पंजाब में धमाका: डेढ़ किमी दूर तक सुनाई दी आवाज, एक युवक की मौत, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
पंजाब के जलालाबाद में एक बाइक में जोरदार धमाके के बाद एक युवक की मौत हो गई। सुरक्षा एजेंसियां इस धमाके की कई एंगल से जांच कर रही हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच जांच की। वहीं पुलिस ने पाकिस्तान सीमा पर बसे गांव चांदी वाला में दबिश दी। पुलिस फरार सुक्खा की तलाश में है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के जलालाबाद में टिफिन बम से धमाका होने की आशंका जाहिर की जा रही है। विस्फोट के बाद लगभग डेढ़ किलोमीटर दूरी तक धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाके के बाद बाइक सवार बलविंदर सिंह निवासी सीमांत गांव निहंग के झुग्गे वाला, जिला फिरोजपुर लगभग 15 फुट ऊपर उछल कर नीचे जमीन पर गिरा था, जिसकी फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में मौत हो चुकी है।
वारदात स्थल से पुलिस को एक बाइक और मिली है, जो असल में बलविंदर की है, जिस बाइक पर बलविंदर सवार था, वह बाइक उसके बुआ के बेटे सुक्खा सिंह निवासी सीमांत गांव चांदी वाला, जिला फिरोजपुर की है, जो धमाके के बाद वहां से भाग गया। गुरुवार सुबह 11 बजे फाजिल्का पुलिस ने चांदीवाला में दबिश देकर सुक्खा के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई है। जानकारों का कहना है कि बलविंदर और सुक्खा पर कथित तौर पर बीएसएफ जी ब्रांच की निगाहें थीं। दोनों सरहद से सटे गांवों में रहते हैं और इनकी गतिविधियां संदिग्ध थीं।
यह भी पढ़ें- आतंकी हमले की आशंका: पठानकोट में रेड अलर्ट, हिमाचल प्रदेश व जम्मू की सीमाएं सील, वाहनों की गहन जांच जारी
खुफिया सूत्रों के अनुसार भारत-पाक हुसैनीवाला बार्डर से सटे गांवों में रहने वाले कई तस्करों ने तस्करी के लिए जलालाबाद से सटी सरहद वाले क्षेत्र को चुना है, जो तस्करी के लिए सुरक्षित है। यहां से कई बार हेरोइन व असलहा की खेप लाई जा चुकी हैं, पकड़े गए तस्करों की निशानदेही पर पुलिस ने जलालाबाद क्षेत्र से सटी सरहद से हेरोइन की खेप भी बरामद की है।
पुलिस बलविंदर और सुक्खा के बारे में इसी तस्करी के संबंध में जांच कर रही है। कुछ दिन पहले जलालाबाद पुलिस ने फिरोजपुर की सीमांत वकीला वाली बस्ती निवासी दिलमोहनदीप सिंह समेत तीन तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया था और यह बात भी कही थी कि ये लोग जलालाबाद से सटी सरहद से हेरोइन व असलहा की तस्करी करते हैं। हाल में पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के माध्यम से तरनतारन, अमृतसर व गुरदासपुर क्षेत्र में हैंड ग्रेनेड फेंके जा चुके हैं। पंजाब में लगभग एक माह के भीतर विस्फोट की यह दूसरी घटना है। इससे पूर्व आठ अगस्त को अमृतसर जिले के अजनाला में तेल टैंकर में धमाका हुआ था।
उधर, आईजी फिरोजपुर जतिंदर सिंह औलख समेत कई अधिकारियों ने भी मौके का दौरा किया। फाजिल्का के एसएसपी दीपक हिलोरी का कहना है कि अभी इस संबंध में कुछ भी कह पाना जल्दबाजी होगी। सुरक्षा एजेंसियां मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां मृतक बलविंदर के गांव में सक्रिय हो गई हैं। पुलिस इस पहलू पर भी तहकीकात कर रही है कि कहीं पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई उक्त तस्करों के माध्यम से आतंकी गतिविधियां तो नहीं करवा रही है। वहीं, एनआईए के अलावा सीआईडी और आर्मी इंटेलिजेंस भी इनपुट जुटाने में लगी हैं।
यह भी पढ़ें- कामयाबी: फिरोजपुर में हेरोइन के साथ एक को पकड़ा, व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में था आरोपी
बलविंदर की कॉल डिटेल की जांच शुरू
सुरक्षा एजेंसियों ने विस्फोट वाली जगह से बलविंदर के मिले मोबाइल की कॉल डिटेल की जांच शुरू कर दी है। बलविंदर ने किन-किन लोगों से बातचीत की है, उन लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। व्हाट्सएप के माध्यम से हुई बातचीत की भी डिटेल निकाली जा रही है। पुलिस सुक्खा की तलाश में जुटी है।
विस्फोट के बाद से सुक्खा वारदात स्थल से ही फरार है। सुक्खा के फरार होने से यह आशंका जाहिर हो रही है कि यह विस्फोट कोई विस्फोटक सामग्री से ही हुआ है। सुक्खा का वहां से भागना ही टिफिन बम होने की आशंका पैदा करता है। सुरक्षा एजेंसियां इस ब्लास्ट को टिफिन बम से जोड़कर भी देख रही हैं। मोहाली से आई फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से कई सबूत जुटाए हैं।