पंजाब में कोरोना से 25वीं मौत, 219 नए मामले, गैंगस्टर भगवानपुरिया भी संक्रमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में कोरोना वायरस ने मंगलवार को 25वीं बलि ले ली। होशियारपुर में एक कोरोना पीड़ित ने दम तोड़ दिया। पंजाब में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 219 नए पॉजिटिव केस भी सामने आ गए। इस तरह सूबे में कोविड-19 से पीड़ितों की संख्या बढ़कर 1451 हो गई है। इसी दौरान, पांच मरीजों, पटियाला (4) और पठानकोट (1) के ठीक होने से साथ ही राज्य में कोरोना पर फतेह हासिल करने वालों की संख्या भी 133 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मंगलवार को गुरदासपुर (48), तरनतारन (47), फाजिल्का (34), फरीदकोट (27), संगरूर (22), मुक्तसर (15), लुधियाना (14), जालंधर (6), कपूरथला (5) और पटियाला में (1) पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। इनमें जालंधर में 3, गुरदासपुर में 43, कपूरथला के सभी 5, लुधियाना में 9, मुक्तसर में 10, फाजिल्का में 33, फरीदकोट में 22, संगरूर में 21 और तरनतारन में 46 पॉजिटिव केस नांदेड़ समेत बाहरी राज्यों से लौटे पंजाबियों के हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक 30,199 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 23,352 लोगों के सैंपल निगेटिव पाए गए हैं, जबकि 5396 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है। राज्य के अस्पतालों में 1293 लोगों का इलाज जारी है, जिनमें से एक मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 2 मरीज वेंटिलेटर पर हैं।
अमृतसर राज्य का सबसे बड़ा कोरोना हॉटस्पॉट
इस बीच, 218 कोरोना पीड़ितों के आंकड़े के साथ अमृतसर राज्य का सबसे बड़ा कोरोना हॉटस्पॉट बना हुआ है। जालंधर (134) और लुधियाना (124) क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। इनके बाद मोहाली (95), होशियारपुर (88), पटियाला व तरनतारन (87-87), नवांशहर व संगरूर (85-85), गुरदासपुर (84), मुक्तसर (64), फरीदकोट (45), फिरोजपुर (42), फाजिल्का (38), बठिंडा (36), मोगा (28), पठानकोट (27), बरनाला (19), कपूरथला (18), मानसा (17), फतेहगढ़ साहिब (16) और रोपड़ (14) कोरोना संक्रमित दर्ज किए गए हैं।
संगरूर में कोरोना के 22 नए मामले
संगरूर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। मंगलवार को कोरोना के 22 मामले सामने आए। अब जिले में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 82 हो गई है। हालांकि पॉजिटिव आए सभी व्यक्ति नांदेड़ से लौटे हैं, जिन्हें जिला प्रशासन ने आइसोलेशन में रखा हुआ है। सोमवार को कोरोना पॉजिटिव 48 मामले सामने आए थे और इससे पहले 10 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले थे। मंगलवार को फिर कोरोना का बम फूटा और 22 नए मामले सामने आए।
जालंधर में नौ मरीज कोरोना संक्रमित
जालंधर में मंगलवार को नौ कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से पांच जालंधर से संबंधित हैं, जबकि चार अन्य जिलों से हैं। दो गुरदासपुर, एक-एक कपूरथला और सामान के रहने वाले हैं। बाकी पांच जालंधर के कोरोना पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इनको आइसोलेट कर दिया है। वहीं राहत की बात भी रही कि दो मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गयी है। इसी के साथ जालंधर में स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 12 हो गई है।
कपूरथला में चार और लोग कोरोना पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग से आई रिपोर्ट में चार और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। ये सभी श्री हजूर साहिब से लौटे हैं। इनको आइसोलेशन वार्ड कपूरथला में लाया जा रहा है। मंगलवार को आई 146 लोगों की रिपोर्ट में चार लोग पॉजिटिव हैं। 142 की रिपोर्ट निगेटिव है। जिला एपिडेमोलॉजिस्ट डॉ. राजीव भगत के अनुसार मंगलवार को जो चार लोग पॉजीटिव पाए गए हैं, वह सभी श्री हजूर साहिब से लौटे हैं।
