला की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैथल जिले में पंजाब की सीमा से सटे गांव अरनौली में बुधवार देर रात दो बजे अज्ञात हमलावरों ने आंगन में सो रहे एक परिवार के पांच सदस्यों पर तेजाब फेंक दिया। इससे एक महिला की मौत हो गई और दो बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए।
गुहला अस्पताल ले जाते समय अमरजीत (38) ने दम तोड़ा। हमले में किशोरी सर्वजीत (11), किशोर दीप (09) और पड़ोसी गुरध्यान सिंह (45) घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए पटियाला के राजेंद्रा अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, हमले में परिवार के मुखिया जोगिंद्र खान मामूली रूप से घायल हैं।
घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। एसपी कुलदीप सिंह यादव सहित अधिकारियों ने गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
जब तक संभलते मच गई चीख पुकार
गुहला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे अरनौली वासी जोगिंद्र खान ने बताया कि रात के समय वे अपनी पत्नी अमरजीत कौर, दो बच्चों सर्वजीत कौर एवं दीप और एक पड़ोसी गुरध्यान सिंह के साथ घर के आंगन में सोए हुए थे।
रात दो बजे उनके ऊपर कुछ तरल पदार्थ आकर गिरा। जब तक संभलते तब तक पत्नी, बच्चे और गुरध्यान सिंह जोर जोर से चिल्लाने लगे। शरीर पर जलन होते ही वे समझ गए कि उन पर तेजाब डाला गया है। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए।
इसके बाद गांव के ही एक आरएमपी को बुलाया गया तो उसने बताया कि सभी की हालत गंभीर है। इसके बावजूद गांव से उसे किसी की कोई मदद नहीं मिली। किसी तरह से उसने गुहला तक जाने के लिए वाहन का प्रबंध किया तथा सुबह छह बजे के आसपास वह सभी को लेकर गुहला अस्पताल पहुंचा।
जहां उसकी पत्नी अमरजीत कौर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके बच्चे एवं गुरध्यान सिंह को पटियाला रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
कहासुनी के बाद पड़ोसी ने दिया घटना को अंजाम!
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस कप्तान कुलदीप सिंह यादव व डीएसपी गुहला टेकनराज शर्मा व एसडीएम अशोक बंसल ने घटना स्थल का जायजा लिया।
पुलिस को दी शिकायत में जोगिन्द्र खान ने इस सारे मामले में अपने एक पड़ोसी पर शक जाहिर किया है, क्योंकि उनका पड़ोसी से विवाद चल रहा था और दो दिन पूर्व ही उनकी पड़ोसी से कहासुनी भी हुई थी। खान की शिकायत पर चीका पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
एसपी ने कहा कि पुलिस इस सारी घटना की बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही इस वारदात को अंजाम देने वालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीएसपी गुहला टेकनराज शर्मा ने बताया कि तेजाब हमले को प्रशासन पूरी गंभीरता से ले रहा है आरोपी पड़ोसी बिल्लू और पिंदा दोनों फरार हैं।
पुलिस के देरी से पहुंचने से रोष
गांव में इतनी बड़ी घटना हुई और चीख चिल्लाहट के बावजूद गांव में स्थित पुलिस चौकी में कर्मचारियों को कानों कान खबर नहीं हुई। बाद में ग्रामीणों द्वारा सूचना देने के बाद भी पुलिस घटना स्थल पर सुबह सात बजे पहुंची।
जोगेंद्र सिंह ने कहा कि उसके पास संसाधनों का अभाव है। जिस कारण इलाज में देरी होने के चलते उसकी पत्नी ने दम तोड़ दिया। रात दो बजे वारदात होने के बाद भी पुलिस ने कोई तत्परता नहीं दिखाई और सुबह जाकर घायलों को इलाज नसीब हुआ।