पंजाब: कोरोना से आठ और लोगों की मौत, 411 नए पॉजिटिव मिले, 15 बीएसएफ जवान भी संक्रमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में सोमवार को कोरोना से आठ और लोगों की मौत के साथ सूबे में इस महामारी से मरने वालों की संख्या 262 तक पहुंच गई है। बीते पांच दिनों से राज्य में प्रतिदिन आठ या इससे अधिक कोरोना मरीजों की मौत दर्ज की जा रही है। सोमवार को गुरदासपुर में 2 और मोगा, लुधियाना, संगरूर, पठानकोट, अमृतसर और मोहाली में 1-1 मरीज की मौत हुई। राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना के 411 नए मामले भी दर्ज किए गए हैं।
3130 मरीज आइसोलेशन वार्ड में
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सोमवार को सामने आए 411 केसों में से 186 मरीज ऐसे हैं जो पहले से पॉजिटिव पाए गए मरीजों के करीबी हैं। राज्य में अब तक 466057 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। इस समय राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 3130 मरीजों को आइसोलेशन वार्डों में रखा गया है, जिनमें से 58 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 10 मरीज वेंटिलेटर पर हैं।
7118 मरीज हो चुके हैं ठीक
इस बीच, सोमवार को 583 मरीजों को स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई। इसके साथ ही राज्य में कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या 7118 हो गई है। सोमवार को जो मरीज ठीक हुए, उनमें लुधियाना के 144, जालंधर के 155, अमृतसर के 32, पटियाला के 51, संगरूर के 19, मोहाली के 22, गुरदासपुर के 12, नवांशहर के 37, होशियारपुर के 7, तरनतारन, मोगा व मुक्तसर के 4-4, फतेहगढ़ साहिब के 19, फरीदकोट के 22, बठिंडा के 11, रोपड़ के 31, कपूरथला के 7 और फाजिल्का के 2 मरीज शामिल हैं।
जेलों में कोविड से निपटने को बनाई तीन आयामी रणनीति
पंजाब जेल विभाग ने राज्य की जेलों में कोरोना संकट से निपटने को तीन आयामी रणनीति बनाई है। इस रणनीति में रोकथाम, स्क्रीनिंग, जांच और इलाज तथा फैलाव को रोकना शामिल है। राज्य स्तर की निगरानी टीम और जिला स्तरीय निगरानी टीमें पहले ही गठित कर दी गई ताकि जमीनी स्तर पर स्टाफ और कैदियों को रोजमर्रा के कामों में पेश आ रही मुश्किलों का हल करने में मदद की जा सकेगी।
पंजाब की जेलों में तकरीबन 70 कैदी पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि अब तक के नतीजों के मुताबिक, जेलों के अंदर कोई भी कैदी किसी कोविड मरीज के संपर्क में आया नहीं लग रहा लेकिन फिर भी नए दाखिल कैदी की जांच भी की जा रही है कि वह किसी कोरोना मरीज के संपर्क में तो नहीं आया। जेलों में 19 जुलाई से कैदियों की रैंडम टेस्टिंग शुरू हो चुकी है। नतीजे के तौर पर 5479 कैदियों की जांच की जा चुकी है और 4287 कैदियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है और बाकी कैदियों की रिपोर्ट आना बाकी है।
इसके अलावा कोविड का टेस्ट करवाने के बाद ही सभी नए कैदियों को दाखिल करने के लिए 6 विशेष जेलें (बठिंडा, बरनाला, पट्टी, पठानकोट, लुधियाना, महिला जेल लुधियाना) बनाईं गई हैं। विशेष जेलों में 14 दिनों के लिए एकांतवास में रहने के बाद उनकी दोबारा जांच की जाती है और रिपोर्ट नेगेटिव आने पर नियमित जेलों में भेजा जाता है।
2365 रैपिड एंटीजन टेस्ट हुए, 197 की रिपोर्ट पॉजिटिव: सिद्धू
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के निर्देशों पर जालंधर, अमृतसर, पटियाला, लुधियाना और एसएएस नगर में रैपिड एंटीजन जांच शुरू की गई है। स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने बताया कि इन जिलों में अब तक 2365 रैपिड एंटीजन टेस्ट करवाए गए हैं। इनमें से 197 पॉजिटिव और 2168 टेस्ट निगेटिव आए हैं। तीन और जिलों कपूरथला, फतेहगढ़ साहिब और रोपड़ को हिदायत दी गई है कि वे टेस्टिंग प्रक्रिया को तेजी से शुरू करें।