इनमें 32 वर्षीय पुरुष और 13 वर्षीय बच्ची पीटीयू में क्वारंटीन हैं। 42 वर्षीय महिला भुलत्थ की है। चौथा 56 वर्षीय पुरुष कपूरथला के नरोत्तम विहार निवासी है। इन सभी को आइसोलेशन वार्ड में लाया जा रहा है। डॉ. राजीव भगत के अनुसार नरोत्तम विहार निवासी 20 अप्रैल को श्री हजूर साहिब से लौटा लेकिन उसके बाद वह घर में ही छिप गया। उसके बारे में स्वास्थ्य विभाग को 30 अप्रैल को पता लगा तो उसका एक मई को सैंपल लेकर जांच को भेजा गया। अब वह पॉजिटिव पाया गया है। उसके साथ ही उसकी पत्नी और बेटे का सैंपल भी भेजा गया था, दोनों निगेटिव हैं।
फरीदकोट: पांच वर्षीय बच्चे समेत 22 श्रद्धालु और 4 मजदूर पॉजिटिव
श्री हजूर साहिब से लौटे 22 श्रद्धालु और चार मजदूरों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी को श्री गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। पॉजिटिव पाए गए पांच साल के बच्चे के साथ उसकी माता को भी आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। वहीं मंगलवार को शहर के तीसरे मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि नए मामलों के पांच साल के बच्चे समेत ज्यादातर व्यक्तियों का संबंध भी गांव संधवां से ही है। जहां पर पहले भी 13 श्रद्धालु पॉजिटिव पाए जा चुके है। मंगलवार को 26 नए मामले आने के बाद फरीदकोट में कोरोना मरीजों की संख्या 44 हो गई है, जिनमें से 3 को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया भी संक्रमित, बटाला के 40 पुलिसकर्मी क्वारंटीन
पुलिस जिला बटाला के अधीन आते गांव भगवानपुर के गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। जग्गू के संपर्क में आने वाले 40 पुलिस कर्मी क्वारंटीन कर दिए गए हैं। मंगलवार को गुरदासपुर में आई पॉजिटिव लोगों की रिपोर्ट में बटाला के 18 लोग भी शामिल हैं, जिनमें एक नाम गैंगस्टर भगवानपुरिया का है।
जग्गू इन दिनों बटाला के गांव ढिलवां के पूर्व अकाली सरपंच दलबीर सिंह ढिलवां कत्लकांड के मामले में बटाला पुलिस की कस्टडी में है। बटाला के एसपी हेडक्वार्टर जसबीर सिंह राये ने बताया कि बटाला पुलिस जग्गू से पूछताछ करने के लिए 30 अप्रैल को प्रोडक्शन वारंट पर बटाला लाई थी और वह पांच दिन के रिमांड पर था। रुटीन के मुताबिक दो मई को उसका टेस्ट करवाया गया था जो पॉजिटिव आया।
वहीं मंगलवार को थाना सिविल लाइन के सामने जग्गू की मां हरजीत कौर और बुआ मनिंदर कौर पहुंची और पुलिस पर जग्गू का जानी नुकसान करने के आरोप लगाए। हरजीत कौर ने सरकार से मांग की है कि अगर सच में जग्गू को कोरोना हुआ है तो उसका अच्छे अस्पताल में इलाज करवाया जाए। जब तक पुलिस उसे उसके बेटे से मिलने नहीं देती तब तक वह थाने के सामने ही बैठी रहेगी। वहीं एसपी हेडक्वार्टर जसबीर सिंह राये ने कहा कि जग्गू की मां ने पुलिस पर जो आरोप लगाए हैं वह निराधार हैं, क्योंकि टेस्ट की रिपोर्ट पुलिस विभाग ने नहीं बनाई। टेस्ट की रिपोर्ट तो सेहत विभाग ने भेजी है।
पटियाला जेल भी शक के दायरे में
भगवानपुरिया के पॉजिटिव पाए जाने के बाद पटियाला जेल भी शक के दायरे में आ गई है। जग्गू इससे पहले पटियाला जेल में था। अब यह कहना कठिन है कि जग्गू कहां कोरोनाग्रस्त हुआ। अगर जग्गू पटियाला की जेल से ही कोरोना ग्रस्त था तो मामला और गंभीर हो सकता है।
गुरदासपुर में कुल 42 नए मरीज पॉजिटिव
सिविल सर्जन डॉ. किशन चंद ने बताया कि जिले में 42 अन्य व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसमें से 39 श्रद्धालु व तीन आम नागरिक है। जिले में कोरोना वायरस के 78 मरीज है, जिनका गुरदासपुर के अस्पतालों में इलाज चल रहा है और एक मरीज कादियां के रहने वाला है और मोहाली गया था। उसका इलाज मोहाली के अस्पताल में चल रहा है। वही एक दामोदर गांव का मरीज था जो अमृतसर में पॉजिटिव पाया गया था।
