Corona in Chandigarh: पीयू प्रोफेसर की हालत गंभीर, बेटी और सास भी पॉजिटिव, पीड़ितों की संख्या 21
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक हफ्ते की राहत के बाद बीते तीन दिनों से कोरोना ने एक बार फिर से शहर में पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। बीते 10 अप्रैल को सेक्टर-37 सी निवासी पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर में कोरोना की पुष्टि के बाद पॉजिटिव मरीजों की संख्या फिर बढ़ने लगी है। रविवार को कोरोना पॉजिटिव प्रोफेसर की सास और उनकी 8 वर्षीय बेटी में भी कोरोना की पुष्टि हो गई। अब चंडीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। हालांकि इनमें से सात ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
उधर, प्रोफेसर की पत्नी और 22 दिन की बेटी पूरी तरह सुरक्षित हैं। दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। प्रोफेसर की पत्नी की पहली रिपोर्ट फॉल्स आने के कारण उनका सैंपल दोबारा जांच के लिए भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट देर शाम आ गई। उधर, रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रोफेसर की सास और 8 साल की बेटी को शाम 4.30 बजे पीजीआई के कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया है।
प्रोफेसर के संपर्क में आए 114 लोगों की पहचान
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम ने अब तक प्रोफेसर के संपर्क में आए 114 लोगों की पहचान कर ली है। इनमें उनके घर के चार सदस्य भी शामिल हैं। इसके अलावा उनके दोस्त, पड़ोसी, दुकानदार, दूधवाला व अन्य वो लोग शामिल हैं।
सिर्फ घर से हॉस्पिटल तक का तय किया सफर
प्रोफेसर की पत्नी को 20 मार्च को सेक्टर 38 के एक निजी हॉस्पिटल में डिलीवरी हुई थी। उस दौरान प्रोफेसर अपने ड्राइवर के साथ हॉस्पिटल आते-जाते थे। कोरोना से जुड़ा उनका कोई यात्रा इतिहास नहीं है, इसलिए प्रथम दृष्टया हॉस्पिटल से घर के बीच में ही संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रोफेसर की हालत अब भी गंभीर
पीजीआई नेहरू एक्सटेंशन के कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल की आईसीयू में भर्ती कोरोना पॉजिटिव प्रोफेसर की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है, जिसके चलते उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। हालांकि पीजीआई प्रवक्ता के अनुसार, खतरे की कोई बात नहीं है। मरीज की स्थिति को स्टेबल बनाए रखने के लिए उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
फिलहाल मां के पास है नवजात
कोरोना पॉजिटिव प्रोफेसर की 22 दिन की बेटी को फिलहाल उसकी मां के साथ ही सेक्टर-16 के जीएमएसएच में एक रूम में रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मां की रिपोर्ट भी आ गई है, उनमें कोरोना का संक्त्रस्म नहीं है। ऐसे में अब दोनों मां-बेटी अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
ऑनलाइन लेते थे क्लास
कोरोना पॉजिटिव मरीज पीयू में सहायक प्रोफेसर हैं। वह पीयू 18 मार्च के बाद नहीं आए थे। स्टूडेंट्स की क्लास ऑनलाइन ले रहे थे। चर्चा है कि सुबह शाम अपने घर के पास के पार्क में घूमने जाते थे। साथ ही एक-दो बार सब्जी लाने गए थे। बाकी समय घर में ही थे।
चंडीगढ़ कोरोना अपडेट
- 279 अब तक संदिग्धों की हो चुकी है जांच
-247 रिपोर्ट निगेटिव आई
- 21 लोगों की रिपोर्ट मिली है पॉजिटिव
-1 नमूना रिजेक्ट हुआ
- अब तक 7 मरीज किए गए डिस्चार्ज
- अब तक एक भी मरीज की नहीं हुई है मौत
- 10 जांच रिपोर्ट आनी बाकी