दुबई के नाम पर भेजा विदेश, बगदाद में बंधक बनी पंजाब की बेटी, फोन पर बयां की आपबीती
दुबई में नौकरी का झांसा देकर ट्रैवल एजेंट ने एक युवती को भेज दिया। युवती को बगदाद में बंधक बनाकर रखा गया है। वहां उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। युवती ने फोन पर इसकी जानकारी परिजनों को दी। थाना सुल्तानपुर लोधी में आरोपी ट्रैवल एजेंट के खिलाफ मानव तस्करी का मामला दर्ज करके गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसके पांच बच्चे हैं। उनमें से दो लड़कियों की शादी हो चुकी है। सबसे बड़े बेटे की बचपन में ही मौत हो गई थी। घर की गरीबी के कारण उनकी 23 वर्षीय छोटी बेटी विदेश जाना चाहती थी। उसने अपने जानकार ट्रैवल एजेंट राकेश कुमार निवासी सिंहपुर थाना मेहरपुर जालंधर से बात की।
उसने कहा कि वह बेटी को दो साल के वर्क परमिट पर दुबई भेज देगा। वहां वह घर का काम करके 1000 से 1200 दिरहम कमा लेगी। इस पर 60 हजार रुपये का खर्च आएगा। इस पर उसने उससे कहा कि उसके पास तो पैसे नहीं है अगर वह बेटी को दुबई भेज दे तो वह कमाकर सारे पैसे अदा कर देगी।
इस पर राकेश कुमार मान गया। 10 जुलाई की दोपहर को राकेश कुमार उनके घर आया और बेटी का पासपोर्ट व दो फोटो लेकर जाते समय बोला कि 10-12 दिन में वीजा लग जाएगा। 15 जुलाई की रात 10 बजे उसका फोन आया कि वीजा लग गया है और उसने 17 जुलाई की टिकट बुक करवा दी है। इस पर उसका दामाद 16 जुलाई को एजेंट राकेश कुमार के नकोदर दफ्तर से पासपोर्ट ले आया था और वीजा व टिकट बेटी के मोबाइल पर व्हाट्सएप कर दी।
17 जुलाई को शाम सवा सात बजे बेटी की अमृतसर से दुबई की फ्लाइट करवा दी। दुबई में राकेश के किसी खान नाम के व्यक्ति ने उनकी लड़की को रिसीव करके उन्हें बता दिया। महिला ने बताया कि 27 जुलाई को बेटी ने फोन पर उन्हें बताया कि उसे बगदाद में एक कमरे में बांधकर रखा गया है। उसे खाना भी नहीं दिया जा रहा।
इस पर वह गांव की पंचायत को साथ लेकर जब सिंघपुर गए तो वह धमकियां देने लगा। डीएसपी सरवन सिंह बल ने बताया कि आरोपी एजेंट के खिलाफ मानव तस्करी का केस दर्ज करके गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।