ट्रैक पर दिखा जोड़ा तो रोक दी एक्सप्रेस ट्रेन
रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर चतरगढ़पट्टी रेलवे फाटक के पास बृहस्पतिवार सुबह किसान एक्सप्रेस के आगे युवक और महिला आ गए। किसान एक्सप्रेस के ड्राइवर ने ट्रैक पर दोनों को देख पहले दूर से देर तक हॉर्न बजाया फिर एकाएक ब्रेक मार दी जिससे दोनों की जान बच गई।
ट्रेन को रुका देख दोनों मौके से भागने लगे। चतरगढ़पट्टी फाटक पर तैनात गेटमैन ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद दानों को जीआरपी पुलिस को सौंप दिया गया। जीआरपी पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो पता चला कि दोनों चाची-भतीजा है और ट्रैक पार करते समय पटरी में युवक का पांव फंस गया था। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया।
सुबह किसान एक्सप्रेस तेज गति से सिरसा की ओर आ रही थी। तभी किसान एक्सप्रेस के ड्राइवर ने देखा की एक युवक और एक महिला ट्रैक पर खड़े हैं और हॉर्न बजाने के बाद भी नहीं हटे।
दोनों भागने लगे तो गेटमैन ने पकड़ा
ड्राइवर ने सोचा कि दोनों सुसाइड करने आए हैं। ड्राइवर ने बिना सोचे समझे ब्रेक लगा दी। ट्रेन दोनों से करीब 50 मीटर दूर रुकी। इसके बाद युवक का पांव ट्रैक से निकल गया और दोनों भागने लगे जिसके बाद गेटमैन ने दोनों को पकड़कर जीआरपी को सौंप दिया।
दोनों सुसाइड करने ही आए थे: गेटमैन
गेटमैन ने बताया कि घटना उसके आंखों के सामने हुई है। दोनों सुसाइड करने ही आए थे। ट्रैक पर कोई पांव नहीं फंसा। ड्राइवर ने गाड़ी रोकी तो दोनों भागने लगे। ड्राइवर ने उनसे कहा कि दोनों को पकड़ो। उसने भागकर दोनों को पकड़ लिया और जीआरपी पुलिस को सौंप दिया।
साधुराम, मुंशी जीआरपी थाना ने बताया कि पुलिस को शक था कि दोनों सुसाइड करने आए हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि रिश्ते में वे चाची और भतीजा है और कोर्ट कचहरी के कारण परेशान हैं। ट्रैक पार करते समय दोनों की टांग फंस गई। ड्राइवर ने दोनों को देखकर ट्रेन रोक दी थी। दोनों के घरवालों को थाने बुला लिया था सुसाइड जैसा कोई मामला नहीं था।