Patiala News: मां और भाई की हत्या करने वाला दो साथियों के साथ पकड़ा गया, टुकड़े कर घर में जलाया था शव
एसएसपी ने बताया कि मृतक परमजीत कौर की दो शादियां हुई थीं। पहली शादी से गुरविंदर सिंह हुआ था जबकि दूसरी शादी से जसविंदर सिंह। साल 2011 में परमजीत कौर के दूसरे पति की मौत के बाद वह सारी जमीन की देखरेख करती थी।
विस्तार
पंजाब के पटियाला जिले गांव कांगथला में अपनी मां और भाई की रॉड मारकर हत्या करने वाले को दो नशेड़ी साथियों समेत गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल रॉड, दातर व ऑल्टो कार भी बरामद कर ली है। आरोपियों को सोमवार को समाना अदालत में पेश किया गया। इन्हें चार दिन के रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने अदालत से आरोपियों का सात दिन का रिमांड मांगा था।
यह है मामला
एसएसपी वरुण शर्मा ने सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि नशे के लिए पैसे न मिलने पर 25 जून को आरोपी गुरविंदर सिंह उर्फ गिंदा ने अपनी मां परमजीत कौर (50) और सौतेले छोटे भाई जसविंदर सिंह (20) की रॉड से हत्या कर दी थी। मामले को छिपाने के लिए आरोपी ने भाई के शव को कैथल-खन्नौरी ड्रेन में फेंक दिया था। वहीं, मां के शव को दातर से छोटे-छोटे टुकड़े कर जलाता रहा। घर से धुआं उठने और बदबू आने से आसपास के लोगों को शक हुआ और मामले का खुलासा हुआ। इस हत्याकांड में गुरविंदर सिंह का साथ उसके दो नशेड़ी दोस्तों रजिंदर सिंह उर्फ राजा और रणजीत सिंह उर्फ राणा ने दिया था। यह दोनों भी कांगथला के ही रहने वाले हैं।
बहन के जरिये रजिंदर सिंह उर्फ राजा तक पहुंची पुलिस
एसएसपी ने बताया कि परमजीत कौर की दो शादियां हुई थीं। पहली शादी से गुरविंदर सिंह हुआ था जबकि दूसरी शादी से जसविंदर सिंह। साल 2011 में परमजीत कौर के दूसरे पति की मौत के बाद वह सारी जमीन की देखरेख करती थी।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी गुरविंदर सिंह व रणजीत सिंह उर्फ राणा को पास के गांवों से वारदात का खुलासा होने के कुछ घंटों के अंदर ही काबू कर लिया गया। परंतु रजिंदर सिंह उर्फ राजा को पकड़ने के लिए पुलिस ने रविवार रात काफी दौड़-भाग की। राजा का फोटो हासिल किया और फिर अंबाला में उसकी बहन का पता लगाकर उसके जरिये आरोपी को काबू किया।