लुधियाना में कोरोना संक्रमण के 86 नए मामले, दो की मौत
लुधियाना में सोमवार कोरोना संक्रमण के 86 नए मामले सामने आए। जबकि एक महिला समेत दो लोगों की मौत हुई है। जिला लुधियाना में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 1981 पहुंच गई है, जबकि 48 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने बताया कि सोमवार को लुधियाना में कुल 86 नए मामले आए हैं। इसमें 79 मामले लुधियाना और सात मामले अन्य जिलों से हैं।
मोगा निवासी एक 66 वर्षीय महिला का इलाज फोर्टिस लुधियाना में चल रहा था, जो कोरोना संक्रमित होने के साथ शुगर व अन्य बीमारियों से पीड़ित थी, उसकी मौत हो गई है। इसी तरह जनकपुरी निवासी 35 वर्षीय व्यक्ति कैंसर के साथ कोरोना संक्रमित था, उसकी ओसवाल अस्पताल में मौत हो गई है।
बटाला के कोरोना संक्रमित और संदिग्ध मरीज की अमृतसर में मौत
बटाला के रहने वाले एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा एक अन्य कोरोना के संदिग्ध मरीज की मौत हुई है। दोनों बटाला के थे। इसकी पुष्टि करते हुए बटाला के सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजीव भल्ला ने बताया कि 55 वर्षीय कोरोना से संक्रमित व्यक्ति जो बटाला के कपूरी गेट का रहने वाला था, उसकी मौत हो गई है। दूसरा 61 वर्षीय कोरोना का संदिग्ध मरीज की भी मौत हो गई है। दोनों का इलाज अमृतसर में चल रहा था।
मोगा निवासी महिला की लुधियाना में मौत, 18 नए पॉजिटिव केस
सोमवार को करोना से मोगा निवासी 66 वर्षीय महिला की लुधियाना में मौत हो गई। वहीं 18 अन्य लोग करोना की चपेट में आए हैं। सिविल सर्जन डॉ. अमरप्रीत कौर बाजवा ने बताया कि बाघापुराना के गांव जीटीबी गढ़ (रोडे) निवासी 66 वर्षीय हार्ट पेशेंट महिला पांच जुलाई को लुधियाना के एक अस्पताल में भर्ती हुई।
20 जुलाई को पॉजिटिव आ गई और वहीं हालत ज्यादा बिगड़ने पर मौत हो गई। इसके अलावा थाना सिटी साउथ का एक हवलदार, थाना मेहना का एक पुलिसकर्मी, बाघापुराना, निहालसिंह वाला, कोटइसे खां से संबंधित गांवों व मोगा शहर से 18 नए लोगों की करोना रिपोर्ट पॉजटिव आई है। जिसके चलते मोगा में अब करोना के एक्टिव केसों की संख्या अब 73 हो गई है। जिसमें से 34 मरीजों को होम और 17 को सरकारी अस्पताल में क्वारंटीन किया गया है। तीन मरीज लुधियाना के अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
रोपड़ की डीसी व उनके परिवार समेत 15 लोग डी-एक्टिव
संक्रमित आई डीसी, उनके छह परिजन और एसडीएम समेत 15 लोग डी-एक्टिव हो गए हैं। यह सभी लोग सात दिन होम क्वारंटीन रहेंगे। सिविल सर्जन डॉ. एचएन शर्मा ने बताया कि नियमों के अनुसार दस दिन बाद पॉजिटिव केस डी-एक्टिव हो जाता है और इसके लिए दोबारा टेस्ट की जरूरत नहीं है। डी-एक्टिव होने के सात दिन बाद मरीज को क्वारंटीन रहना होगा। वहीं एसडीएम तथा तहसीलदार दफ्तर में बंद पब्लिक डीलिंग भी अब शुरू कर दी गई है।
बठिंडा: 29 नए मामले आए सामने
बठिंडा में सोमवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 29 संक्रमित मामले सामने आए। इनमें चार एयरफोर्स स्टेशन से, दो एम्स अस्पताल से और तीन थाना कनाल कालोनी के हैं। संक्रमितों में सात महिलाएं शामिल हैं। वहीं एक कांग्रेसी कार्यकर्ता के पॉजिटिव आने के बाद वित्त मंत्री मनप्रीत बादल का खेल स्टेडियम के पीछे स्थित दफ्तर को सील कर दिया गया।
ट्रैफिक पुलिसकर्मी समेत पांच पॉजिटिव
कपूरथला में लगातार दूसरे दिन पांच कोरोना पॉजिटिव केस आए। इनमें ट्रैफिक पुलिस व बैंककर्मी भी शामिल है। अब स्वास्थ्य विभाग की टीम ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी के संपर्क में आने वाले लोगों समेत तमाम ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के टेस्ट करेगी। सिविल अस्पताल के आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. राजीव भगत के अनुसार सोमवार को आई रिपोर्ट में 52 वर्षीय ट्रैफिक कर्मी संक्रमित पाया गया है।
