नयागांव में मिला कोरोना का मरीज, पीजीआई-जीएमएसएच के 12 डॉक्टरों समेत 45 स्टाफ क्वारंटीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। सोमवार सुबह मोहाली जिले के नयागांव इलाके में कोरोना का नया केस मिलने से हड़कंप मच गया। पॉजिटिव पाए गए 65 वर्षीय बुजुर्ग का पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है। बुजुर्ग में कोरोना की पुष्टि होते ही पीजीआई से लेकर चंडीगढ़ सेक्टर-16 स्थित जीएमएसएच प्रशासन तक सकते में आ गया क्योंकि बुजुर्ग में पहले कोरोना के लक्षण नहीं दिखे थे और उसका इलाज सामान्य रूप से चल रहा था।
कोरोना की पुष्टि के बाद आनन-फानन में पीजीआई प्रशासन ने मरीज के संपर्क में आए 36 स्टाफ को क्वारंटीन कर दिया है। इनमें 5 डॉक्टर, 22 नर्सिंग स्टाफ, 5 सैनिटेशन अटेंडेंट और 4 हॉस्पिटल अटेंडेंट शामिल हैं। वहीं, जीएमएसएच के मेडिसिन डिपार्टमेंट के पांच डॉक्टरों समेत दो इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर, एक रेडियोग्राफर और एक स्टाफ नर्स को भी क्वारंटीन कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 65 वर्षीय बुजुर्ग मरीज को सांस में तकलीफ होने पर 26 मार्च को दूसरे लक्षणों के आधार पर पीजीआई में भर्ती किया गया था, लेकिन धीरे-धीरे कोरोना के लक्षण सामने आने पर उसकी 29 मार्च को कोरोना की जांच कराई गई। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह मरीज पीजीआई आने से पहले सेक्टर-16 स्थित जीएमएसएच में भी दो बार गया था।
अब दोनों अस्पतालों में अन्य लोगों को संक्रमण से बचाने की कवायद शुरू कर दी गई है। उधर, बुजुर्ग मरीज की हालत नाजुक बताई जा रही है। अब तक मरीज का न तो यात्रा इतिहास पता चला है और न ही यह पता चला है कि अस्पताल आने से पहले वह कितने लोगों के संपर्क में आया था। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नयागांव सहित पूरे जिले को सील कर दिया है। नयागांव से संक्रमित बुजुर्ग के परिवार, मकान मालिक व अन्य किराएदारों के 12 ब्लड सैंपल ले लिए गए हैं। वहीं सोमवार को जिले से कुल 20 लोगों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह के मुताबिक, मरीज पंजाब पुलिस का रिटायर्ड कर्मचारी है और वह पहले से ही लंग्स इंफेक्शन का शिकार था। वह अपनी पत्नी, बेटे, बहू व पोती के साथ पिछले दो साल से नयागांव में किराए के मकान में रह रहा था। इस नए केस के मिलने के बाद मोहाली में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या सात हो गई है।
सिविल सर्जन ने बताया कि नयागांव में कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। नयागांव को सुबह ही सील कर दिया गया था जबकि दोपहर होते-होते पूरे जिले को ही सील कर दिया गया। नयागांव में सेहत विभाग की टीम ने पहुंच कर जांच के लिए लोगों के सैंपल लिए। इसके साथ ही संक्रमित मरीज के परिवार को सेहत विभाग ने अपनी निगरानी में ले लिया है।
सोमवार दोपहर आई मौत की खबर, पीजीआई ने नहीं की पुष्टि
सोमवार दोपहर को संक्रमित बुजुर्ग की मौत की खबर फैल गई। हालांकि पीजीआई ने इसकी पुष्टि नहीं की। सिविल सर्जन द्वारा पीजीआई से संपर्क करने पर बताया गया कि मरीज का अभी इलाज चल रहा है। हालांकि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मरीज पहले से ही फेफड़ों के संक्रमण का शिकार है, साथ ही हॉर्ट प्रॉब्लम भी है। बताया जाता है कि पिछले डेढ़ माह से बुजुर्ग की सेहत खराब चल रही थी। इसी के चलते 26 मार्च को परिवार ने उन्हें पीजीआई में दाखिल करवाया था।