पंजाब में 33 कोरोना पॉजिटिव मिले, लुधियाना में जीआरपी के 18 जवान संक्रमित, अब तक 223 हुए ठीक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में गुरुवार को 33 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें रेलवे पुलिस के 18 जवान भी शामिल हैं, जो दिल्ली के रहने वाले हैं। इससे पहले भी लुधियाना में आरपीएफ के 14 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। पंजाब में गुरुवार को कोरोना पीड़ितों की संख्या 1939 हो गई है। इनमें लुधियाना में 18 जवानों समेत 21, जालंधर में 7, फाजिल्का में 3, पटियाला और फरीदकोट में 1-1 पाजिटिव केस सामने आए हैं।
राज्य में कोरोना को मात देने वालों की संख्या भी बढ़कर 223 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक 47,408 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 42425 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
इसे भी पढ़ें- पंजाब में कल से सुबह 7 से शाम 6 बजे तक खुलेंगी दुकानें, लुधियाना में छोटे घरेलू उद्योग कर सकेंगे काम
3048 लोगों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 1680 मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 1 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 1 अन्य मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर है। प्रदेश में अब तक कोरोना महामारी के कारण 33 लोगों की मौत हो चुकी है।
कोरोना से जीतने के लिए बढ़ा रहे हैं उत्साह: स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि उनका विभाग सभी जिलों में सामने आ रहे केसों को लेकर पूरी सावधानी से काम कर रहा है। अस्पतालों में मरीजों को अच्छे इलाज के साथ-साथ अच्छी खुराक भी उपलब्ध करा रहे हैं। इसके अलावा मरीजों को कोरोना वायरस पर जीत दर्ज करने के लिए विभिन्न तरीकों से उत्साहित भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भी हर जिले से संबंधित केसों के बारे में निरंतर जानकारी ले रहे हैं।
लुधियाना में 21 नए केस, कुल संख्या 143
लुधियाना में गुरुवार को कोरोना के 21 नए मामले सामने आए। इसमें तीन केस लुधियाना के हैं, जबकि 18 आरपीएफ कर्मचारी दिल्ली के हैं। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 143 हो गई है। आरपीएफ के मुलाजिम दिल्ली के हैं, इसलिए उन्हें लुधियाना में काउंट नहीं किया गया है। इसकी पुष्टि सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने की है।
जानकारी के अनुसार लुधियाना की एक टायर कंपनी में कोरोना संक्रमण की श्रंखला शुरू हो गई। गुरुवार तक दस लोग शिकार बन चुके हैं। अभी तक जितने भी कर्मचारी संक्रमित पाए गए है, वह सभी एडमिन ब्लॉक में काम करते थे। गुरुवार को कोरोना संक्रमित कर्मचारी की 50 वर्षीय पत्नी भी पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग अब सभी कर्मचारियों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी एकत्र कर रहा है।
वहीं गुरुवार को आरपीएफ में तैनात 18 कर्मचारी संक्रमित मिले। इससे पहले आरपीएफ के 14 जवान संक्रमित हो चुके हैं। प्रवासी मजदूरों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने श्रमिक एक्सप्रेस सेवा शुरू की थी। उस समय दिल्ली से आरपीएफ के 40 जवानों को बुलाया गया था। इसमें अभी तक 32 जवान संक्रमित आ चुके है। इनके अलावा गुरुवार को गांव ललतो कलां निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग और अंबेडकर नगर निवासी एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है।
जालंधर: किडनी अस्पताल के एक और डॉक्टर समेत कोरोना के सात नए मामले
जालंधर में गुरुवार को कोरोना के सात मरीज पॉजिटिव आने से अब संख्या 208 तक पहुंच गई है। गुरुवार को जो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए, उनमें किडनी अस्पताल का चिकित्सक भी शामिल है। किडनी अस्पताल का एक चिकित्सक पहले ही संक्रमित मिला था। जिसके बाद उनके संपर्क में आने वाले एक और डॉक्टर और कर्मचारी संक्रमित मिले। किडनी अस्पताल के स्टाफ के बाकी सदस्यों के सैंपल जांच को भेजे गए हैं।
वहीं चार मरीज काजी मोहल्ला से मिले हैं, जो पॉजिटिव के संपर्क में थे। इस पॉजिटिव की पीजीआई में मौत हो गई थी। वह किडनी रोग से ग्रस्त था और कोरोना संक्रमित हो गया था। उसके संपर्क में आने वाले चारों मरीजों को आइसोलेट कर दिया गया है। वहीं एक मरीज ईश्वर कालोनी धीना का संक्रमित मिला है। राहत की बात यह है कि जिले में आठ मरीजों ने गुरुवार को कोरोना पर जीत हासिल की।
तरनतारन में चार ने जीती कोरोना से जंग
तरनतारन के चार मरीजों ने कोरोना को मात दे दी है। गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ. अनूप कुमार और एसडीएम रजनीश अरोड़ा ने इन चारों मरीजों को बुके और मेडिकल किट देकर सम्मानित किया। मरीजों ने जयकारे लगाते हुए कोरोना पर जीत का जश्न मनाया।
मुक्तसर में चार मरीज कोरोना से मुक्त
मुक्तसर में कोरोना पॉजिटिव चार लोग ठीक हो गए हैं। वहीं पिछले करीब चार-पांच दिन से कोई भी नया पॉजिटिव केस नहीं आया है। अब जिले में 62 पॉजिटिव हैं। सिविल सर्जन डॉ. हरि नारायण सिंह ने बताया कि गुरुवार को आई रिपोर्ट में 46 और मरीज निगेटिव मिले हैं। जबकि आज 62 नए लोगों के सैंपल जांच को भेजे हैं।
फरीदकोट: महिला श्रद्धालु को मिली अस्पताल से छुट्टी
श्री गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल से गुरुवार को 55 वर्षीय एक महिला श्रद्धालु को निगेटिव रिपोर्ट आने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इससे फरीदकोट में एक्टिव मरीजों की संख्या 41 रह गई है, जिनमें से एक डीएमसी लुधियाना में उपचाराधीन है। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि गुरुवार को सभी 82 रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। वहीं फरीदकोट में फंसे यूपी के 173 लोगों को छह बसों के माध्यम से फिरोजपुर रेलवे स्टेशन भेजा गया, जहां से वह गुरुवार शाम 7 बजे कानपुर जाने वाले विशेष ट्रेन से अपने प्रदेश लौट जाएंगे।
पटियाला में एक पॉजिटिव, 19 ने कोरोना को दी मात
सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल 19 और मरीजों ने गुरुवार को कोरोना को मात दे दी। इनमें 18 राजपुरा के और एक मरीज पटियाला के सफाबादी गेट एरिया का रहने वाला है। सभी को राजिंदरा अस्पताल से डिस्चार्ज करके घर भेज दिया गया।
वहीं गुरुवार को एक नया कोरोना पॉजिटिव केस भी सामने आया। यह मजनू का टीला से आया यात्री है, जो राजपुरा इलाके से संबंधित है। जबकि 102 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव रही है। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि इस समय जिले में एक्टिव केसों की संख्या 58 है।