मलोट: थाना सिटी के सभी पुलिस मुलाजिम एकांतवास में
मलोट के दो पुलिस मुलाजिमों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रशासन की ओर से थाना सिटी के एसएचओ सहित सभी बीस पुलिस मुलाजिमों को थाने के अंदर ही 14 दिन के लिए एकांतवास में रख दिया गया है। इस तरह थाना सिटी चौदह दिन के लिए बिल्कुल बंद हो गया है।
मुंशी सिर्फ फोन पर ही सूचना या दरख्वास्त लेंगे। अब थाना प्रभारी थाने के अंदर से फोन पर ही सुपरविजन करेंगे। मलोट शहर के एकता नगर की एक गली व गुरु नानक नगरी की एक गली को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। हलके के गांव चन्नू में चार मजदूर कोरोना पॉजिटिव आने के बाद गांव चन्नू भी सील कर दिया गया है।
अमृतसर में 226 पहुंची पॉजिटिव लोगों की संख्या
कोरोना वायरस पॉजिटिव सर्वाधिक केसों के साथ रेड जोन में पहुंचे अमृतसर में मंगलवार को 15 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए। ये सभी महाराष्ट्र के नांदेड़ से लौटे हैं। नए मरीजों के साथ ही अब अमृतसर में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 226 पहुंच गई है। 226 में से 14 पुराने केस हैं। पॉजिटिव आए 15 मरीजों को श्री गुरुनानक देव अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करवाया गया है।
356 बेड की क्षमता वाले इस वार्ड में 210 मरीज दाखिल हैं। वहीं अब पंजाब सरकार विचार कर रही है कि इनमें से 50 प्रतिशत मरीजों को मैरिटोरियस स्कूल व मानांवाला के क्वारंटाइन सेंटर में रखा जाए। उन मरीजों की सूची तैयार की जा रही है जो कोरोना पॉजिटिव हैं, पर उन्हें सांस लेने में तकलीफ, खांसी, बुखार आदि नहीं है। श्री हजूर साहिब से आए 600 लोगों में से अब तक 500 का टेस्ट हो चुका है। इनके संपर्क में आए 200 लोग हैं, जिनके सैंपल लिए जा रहे हैं।
श्री हजूर साहिब से लौटे 300 श्रद्धालुओं की रिपोर्ट बाकी
स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वायरस की जांच के लिए तय की दो निजी लैब को लगभग 300 से अधिक सैंपल जांच के लिए भेजे है। सरकारी मेडिकल कॉलेज में स्थित इन्फ्लुएंजा लैब के एक सहायक लैब कर्मचारी की कोरोना वायरस की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद तीन डॉक्टरों को क्वारंटीन के लिए भेज दिया गया था। सरकार ने इन्फ्लुएंजा लैब के काम को चलाने के लिए बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के डॉक्टरों की एक टीम सरकारी मेडिकल कॉलेज में भेज दी है। सिविल सर्जन डॉ. जुगल किशोर ने बताया कि अमृतसर में 638 श्रद्धालु आए थे। इनमें में से 300 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।
महाराष्ट्र से आई लड़की गिरफ्तार
अजनाला में कर्फ्यू के दौरान बिना पास घूम रही महाराष्ट्र से आई एक लड़की के विरुद्ध मामला दर्जकर उसे राजासांसी स्थित क्वारंटीन केंद्र भेज दिया गया है। यह जानकारी अजनाला थाना के सब इंस्पेक्टर कर्मपाल सिंह ने दी है। उन्होंने बताया कि लड़की कुछ दिन पहले महाराष्ट्र से आई थी। बिना पास घूम रही थी। लड़की को गिरफ्तार कर थाना में जमानत दे दी गई। अजनाला के सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. ओम प्रकाश की सलाह के बाद उसे एंबुलेंस में बैठाकर क्वारंटीन केंद्र भेज दिया गया।
पटियाला: दो और श्रद्धालु मिले पॉजिटिव
श्री हजूर साहिब से लौटे पटियाला जिले के दो और श्रद्धालुओं की मंगलवार को रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 93 तक पहुंच गई है। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि सोमवार को 66 सैंपल लैब भेजे गए थे, जिनमें से 54 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव रही है। जबकि दो केस पॉजिटिव पाए गए हैं। यह दोनों नांदेड से लौटे श्रद्धालु हैं।
