Corona in Punjab: कोरोना से एक दिन में सर्वाधिक 19 मौतें, 40 पुलिसवालों ने दिया प्लाज्मा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में कोरोना के फैलाव की स्थिति लगातार भयावह होती जा रही है। मंगलवार को राज्य में 19 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो गई। एक ही दिन में राज्य में इतने लोगों की मौत का यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 336 तक पहुंच गई है।
24 घंटे में राज्य में कोरोना के 612 नए पॉजिटिव केसों की भी पुष्टि हुई है, जिसके साथ राज्य में कोरोना से पीड़ित लोगों की संख्या 14378 हो गई है। विभिन्न अस्पतालों में दाखिल 4290 लोगों में से 126 लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई, जिनमें से 112 लोग ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 14 लोग वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मंगलवार को 688 मरीजों को स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई। इनमें जालंधर के 426, पटियाला के 49, संगरुर के 23, मोहाली के 10, पठानकोट के 14, नवांशहर व मानसा के 4-4, होशियारपुर के 71, फिरोजपुर के 12, फतेहगढ़ साहिब के 6, फरीदकोट के 13, मोगा के 11, बठिंडा के 19, मुक्तसर के 9, रोपड़ के 17 मरीज शामिल हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना को मात देने वाले मरीजों की संख्या 9752 हो गई है।
कोरोना से ठीक हुए 40 पुलिस मुलाजिमों ने दिया प्लाज्मा
हाल ही में कोरोना को मात देने वाले 40 पुलिस मुलाजिमों ने दूसरे मरीजों की जान बचाने के लिए प्लाज्मा दान किया। ज्यादातर मरीज जालंधर ग्रामीण इलाके से संबंधित हैं। डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि एसएसपी जालंधर (ग्रामीण) नवजोत सिंह माहल संक्रमण से ठीक होने के बाद सभी को प्लाज्मा दान करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
एसएसपी के प्लाज्मा दान के लिए वचनबद्ध होने के 24 घंटों के अंदर 40 अन्य पुलिस मुलाजिमों ने भी स्वेच्छा से प्लाज्मा दान किया। इसके बाद कई और भी आगे आए हैं। दो अन्य पुलिस मुलाजिमों एएसआई राम लाल और हेड कांस्टेबल लखविंदर सिंह का प्लाज्मा पहले ही लिया जा चुका है।
बटाला, गुरदासपुर और कपूरथला में भी कई पुलिस मुलाजिमों ने खुद को वालंटियरों के तौर पर सूचीबद्ध किया है। 28 जुलाई तक पंजाब पुलिस के कुल 831 जवानों का कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया था। इनमें से 336 स्वस्थ हुए थे। इस समय विभाग के 495 एक्टिव केस हैं।
पठानकोट: डीसी दफ्तर के दो कर्मियों समेत तीन संक्रमित, मिनी सचिवालय सील
पठानकोट में मंगलवार को मिनी सचिवालय स्थित डीसी दफ्तर में कोरोना ने दस्तक दी। पठानकोट पहुंची रिपोर्ट में डीसी दफ्तर के दो कर्मचारी समेत कुल तीन लोग पॉजिटिव मिले हैं। डीसी दफ्तर के संक्रमित कर्मचारियों में एक एमए ब्रांच जबकि दूसरा नाजर ब्रांच में तैनात है। विभाग ने दोनों संक्रमित कर्मचारियों को चिंतपूर्णी कोविड-19 अस्पताल में भर्ती करवाया है।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डीसी दफ्तर समेत अन्य विभागों के 200 से अधिक कर्मचारियों के सैंपल लिए हैं। मिनी सचिवालय को सील कर आम लोगों के आने पर पाबंदी लगा दी गई है। जानकारी के मुताबिक संक्रमित मिले दोनों कर्मचारियों को 2-3 दिन से बुखार था। उनके रविवार को सैंपल लिए गए थे। मंगलवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सिविल सर्जन डॉ. भूपिंद्र सिंह ने बताया कि पठानकोट में कुल 340 मामले सामने आए हैं। इनमें से 277 लोग इलाज के बाद घरों को लौट गए हैं। 51 लोगों का इलाज चल रहा है। 12 लोगों की मौत हो चुकी है।
