अपनी शादी पर पहली बार युवराज का बड़ा खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ल्ड कप में टीम इंडिया में शामिल होने की अटकलों के बीच क्रिकेटर युवराज का शादी को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। वर्ल्ड कैंसर डे पर फोर्टिस के कैंसर पीड़ितों से मिलने आए युवराज ने एक सवाल के जवाब में अपनी शादी पर बात की।
जब उनसे पटियाला के एक व्यक्ति ने सवाल पूछा कि क्या आप कैंसर सर्वाइवर लड़की से शादी करेंगे तो युवराज बोले, हां जरूर, मुझे क्या परेशानी होगी। मैं भी तो कैंसर सर्वाइवर हूं।
युवराज का ये जवाब सुनते ही सभी ने तालियां बजाकर इसका स्वागत किया। पंचकूला में सेक्टर-5 स्थित बेला विस्टा में हुए कार्यक्रम में युवराज कैंसर पीड़ितों और उनके परिवार के सदस्यों की हिम्मत बढ़ाने पहुंचे थे।
युवराज खुद भी कैंसर को हरा चुके हैं। कार्यक्रम में 13 कैंसर पीड़ित शामिल हुए। युवराज से एक प्रशंसक ने कहा कि क्रिकेट स्टाइल में कैंसर को भगाने की प्रेरणा दें। इस पर युवराज ने कहा कि हिम्मत के साथ आगे बढ़ो, दो सिक्सर लगाओ और कैंसर को भगाओ।
मरीजों की दास्तां सुन भावुक हुए युवराज
कई पीड़ितों के सवाल और उनकी आपबीती सुनकर युवराज भावुक हुए। एक कैंसर पीड़ित के सवाल के जवाब में युवी ने कहा कि मुझे कैंसर का पता चला तो पहले विश्वास नहीं हुआ। इसे एक्सेप्ट करने में वक्त लगा, लेकिन इस मुश्किल घड़ी में मां हिम्मत बनी और रास्ते खुद-ब-खुद आसान होते चले गए।
इस मौके पर मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) जेएस कंग ने भी कैंसर को पछाड़ने की अपनी दास्तां सुनाई। कंग मुंबई के होटल ताज के जनरल मैनेजर करनबीर सिंह के पिता हैं। उन्होंने 26/11 में अपनी पत्नी व दो बेटों को गंवाया है। कार्यक्रम का आयोजन उदय फाउंडेशन के सहयोग से किया गया।
कैंसर पीड़ितों ने कहा, एक सेल्फी हो जाए
कार्यक्रम समाप्त होने पर युवराज को कैंसर पीड़ितों और उनके तीमारदारों ने घेर लिया। सबने कहा एक सेल्फी हो जाए। युवराज हंसने लगे। युवराज ने सबके हाथ से मोबाइल फोन लेकर सेल्फी ली। उसके बाद सबने युवराज के साथ तस्वीरें खिंचवाई।