डीजे न बजाने पर शराब में धुत युवक ने चलाई गोली, लगने से एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देर रात डीजे न चलाने पर शराब के नशे में धुत युवक ने डीजे वाले की गोली मारकर हत्या कर दी। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया। पुलिस को दी गई शिकायत में गुरसेवक सिंह निवासी कोटईसे खां ने बताया वह डीजे सिस्टम का काम करता है। बीती 30 नवंबर की शाम को वह निरवैर सिंह निवासी मस्तेवाला की शादी समारोह में डीजे सिस्टम लेकर गया था।
उसके साथ उसका भतीजा (ताया का पौत्र) करन सिंह (18) भी था। रात करीब 10 बजे तक डीजे सिस्टम चलता रहा। इस दौरान कई लोग वहां हवाई फायरिंग कर रहे थे। देर रात उसने डीजे सिस्टम बंद करने की बात कही। इस पर शादी समारोह में शामिल सुखदीप सिंह निवासी गांव धर्मसिंह वाला ने उनका विरोध शुरू कर दिया।
उसने अपनी 12 बोर की दोनाली से पहले हवाई फायरिंग की, फिर सीधे करन पर फायर कर दिया। छाती पर गोली लगने से करन वहीं गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी करन को अस्पताल ले जाने के बजाय समझौते के लिए दबाव बनाते रहे। इस कारण गोली लगने के काफी देर बाद उसे कोटईसे खां के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। गुरसेवक का आरोप है कि गोली लगने के करीब डेढ़ घंटे बाद करन का इलाज शुरू हुआ। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीजे चलने के दौरान भी कर रहे थे हवाई फायरिंग
शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी सुखदीप सिंह के पास 12 बोर, मेजर सिंह निवासी मस्तेवाला के पास 12 बोर, सरनप्रीत सिंह निवासी सैदेशाह वाला के पास 315 बोर की राइफल, सुखचैन सिंह निवासी मस्तेवाला के पास पिस्तौल और जगरूप सिंह निवासी मल्लूबाडिया खाली हाथ था। ये लोग डीजे चलने के दौरान हवाई फायरिंग कर रहे थे। करन को गोली लगने के बाद आरोपी फरार हो गए। थाना कोटइसे खां में पुलिस ने पांचों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया।
आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम न कराने पर अड़ा परिवार
सिविल अस्पताल में करन सिंह का शव रखा गया है। मृतक के परिवार का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नही हो जाती, तब तक वह करन का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। वहीं, डीएसपी धर्मकोट यादविंदर सिंह बाजवा का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धरपकड़ जारी है।
यह तो नहीं बता सकते की समारोह के दौरान कितनी गोलियां चलाई गईं। मौके से 12 बोर के 13 खोल, 9 एमएम पिस्टल के 8 खोल और 315 बोर के 2 खोल मिले हैं। - अमरजीत सिंह, एसएचओ, कोटईसे खां