तरनतारन: दो की मौत, एनएचआरएम कर्मी सहित 13 की रिपोर्ट पॉजिटिव
तरनतारन में मंगलवार को 13 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। वहीं कोरोना संक्रमित दो लोगों ने दम भी तोड़ दिया। इनमें श्री गुरु नानक देव जी अस्पताल अमृतसर में भर्ती गांव चीमा कलां निवासी 54 वर्षीय और खडूर साहिब निवासी 40 वर्षीय शख्स शामिल है। मंगलवार को कोरोना पीड़ित पाए गए 13 मरीजों में सिविल अस्पताल में तैनात 45 वर्षीय आशा वर्कर के अलावा नेशनल रूरल हेल्थ मिशन (एनएचआरएम) से संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर भी शामिल है।
फरीदकोट: आठ माह का बच्चा मिला संक्रमित
फरीदकोट में मंगलवार को गांव लंभवाली निवासी 8 माह के बच्चे की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने 11 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया है। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि उक्त बच्चे के परिवार के एक सदस्य की पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सारे परिवार के सैंपल जांच को भेजे थे।
होशियारपुर में पांच नए पॉजिटिव, एक की मौत
होशियारपुर में मंगलवार को पांच नए पॉजिटिव सामने आए। वहीं पीजीआई चंडीगढ़ में एक पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। सिविल सर्जन डॉ. जसबीर सिंह ने बताया कि मंगलवार को पॉजिटिव पाए गए पांच मरीज बुड्ढी पिंड (टांडा), बजवाड़ा कलां, साहरी, आलमपुर और कालेवाल गांव से हैं। किडनी और लीवर की बीमारी से पीड़ित कोरोना पॉजिटिव मरीज मुकेरियां तहसील के गांव लतीफपुर निवासी की पीजीआई में मृत्यु हो गई है।
अमृतसर: केंद्रीय जेल के 24 कैदियों समेत 72 नए पॉजिटिव, तीन की मौत
अमृतसर में एक ही दिन में 72 नए पॉजिटिव रिपोर्ट हुए हैं। वहीं तीन संक्रमित लोगों की जान भी चली गई। सबसे ज्यादा 24 पॉजिटिव कैदी केंद्रीय जेलसे मिले हैं। आठ मुलाजिम भी संक्रमित हैं। वहीं मंगलवार को बीएसएफ के सात जवान भी पॉजिटिव मिले। एक ही दिन में 72 केस मिलने से साफ है कि कोरोना अब भयानक रूप अख्तियार कर चुका है। जून में एक ही दिन में सबसे ज्यादा 49 केस रिपोर्ट हुए थे। मंगलवार को कोरोना के अब तक के सबसे ज्यादा मरीज मिले। अमृतसर में अब कुल संक्रमित 1646 हैं।
गांव ख्याला निवासी कोरोना संक्रमित 45 वर्षीय शख्स ने श्री गुरुनानक देव अस्पताल में दम तोड़ा। वह हाइपरटेंशन का भी शिकार था। दूसरी मौत प्रताप नगर निवासी 59 वर्षीय शख्स की हुई है। वह डायबिटीज का शिकार था। तीसरी मौत भकना कलां निवासी 75 वर्षीय शख्स की हुई। वह लुधियाना में उपचाराधीन था। कोरोना के साथ उसे हाइपरटेंशन व अस्थमा की बीमारी थी।
जालंधर में कोरोना के 62 नए केस
जालंधर में मंगलवार को 62 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। अब कुल संक्रमितों की संख्या 2121 व मरने वालों की संख्या 44 तक पहुंच गई है। वहीं पटेल अस्पताल की लेबोरेटरी में कोरोना के 26 फीसदी केस पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग की सचिव ईशा कालिया ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिये हैं।
स्पेशल सेक्रेटरी इशा कालिया ने डिप्टी कमिश्नर घनश्याम थोरी को भेजे पत्र में कहा है कि पटेल अस्पताल भी कोविड-19 का आरटी-पीसीआर
