पंजाब में हादसों का शुक्रवार, अलग-अलग रोड एक्सीडेंट में 3 लोगों की मौत, कई हुए घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में 3 लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए। पहली घटना बठिंडा के मानसा में नेशनल हाईवे स्थित लिबर्टी चौक के पास हुआ। यहां एक बस ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। इससे एक्टिवा सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। घायल को स्थानीय लोगों ने प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। थाना सिविल लाइन पुलिस बस चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मृतक की पहचान गुरभाग सिंह और घायल की पहचान हिमांशु शर्मा निवासी अबोहर के तौर पर हुई है। घायल हिमांशु शर्मा ने बताया कि उनका परिचित बठिंडा के एक अस्पताल में दाखिल था। वह अपने दोस्त गुरभाग सिंह के साथ उसका हाल लेने के लिए गुरुवार को बठिंडा आया था। इसी दौरान वग और उसका दोस्त अपने जानने वालों की एक्टिवा लेकर शहर गए थे। लौटते वक्त लिबर्टी चौक के पास प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी।
वहीं दूसरी घटना मोगा के धर्मकोट की है। यहां जालंधर बाईपास के पास हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। थाना धर्मकोट के सहायक थानेदार अमरजीत सिंह ने बताया कि जगतार सिंह (35) निवासी धर्मकोट सर्विस स्टेशन का काम करता था। देर शाम वह बाइक पर अपनी माता के लिए दवा लेने दुकान पर जा रहा था। पीछे से आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक के पिता गुरवंत सिंह के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।
सेम नाले में गिरा ट्रैक्टर, चालक की मौत
फाजिल्का के गांव नवां सलेमशाह में गुरुवार की रात सेम नाले में ट्रैक्टर गिर गया। ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की मौत हो गई। थाना सदर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि बलविंद्र सिंह गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत में काम करने गया था। रात नौ बजे तक जब वह घर नहीं लौटा।
इस पर उन्होंने बलविंद्र सिंह की तलाश शुरू की। इस दौरान लोगों ने ट्रैक्टर सेम नाले में गिरा देखा। ट्रैक्टर के नीचे दबने से बलविंद्र सिंह की मौत हो गई। मृतक की पत्नी संतो बाई ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी की शादी दिसंबर में होने वाली है। सदर थाना पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई करने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया।
लावारिस पशु के चलते दो कारें भिड़ीं, आठ जख्मी
वहीं फिरोजपुर में तलवंडी रोड के नजदीक शुक्रवार सुबह लावारिस पशु से टकरा कर बेकाबू कार दूसरी कार से भिड़ गई। हादसे में दोनों कारों में सवार आठ लोग जख्मी हो गए। जख्मियों को नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया गया। वाघा पुराना जिला मोगा निवासी सिमरजीत सिंह आई-20 कार पर सवार होकर अमृतसर से मोगा की तरफ जा रहे थे।
जीरा के पेट्रोल पंप के पास अचानक लावारिस पशु कार से टकरा गया। इससे कार अनियंत्रित होकर गलत साइड पर चली गई और जीरा की तरफ से आ रही स्विफ्ट कार से टकरा गई। इससे दोनों कारों में सवार आठ लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गई। जीरा अस्पताल के डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर घायलों को फरीदकोट के मेडिकल कालेज में रेफर किया है।