दो बड़ी वारदातें: फिल्लौर में तीन लाख रुपये की लूट, पटियाला में बुजुर्ग से 3.50 लाख की नगदी से भरा बैग छीना
फिल्लौर में पेट्रोल पंप मालिक के भाई और मैनेजर से नगदी लूटी। आरोपियों ने आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर वारदात को अंजाम दिया। उधर, पटियाला में बुजुर्ग बैंक एंजेट के कंधे पर लटका नगदी से भरा बैग पीछे से आए बाइक सवार झपटमारों ने छीन लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जालंधर के फिल्लौर में चार लुटेरों ने पेट्रोल पंप मालिक के भाई व मैनेजर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 2.90 लाख रुपये लूट लिए। लुटेरों ने मारपीट भी की और फिर नगदी लेकर भाग निकले। वारदात का पता चलते ही फिल्लौर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पेट्रोल पंप के मैनेजर राकेश ने बताया कि वह मालिक के भाई कुलदीप सिंह के साथ रोज की तरह नगदी जमा करवाने बाइक पर कैपिटल बैंक जा रहा था। इसी बीच रास्ते में बाइक पर दो लुटेरे आए और उनकी आंख में मिर्च पाउडर झोंक दिया। जिससे वह बाइक समेत गिर पड़े। इसके बाद उनके दो और साथी आ गए फिर चारों ने मिलकर उन्हें बुरी तरह पीटा। इसके बाद नगदी लेकर भाग निकले। पीड़ितों ने पुलिस को आरोपियों के हुलिए भी बताए। आसपास लगे सीसीटीवी के जरिये लुटेरों का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है। एसपी मनप्रीत सिंह का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
बुजुर्ग बैंक एजेंट से 3.50 लाख रुपये छीनकर झपटमार भागे
उधर, पटियाला में सरहिंद रोड पर सोमवार को सुबह एक निजी होटल के सामने एक्टिवा सवार बैंक के एक एजेंट से मोटरसाइकिल सवार दो झपटमारों ने 3.50 लाख की नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। खबर लिखे जाने तक थाना अनाज मंडी पुलिस केस दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी थी।
थाना अनाज मंडी से पुलिस मुलाजिम हरजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि सुबह करीब सवा 11 बजे एजेंट अशोक कुमार रोजाना की तरह दुकानदारों से नगदी लेकर सरहिंद रोड पर स्थित सेंट्रल बैंक में एक्टिवा पर जा रहा था। पीड़ित ने बैग अपने कंधे पर लटका रखा था। बैग में नगदी के अलावा बैंक की कॉपियां, कागजात भी थे।
इसी बीच सरहिंद रोड पर एक होटल के सामने पीछे से मोटरसाइकिल सवार दो झपटमार पहुंचे। इनमें पीछे बैठे व्यक्ति ने बैग छीन लिया और दोनों मौके से फरार हो गए। इस दौरान 60 साल के अशोक कुमार का संतुलन बिगड़ गया और नीचे गिरने से चोटिल हो गए। सूचना के बाद पुलिस व सीआईए स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने चेहरे ढक रखे थे। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। केस दर्ज कर लिया गया है।
करीब चार साल पहले भी एजेंट से 65 हजार की हुई थी लूट: पुलिस
थाना इंचार्ज के मुताबिक बुजुर्ग एजेंट से करीब चार साल पहले भी थाना अनाज मंडी के अंतर्गत गुरुद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब के नजदीक लूट की वारदात हो चुकी है। उस समय बुजुर्ग चौक की लाइट पर खड़ा था और एक महिला उसके बैग से करीब 65 हजार रुपये निकाल कर फरार हो गई थी। इसके अलावा बस स्टैंड के नजदीक फ्लाईओवर पर भी उनके सिर पर डंडा मारकर लूटने की कोशिश की गई थी।