टेस्ट कर रहा है। पटेल अस्पताल की जांच में 26.34 फीसदी सैंपल पॉजिटिव आ रहे हैं। ईशा कालिया ने पटेल अस्पताल में टेस्ट हुए सैंपलों में से दस पॉजिटिव व पांच निगेटिव सैंपल पीजीआई भेजने को कहा है।
स्पेशल सेक्रेटरी ने कोरोना सैंपल की जांच कर रही छह लैब का तुलनात्मक आंकड़ा भी दिया है, जिसमें अधिकतम पॉजिटिव का आंकड़ा 9.72 फीसदी है। ऑनक्वेस्ट लैब में पॉजिटिव प्रतिशत 5.42, एसआरएल लैब 2.29 प्रतिशत, पटेल अस्पताल 26.3 फीसदी, लाल पैथ 6.93, मैट्रोपोलिस हेल्थ 8.33 प्रतिशत, पैथकाइंड 9.72 प्रतिशत रहा है। पटेल अस्पताल का ग्राफ 26.3 फीसदी पहुंचने से सरकार के कान खड़े हो गए हैं। अब पीजीआई चंडीगढ़ दोबारा जांच करेगा, जिसके बाद स्थिति साफ होगी।
कपूरथला: माडर्न जेल के 12 स्टाफ और कैदी समेत 26 लोग संक्रमित
कपूरथला में मंगलवार को माडर्न जेल के छह स्टाफ व छह कैदियों समेत 26 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए। जेल में बंद 2300 कैदियों के अलावा जेल स्टाफ की टेस्टिंग तेज कर दी गई है। पूरी जेल को सैनेटाइज किया जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ. जसमीत बावा के अनुसार, नए मरीजोंमें से सात फगवाड़ा से हैं। करीब पांच दिन पहले एक कैदी पॉजिटिव आया था, जिसकी अमृतसर में मौत हो गई थी।
उसके बाद जिस बैरक में वह बंद था, वहां के स्टाफ व साथी कैदियों समेत लगभग 260 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनमें 6 कैदियों के अलावा 3
सीआरपीएफ, 2 पंजाब होमगार्ड और 1 आरबीआई कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डीसी दीप्ति उप्पल ने बताया कि जेल में पहले से बचाव अभियान जारी है। स्टाफ और कैदियों के टेस्ट लिए जा रहे हैं। वहां पर पहले से एक आइसोलेशन व क्वारंटीन सेंटर स्थापित है।
कोरोना को मात देकर 24 व्यक्तियों ने की घर वापसी
संगरूर में 24 व्यक्तियों ने कोरोना को मात देकर मंगलवार को घर वापसी की है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना पर फतेह हासिल करने वालों को शुभकामनाएं दीं। डिप्टी कमिश्नर रामवीर ने बताया कि कोविड केयर सेंटर घाबदां से 5, सिविल अस्पताल से 1, मालेरकोटला से 5 भोगीवाल कोविड केयर सेंटर से 7, पीजीआई से 1 और होम आइसोलेशन से 5 व्यक्तियों ने कोरोना पर फतेह हासिल की है।
उन्होंने कहा कि जिले में रिकवरी रेट काफी अच्छा है। सावधानियां अपनाकर ही लोग कोरोना वायरस से बच सकते हैं। उन्होंने जिला निवासियों से कहा कि कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है। जिला प्रशासन कोविड-19 संबंधी किसी भी हालत से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
राजपुरा में कोरोना वायरस से दूसरी मौत
कोरोना वायरस से मंगलवार को दूसरी मौत गुलाब नगर निवासी की पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में हुई। उसका संस्कार स्वर्गधाम आनंद नगर पुलिस व पारिवारिक सदस्यों की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया। गुलाब नगर निवासी मृतक एयर फोर्स से सेवामुक्त होने के बाद पंजाब में अध्यापक की नौकरी करते हुए सेवामुक्त हुए थे।
पिछले सप्ताह गुर्दे की बीमारी के कारण अस्पताल में दाखिल हुए थे। वहां उनका कोरोना टेस्ट करवाया गया तो पॉजिटिव मिले। इसके बाद उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। जहां सोमवार रात उनकी मौत हो गई। मौके पर तहसीलदार हरसिमरन सिंह, एसएमओ जगपाल इंदर सिंह, डॉ. नरेश बंसल, सिटी पुलिस प्रमुख बलविंदर सिंह मौजूद रहे।