एक 44 वर्षीय व्यक्ति ग्रामीण बैंक के नजदीक दुकानदार और केसरी बाग का रहने वाला 30 वर्षीय युवक, अमन नगर निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति और गांव नत्थूपुर (टिब्बा) निवासी 47 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
फरीदकोट: गांव बरगाड़ी के आठ व्यक्तियों समेत 12 संक्रमित
फरीदकोट में सोमवार को 12 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें से दो बच्चों समेत आठ मरीज गांव बरगाड़ी के रहने वाले हैं, जबकि 2-2 मरीज फरीदकोट व कोटकपूरा से संबंधित हैं। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि जिले में अब कोरोना के मरीजों की संख्या 211 हो चुकी है, जिनमें से 151 ठीक हो चुके हैं, जबकि 60 केस एक्टिव हैं।
होशियारपुर: 15 बीएसएफ जवानों समेत 27 पॉजिटिव
होशियारपुर में 27 नए कोरोना पॉजिटिव आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 298 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. जसवीर सिंह ने बताया कि वीडीआरएल लैब अमृतसर से प्राप्त 1351 रिपोर्टों में से 27 पॉजिटिव हैं। इनमें से 15 मामले खड़कां कैंप स्थित बीएसएफ सहायक प्रशिक्षण शिविर, 2 दसूहा तहसील, 1 तलवाड़ा, 1 हाजीपुर, 2 गढ़शंकर से, 1 होशियारपुर के एक गांव से और 1 मुकेरियां से है। चार मामले होशियारपुर शहर से संबंधित हैं। डॉ. जसवीर ने बताया कि सोमवार को संदिग्ध फ्लू जैसे लक्षणों वाले 721 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए। जिले में अब 98 सक्रिय मामले हैं। इनका इलाज कोविड केयर सेंटर में किया जा रहा है। जिले में अब तक 10 मौतें हुई हैं।
फिरोजपुर: एसपी (मुख्यालय) समेत पांच पॉजिटिव
जिले में सोमवार को पंजाब पुलिस के एसपी (मुख्यालय) समेत पांच लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जिले में अब 232 कोरोना पॉजिटिव हैं। इनमें से एक्टिव केस 113 हैं। इनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। फिरोजपुर के एसपी (मुख्यालय) रैंक के अधिकारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद ऑफिस को सील कर दिया गया है। उक्त अधिकारी के संपर्क में आने वाले सभी अधिकारियों और मुलाजिमों के सैंपल लिए जाएंगे।
जालंधर: कोरोना के 22 मरीज मिले, संख्या 1676 पहुंची
जालंधर में सोमवार को कोरोना के 22 नए मरीज मिले। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 1676 पहुंच गई है। इनमें से 32 मरीजों की मौत हो चुकी है। ठीक होकर घर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या 1041 है। जालंधर में कोरोना हर कोने में फैल चुका है और विभाग की तरफ से तेजी से सैंपल लिए जा रहे हैं। लाजपत नगर के बाद मास्टर तारा सिंह नगर में भी कोरोना ने दस्तक दी है। यहां रहने वाले तीन उद्यमी पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें एक मरीज एक अस्पताल में ऑपरेशन करवाने गया था। इससे पहले जांच करवाने पर वह पॉजिटिव पाया गया।
पटियाला में एक की मौत, 65 नए केस
पटियाला अर्बन एस्टेट फेज-दो एरिया के रहने वाले 67 साल के एक बुजुर्ग की कोरोना से फोर्टिस अस्पताल में मौत हो गई, जबकि 65 नए पॉजिटिव केस भी सामने आए। जिले में अब कोविड-19 से मरने वालों का आंकड़ा 16 पहुंच गया है। वहीं संक्रमित केसों की संख्या 1046 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि नए केसों में 40 पटियाला शहर से हैं, जबकि 12 राजपुरा, एक नाभा, एक समाना और 11 अलग-अलग गांवों से हैं।
पठानकोट: एक की मौत, 17 नए संक्रमित
पठानकोट जिले में सोमवार को एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। जबकि, 2 किस्तों में आई 365 लोगों की रिपोर्ट में 17 लोग पॉजिटिव पाए गए। संक्रमितों में सोमवार को मौत का ग्रास बने सुंदरनगर के व्यक्ति के परिवार के 8 लोग हैं। इनमें 5 से 9 साल की 3 बच्चियां भी शामिल हैं।