Coronavirus: चंडीगढ़ में एक दिन में कोरोना के पांच नए मामले, मरीजों की कुल संख्या पहुंची 13
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीन दिन की राहत के बाद सोमवार को एक साथ पांच मरीजों में कोरोना की पुष्टि से हड़कंप मच गया। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की चिंता बढ़ गई। तमाम प्रयास के बावजूद कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को पांच नए मरीजों में कोरोना की पुष्टि के बाद अब चंडीगढ़ में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 8 से बढ़कर 13 हो गई है। इसके अलावा मोहाली (पंजाब) जिले के नयागांव में भी 65 वर्षीय बुजुर्ग में कोरोना की पुष्टि हुई है।
खास बात यह है कि इन पांच नए मरीजों में से तीन में आठवें पॉजिटिव मरीज से संक्रमण फैला है। वहीं दो अन्य पॉजिटिव मरीज कनाडा से यहां आया एक दंपती है। फिलहाल सभी पॉजिटिव मरीज सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में भर्ती हैं। उधर, जीएमसीएच में भर्ती मोहाली निवासी 33 साल के युवक की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
इनकी रिपोर्ट आई पॉजिटिव
- जीएमसीएच में भर्ती कनाडा से लौटे दंपती।
- आठवें पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए 23 वर्षीय दो युवक।
- 40 वर्षीय एक महिला।
जागरूकता की कमी या प्रशासन की असफलता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद 22 मार्च को जनता कर्फ्यू को शहरभर में भारी समर्थन मिला था। लोगों ने अपनी जिम्मेदारी समझी और घरों से नहीं निकले। इसके बाद 21 दिनों के लॉकडाउन और कर्फ्यू की घोषणा के दौरान प्रशासन ने हर व्यक्ति तक आवश्यक सामान पहुंचाने का आश्वासन दिया था।
इस दौरान कोई नया कोरोना पॉजिटिव केस सामने नहीं आया। जब शहर के लोगों तक आवश्यक सामान नहीं पहुंचा तो लोग सड़कों पर निकलने लगे। कुछ लोगों का कहना है कि यहीं से पॉजिटिव केस बढ़ने शुरू हुए। पॉजिटिव केस का आंकड़ा पहले 6 फिर 8 और अब पांच मरीजों के बढ़ने से सीधे 13 पर पहुंच गया है। लोगों का कहना है कि एक प्रशासन की योजना फेल रही, वहीं लोगों ने भी कर्फ्यू को गंभीरता से नहीं लिया।
पंचकूला में 315 लोग निगरानी में, 300 क्वारंटीन
जिले में कोरोना वायरस की स्थिति पूर्ण रूप से नियंत्रण में है तथा कोई भी नया मामला संज्ञान में नहीं आया है। उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि जिले के 315 लोगों को निगरानी में रखा जा रहा है। इनमें से 300 व्यक्ति घरों में क्वारंटीन किए गए हैं। इसके अलावा दो व्यक्तियों को दिल्ली और एक व्यक्ति को गुरुग्राम में क्वारंटीन रखा गया है।
जिले के 103 लोगों ने 28 दिन की अवधि पूरी कर ली है। वर्तमान में सामान्य अस्पताल सेक्टर-6 के आइसोलेशन वार्ड में 5 व्यक्तियों को रखा गया है तथा 3 व्यक्तियों को कमांड अस्पताल में दाखिल किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि जिले के नाडा साहिब गुरुद्वारे में 4 व्यक्तियों को क्वारंटीन में रखा गया है। अब तक 51 लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 39 व्यक्तियों की जांच रिपोर्टर निगेटिव आई है। अभी तीन व्यक्तियों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। 8 व्यक्तियों के नमूने पीजीआई ने जांच के लिए हिस्ट्री व नॉर्म अनुसार पाए जाने पर नहीं लगाए।
कोरोना संक्रमित की मौत की खबर ने जिले में फैला दी थी दहशत
699 ने पूरी की होम क्वारंटीन की अवधि
सोमवार को जहां एक व्यक्ति के कोरोना संक्रमित होने खबर सामने आने से एक बार फिर लोगों की सांसें अटक गईं। वहीं, सोमवार को राहत भरी खबर भी आई। सोमवार तक जिले के 699 लोगों ने होम क्वारंटीन की अवधि पूरी कर ली। इनमें किसी तरह का लक्षण नहीं पाया गया। डीसी गिरीश दयालन ने बताया कि कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में कलस्टर कंटेनमेंट रणनीति अपनाई जा रही है। इसमें भौगोलिक क्षेत्र को अलग रख कर लोगों व वाहनों की आवाजाही को रोका जाता है। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंस मेनटेन करने के उपाय करना, सभी संदिग्ध मामलों की जांच करना व रोकथाम के लिए सार्वजनिक उपायों की पालना कर सामाजिक जागरूकता लाना शामिल है।