नंगल में कोरोना के 11 नए मामले
उपमंडल में मंगलवार को 11 कोरोना पॉजिटिव केस सामन आए। इनमें से 10 मामले लोअर ब्रह्मपुर से हैं। एक नंगल की पीएसीएल इकाई का कर्मचारी है जो गुजरात से लौटा था। प्रशासन ने गांव लोअर ब्रह्मपुर को माइक्रो कंटोनमेंट क्षेत्र घोषित कर 10 दिन के लिए सील कर दिया है। यह पहला मौका है जब उपमंडल नंगल में एक साथ इतने मामले सामने आए हैं। पीएचसी श्री कीतरपुर साहिब के सीनियर मेडिकल अधिकारी राम प्रकाश सरोया का कहना है 10 पॉजिटिव पिछले दिनों सड़क हादसे में घायल व्यक्ति के संपर्क में आए थे। पीजीआई चंडीगढ़ में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
बठिंडा: 17 नए संक्रमित आए सामने
बठिंडा में सोमवार को 17 नए संक्रमित सामने आए। इसकी पुष्टि डीसी बी श्रीनिवासन ने की। उन्होंने बताया कि संक्रमित लोगों में 13 जिले से संबंधित हैं। बाकी 4 लोग दूसरे राज्यों से संबंधित हैं। उन्होंने बताया कि 21 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। जिले में कुल एक्टिव केस 271 है।
गुरदासपुर में 23 नए संक्रमित
जिले में कुल 23 नए केस पाए गए जिसमें 21 केस तहसील बटाला से संबंधित थे, जबकि एक केस गांव चूहड़ चक्क तथा एक केस गुरदासपुर शहर से पाया गया है। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 118 है। वहीं पठानकोट में संक्रमित भाजपा नेता के संपर्क में आने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है।
पटियाला में कोरोना से तीन की मौत, 65 नए संक्रमित
पटियाला में कोरोना से मंगलवार को तीन की मौत हो गई, जबकि 65 नए संक्रमित आए। इनमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की किला चौक ब्रांच के 11 मुलाजिम भी शामिल है। जिसके बाद शाखा को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया। इनके अलावा दो गर्भवती महिलाएं, दो पुलिस मुलाजिम और सेहत कर्मी भी पॉजिटिव केसों में शामिल हैं।
लुधियाना में कोरोना के 161 नए मामले, सात ने तोड़ा दम
लुधियाना में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 161 मामले सामने आए है। इसमें लुधियाना से 146 केस संबंधित है, जबकि 15 मामले अन्य जिलों से संबंधित है। वहीं मंगलवार को सात लोगों की मौत हो गई है। इनमें छह मृतक लुधियाना और एक मृतक अमृतसर से संबंधित है। सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने बताया कि मंगलवार को जिले में कोरोना संक्रमण के 146 नए केस आए है।
जिले में अब कोरोना संक्रमितों का कुल संख्या 2833 हो गई है। लुधियाना से संबंधित छह लोगों की मौत हुई है। अब लुधियाना में मृतकों की कुल संख्या 71 हो गई है। इसमें अमृतसर निवासी 75 वषीय व्यक्ति डीएमसी अस्पताल में भर्ती था, जोकि कोरोना संक्रमित होने के साथ शुगर और जिगर की बीमारी से पीड़ित था।
इसी तरह छावनी मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति की सिविल अस्पताल, जनता नगर निवासी 67 वर्षीय व्यक्ति की फोर्टिस, 68 वर्षीय महिला की एसपीएस, शिमलापुरी निवासी 75 वर्षीय व्यक्ति की पटियाला के राजिंदरा अस्पताल, सलेमटाबरी निवासी 61 वर्षीय व्यक्ति की मोहनदेई अस्पताल और जनता नगर निवासी 51 वर्षीय महिला की एसपीएस अस्पताल में मौत हुई है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम ने 525 लोगों की स्क्रीनिंग की है, इसमें 391 लोगों को एकांतवास में रहने को कहा गया है।