कोरोना वायरस: चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस का बड़ा फैसला, नहीं लगेंगे नाके, चालान भुगतान पर लगी रोक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है। 31 मार्च तक ट्रैफिक नाकों पर रोक लगा दी गई है। अब ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के चालान सिर्फ ट्रैफिक वायलेशन इन्फार्मेशन स्लिप (टीवीआईएस) से काटे जाएंगे।
इसके अलावा सेक्टर-29 स्थित चालान ब्रांच को चालान के भुगतान के लिए बंद कर दिया गया है। सिर्फ नाके पर जब्त गाड़ियों को ही यहां से लोग छुड़ा सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, अगर स्थिति ऐसी ही रही तो इसकी समय सीमा बढ़ाई जा सकती है।
बता दें कि सेक्टर-29 स्थित ट्रैफिक हेडक्वार्टर स्थित चालान ब्रांच में रोजाना सैकड़ों लोग अपने वाहनों के चालानों का भुगतान करने आते हैं। अब चालान भुगतान नहीं होने पर एक तरफ जहां लोगों को राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर उनके लिए यह सिरदर्द भी बन गया है। सूत्रों के अनुसार, कोरोना की वजह से ट्रैफिक पुलिस ने ई-चालान भुगतान पर काम तेजी से शुरू कर दिया है। जल्द ही ट्रैफिक ई-चालान भुगतान शुरू कर देगी। इससे लोगों को ऑनलाइन चालान भुगतने में काफी राहत मिलेगी।
सेक्टर-29 स्थित ट्रैफिक हेड क्वार्टर चालान ब्रांच के बाहर 31 मार्च तक चालान नहीं भुगतने पोस्टर चस्पा कर दिया गया है। वहीं शहर में अलग-अलग जगहों पर रोजाना दर्जनों नाके लगते हैं लेकिन अब ट्रैफिक पुलिस जरूरत के हिसाब से स्पीड नाका लगा सकती है।
साथ ही ट्रैफिक पुलिस के आला अधिकारियों ने लोगों से अपील कि है कि ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने से बचें लेकिन दूसरी तरफ ट्रैफिक पुलिस ने यह भी चेताया है कि अगर बहुत ज्यादा जरूरत पड़ी तो ट्रैफिक पुलिस उनका चालान कर सकती है।
वाहनों के टो पर भी रोक
शहर के अलग-अलग सेक्टरों में रोजाना रांग पार्किंग की वजह से लोगों को जाम की समस्याओं से जूझना पड़ता है। इसके बाद पुलिस उन वाहनों को टो कर उनका चालान करती है और फिर उस वाहन को सेक्टर-29 ट्रैफिक पुलिस लाइन पहुंचा दिया जाता है, लेकिन अब वाहनों के टो करने पर भी रोक लग गई है।
सोशल मीडिया से भी चालान
ट्रैफिक वायलेशन इन्फार्मेशन स्लिप (टीवीआईएस) की टीम को अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही सोशल मीडिया के अलावा चौक व लाइट प्वाइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों से ही ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस ने अभी फिलहाल 31 मार्च तक एडवाइजरी किया है। आला अधिकारियों का कहना है कि इसकी समय सीमा बढ़ाई जा सकती है।