चंडीगढ़ में वारदात कर भाग रहे लुटेरे की हत्या, पुलिस बोली- आपसी विवाद में साथियों ने ही मारी गोली
- शरीर में लगी थीं दो गोलियां, कार के पास पड़ा मिला शव
- चंडीगढ़ में सराफ की दुकान में घुसकर की थी लूट की कोशिश
- सराफ बंधुओं ने दिखाई दिलेरी तो बदमाशों ने चलाईं गोलियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ के सेक्टर 23 में सराफ को लूटने में नाकाम रहे चार लुटेरों में से एक की मोहाली में हत्या हो गई। उसके शरीर में दो गोलियां मारी गई थीं। मोहाली पुलिस का दावा है कि कार में भागते समय आपसी विवाद के बाद उसके साथियों ने ही हत्या की और फरार हो गए। इन बदमाशों का एक साथी चंडीगढ़ पुलिस की हिरासत में है।
बुधवार दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-23 स्थित श्री गोल्ड टेस्टिंग दुकान में सोना बेचने के बहाने घुसे तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े तीन गोलियां चलाकर लूट की कोशिश की। हालांकि सराफ बंधुओं की होशियारी से वे अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। लुटेरों ने भागते समय एक सर्राफ को गोली मार दी। सर्राफ को चंडीगढ़ के जीएमएचएस-16 में उपचार के लिए ले जाया गया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एक बदमाश को चंडीगढ़ पुलिस ने दबोच लिया था। जबकि तीन बदमाश कार से फरार होने में कामयाब हो गए थे। इनकी करतूत सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई थी। फरार होने में कामयाब हुए तीन बदमाशों में से एक की हत्या कर दी गई। उसका शव मोहाली के गांव संभालकी के पास मिला। शव को कार के पास ही फेंक दोनों साथी लुटेरे फरार हो गए।
संभवत: यह वही लुटेरा है, जिसे सराफ ने दबोच लिया था। इस कारण ही लूट नाकाम हो गई थी। हत्या कार में ही की गई थी। घटना के बाद एसएसपी सतिंदर सिंह सहित तमाम आला अधिकारी रात 8: 30 बजे मौके पर पहुंचे। मोहाली पुलिस आज इस मामले में आधिकारिक खुलासा करेगी।
मोहाली के एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया कि गांव संभालकी के पास जो शव मिला है, वह मनीमाजरा निवासी जसप्रीत सिंह का है। जसप्रीत सिंह चंडीगढ़ में सराफ को लूटने की कोशिश में शामिल था। इसका सुबूत वहां की सीसीटीवी फुटेज से मिलता है। जिस सफेद रंग की कार के पास उसका शव मिला, वह कार जसप्रीत सिंह की मां के नाम पर पंजीकृत है। जसप्रीत सिंह को दो गोलियां मारी गई हैं। जानकारी के मुताबिक ये बदमाश सेक्टर- 23 में वारदात को अंजाम देने में विफल होने के बाद सेक्टर-24 की तरफ से होते हुए मोहाली की ओर फरार हुए थे।
सराफ बंधुओं की दिलेरी के कारण लुटेरों को भागना पड़ा
चंडीगढ़ में इन बदमाशों ने वारदात बुधवार दोपहर बाद करीब 3.15 बजे की है। सेक्टर-23 मार्केट के एससीओ नंबर 40 में श्री गोल्ड टेस्टिंग के नाम से आभूषण की दुकान है। सेक्टर-35/डी निवासी दुकान मालिक संजय और उनके भाई दादा देवगन बैठे थे। इसी बीच सोना बेचने के बहाने तीन बदमाश दुकान में घुसे और पिस्टल तानकर सारा सोना एक बैग में डालने को कहा।
दादा देवगन ने विरोध किया तो उनमें से एक ने दादा पर फायरिंग कर दी, जो उनके कंधे को जख्मी करते निकली। इस दौरान दादा के भाई संजय ने एक लुटेरे को पकड़ लिया लेकिन वह धक्का देकर अपने दो अन्य साथियों के साथ दो और फायर कर फरार हो गया। इस दौरान दुकान के बाहर सड़क पर कुछ नोट बिखर गए। सूचना पर एसपी सिटी विनीत कुमार, सेक्टर-17 थाना प्रभारी रामरतन समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रयास, लूट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल से दो खोल और एक कारतूस मिला। इसके अलावा आरोपी सीसीटीवी में भी कैद हो गए। दो लुटेरों के हाथ में पिस्टल नजर आ रही है।
सेक्टर-15 निवासी युवक के साथ गए थे आरोपी
चंडीगढ़ पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि तीनों बदमाश सेक्टर-15 निवासी रोहित के साथ फरार हुए हैं। थाना प्रभारी राम रतन शर्मा की टीम ने सेक्टर-15 से रोहित को हिरासत में ले लिया। रोहित ने बताया कि किसी जानकार के जरिए बदमाशों से उसका संपर्क हुआ था। उन्हें सोना बेचना था तो वह तीनों को लेकर उक्त दुकान पर पहुंचा था लेकिन वह अंदर नहीं गया और इसी बीच आरोपियों ने फायरिंग कर दी। इससे घबराकर वह भाग आया।