ट्राइसिटी में कोरोना विस्फोट: एक दिन में मिले रिकॉर्ड 40 मरीज, अकेले चंडीगढ़ में 24
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ट्राइसिटी में शनिवार को कोरोना के रिकार्ड 40 मरीज सामने आए। एक दिन में मिले संक्रमित मरीजों का यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। अकेले चंडीगढ़ में शनिवार को कुल 24 कोरोना पॉजिटिव मिले, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसमें भी खास बात यह है कि इनमें से 19 पॉजिटिव केवल दो परिवारों में मिले हैं।
इनमें से एक परिवार मौलीजागरां का है, जिसमें घर के 12 सदस्य संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, दूसरा परिवार सेक्टर-24 का है, जिसके सात सदस्य संक्रमित मिले हैं। वहीं, पांच अन्य लोग भी संक्रमित पाए गए हैं। उधर, मोहाली में 10 लोग जबकि पंचकूला में छह मरीज पॉजिटिव मिले हैं।
एक ही दिन में 24 मरीजों के मिलने के साथ ही चंडीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 411 पर पहुंच गई है। वहीं लॉकडाउन के बाद तेजी से बढ़ रहे मरीजों की संख्या को देखकर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि अब शहर में कोरोना की चेन नए क्षेत्रों में तेजी से सक्रिय हो रही है। ऐसे में अगर सावधानी नहीं बरती गई तो कोरोना के मरीजों की संख्या और तेजी से बढ़ेगी और उस पर काबू पाना मुश्किल हो जाएगा।
बीमार मां से फैला मौलीजागरां के परिवार में संक्रमण
65 वर्षीय संक्रमित बुजुर्ग की बेटी मुबारकपुर उसे अपनी दूसरी बहन के यहां मौलीजागरां में 12 जून को अपनी मां को लेकर आई थी। बुजुर्ग महिला को बुखार और पेट संबंधी बीमारी थी। उन्हें पहले सिविल अस्पताल पंचकूला सेक्टर-6 में दिखाया गया। वहां से उन्हें परामर्श देकर घर भेज दिया गया।
चार दिन बाद हालत बिगड़ने पर उन्हें 16 जून को जीएमसीएच-32 में ले जाया गया। जहां उनका कोरोना टेस्ट किया गया और तीन दिन बाद उनकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इसके बाद इस महिला के परिवार के 19 लोगों और दो कम्युनिटी कॉन्टेक्ट के सैंपल लिए गए। कुल 21 टेस्ट रिपोर्ट में 14 पॉजिटिव और सात नेगेटिव पाए गए। 19 में से घर के 12 सदस्य पॉजिटिव हैं जबकि सात की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। इसके अलावा इस परिवार के संपर्क में आए दो लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है।
मौलीजागरां में पॉजिटिव मिले मरीजों में 18 साल का युवक, 32 साल की महिला, 9 साल की बच्ची, 32 साल की एक महिला, 12 साल की बच्ची, 5 साल की बच्ची, 30 साल की महिला, 9 साल के दो लड़के, सात साल की बच्ची, 40 साल की महिला और 40 साल का पुरुष शामिल हैं। इसके अलावा कम्युनिटी कॉन्टेक्ट में आए दो लोगों में 24 और 35 साल के दो युवक शामिल हैं।
जीएमएसएच-16 के स्टाफ समेत परिवार के 7 लोग पॉजिटिव
उधर, सेक्टर-24 निवासी जीएमएसएच-16 की 34 वर्षीय सफाई कर्मचारी समेत उसके परिवार के 7 सदस्य कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। वह महिला 16 जून तक जीएमएसएच-16 में ड्यूटी पर थी। इस दौरान वह अस्पताल के बाकी कर्मचारियों के संपर्क में थी। ऐसी स्थिति में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद एक बार फिर जीएमएसएच-16 के स्टाफ पर कोरोना के संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
वहीं, महिला सफाईकर्मी केपरिवार के संक्रमित सदस्यों में छह माह का बच्चा, 38 साल का पुरुष, छह साल की बच्ची, 10 साल की बच्ची, 12 साल की बच्ची और 57 साल की महिला शामिल है। इस परिवार के एक सदस्य में कुछ दिन पहले कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसके बाद संक्रमण की आशंका पर परिवार बाकी सदस्यों का कोरोना टेस्ट हुआ। परिवार के बाकी सदस्य भी पॉजिटिव पाए गए। इन सभी लोगों को जीएमएसएच-16 के आइसोलेशन वार्ड में एडमिट कर दिया गया है।
कोरोना पॉजिटिव महिला ने बच्ची को दिया जन्म
शनिवार को सेक्टर-26 बापूधाम कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव गर्भवती महिला ने जीएमएसएच-16 में एक बच्ची को जन्म दिया। महिला को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। बच्ची डॉक्टरों की निगरानी में है। एक हफ्ते बाद उसका कोरोना टेस्ट होगा। वहीं, सेक्टर-38 के संक्रमित परिवार की एक 3 वर्षीय बच्ची भी कोरोना की चपेट में आई है। वहीं, सेक्टर-39 निवासी 56 साल के पुरुष में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। वह पंजाब सरकार में ऑफिसर हैं। उनके परिवार में उनकी बेटी और पत्नी के सैंपल लिए गए हैं।
एक कोरोना पॉजिटिव मरीज डिस्चार्ज
सेक्टर-21 निवासी 57 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव महिला को शनिवार को डिस्चार्ज किया गया। शहर में अभी तक 316 कोरोना पॉजिटिव मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है।
इससे पहले 24 मई को मिले थे 23 मरीज
इससे पहले 1 दिन में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले 24 मई को सामने आए थे। उस दिन चंडीगढ़ में कोरोना के 23 मामले सामने आए थे, जिनमें से 22 मरीज अकेले बापूधाम के थे जबकि एक मरीज डड्डूमाजरा की तीन दिन की बच्ची थी, जिसकी कोरोना की चपेट में आने से मौत हो गई थी।