बाकी 10 सैंपलों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। अब पटियाला जिले में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 93 हो गई है। वहीं मंगलवार को जिले के विभिन्न स्थानों से कुल 71 सैंपल जांच को लिए गए। इन सभी सैंपलों की रिपोर्ट बुधवार को आएगी।
जेल में गैंगस्टर जग्गू के नजदीकी संपर्कों की तलाश होगी
पटियाला की सेंट्रल जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के जेल में नजदीकी संपर्क वाले लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा है, ताकि उनकी भी जांच हो सके। इस संबंध में पटियाला सिविल सर्जन की तरफ से जेल में दो डॉक्टरों की टीम भेजी गई है। जो जेल के मेडिकल अफसर की मदद से सारा काम करेंगे। गौरतलब है कि इस समय गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया बटाला पुलिस के पास है। बटाला पुलिस उसे पांच दिनों के रिमांड पर ले गई थी लेकिन वहां जब उसकी जांच कराई तो गैंगस्टर कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
तरनतारन में कोरोना के 47 नए मामले आए
मंगलवार को शहर में 47 नए मरीज मिलने के बाद पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़कर 87 हो गई। तरनतारन के डिप्टी कमिश्नर प्रदीप कुमार सभ्रवाल ने इसकी पुष्टि की। इनमें से 46 श्री हजूर साहिब से वापिस लौटे श्रद्धालु हैं, जबकि एक मरीज राजस्थान से आया है। कुल मिलाकर जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या 87 तक पहुंच गई है।
मुक्तसर में तीन पुलिस मुलाजिमों समेत 15 और संक्रमित मरीज
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को आई रिपोर्ट में तीन पुलिस मुलाजिमों समेत कुल 15 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। तीन पुलिस मुलाजिमों को कोरोना होने की पुष्टि के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। 30 अप्रैल को भेजे गए सैंपलों में से मंगलवार को 15 लोग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
इससे पहले मुक्तसर में 50 पॉजिटिव केस थे, जिनमें से एक युवक ठीक हो गया है। अब मुक्तसर जिले में कुल 64 कोरोना संक्रमित हैं। मंगलवार को आई रिपोर्ट में तीन पुलिस मुलाजिम, एक हजूर साहिब से लौटा श्रद्धालु और बाकी राजस्थान व यूपी के मजदूर हैं। इनमें एक बच्ची भी शामिल है।
पुलिस मुलाजिमों में दो मलोट थाना सिटी व एक गांव दौला से संबंधित है। दौला से संबंधित पुलिस मुलाजिम की ड्यूटी चंडीगढ़ में थी, जो इन दिनों यहां आया हुआ था। सिविल सर्जन डॉ. हरि नारायण के अनुसार सभी कोरोना पॉजिटिव मरीजों को सिविल अस्पताल के आइशोलेशन वार्ड में आइसोलेट किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, थाना सिटी में तैनात मुलाजिम मंगलवार को ड्यूटी छोड़ इधर-उधर हो लिए। पुलिस मुलाजिमों ने अपनी-अपनी कोरोना जांच कराने के लिए भागम-भाग भी शुरु कर दी है।
फाजिल्का में 32 नए कोरोना पॉजिटिव, कुल संख्या हुई 36
फाजिल्का में मंगलवार को 32 नए कोरोना पॉजिटिव केस आए हैं। अब संख्या बढ़कर 36 हो गई है। अभी 766 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर अरविंद पाल सिंह सिद्धू ने दी। सिविल सर्जन डा. हरचंद सिंह ने बताया कि 32 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव आने वाले सभी नांदेड़ साहिब से लौटे श्रद्धालु हैं।
इनमें सब डिवीजन जलालाबाद से 7, फाजिल्का के 9, अबोहर के 13 व एक राजस्थान से संबंधित केस है। उन्होंने बताया कि फाजिल्का में नांदेड़ से कुल 81 श्रद्धालु आए थे। इनमें से 71 की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। इनमें 36 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। सभी पॉजिटिव मरीजों को सरकारी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। अब तक कुल 1409 सैंपल भेजे गए हैं।