काजी इमरान मसूद ने मोदी पर दिया विवादास्पद बयान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तरप्रदेश के सहारनपुर से कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक काजी इमरान मसूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का दुर्भाग्य हैं। उनकी सोच एक पार्षद के लायक भी नहीं है। उनके वादे सिर्फ अंबानी व अडानी के लिए हैं, जबकि जनता से किए वादे हवा हो गए हैं।
मसूद यमुनानगर के गांव खजूरी में राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। कार्यक्रम में हरियाणा कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर भी मौजूद रहे।
मसूद ने मंच से जहां सोनिया गांधी को त्याग की मूर्ति बताया, वहीं पीएम मोदी पर तीखे शब्दों से हमला किया। उन्होंने कहा कि मोदी मंगोलिया में अंबानी और अडानी के लिए काम करना चाहते हैं, इसलिए मंगोलिया में जाकर सौ करोड़ रुपये की मदद देकर आए हैं।
मसूद ने कहा कि मोदी के दिल में किसान और गरीब का दर्द नहीं है। सत्ता में आने से पहले वे लोग एफडीआई का विरोध करते थे, लेकिन सत्ता में आते ही उसे लागू करने का काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर देश में गुजरात मॉडल लागू हो गया तो हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये देने का दावा करने वाले मोदी आपसे ही 15 लाख रुपये लेंगे।
'पूरी दुनिया में जाकर देश का सिर झुका रहे हैं'
मसूद ने पीएम मोदी के साथ हरियाणा सरकार पर भी जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की सड़कों की हालत आपने देख ली है। यहां मुख्यमंत्री भी उस व्यक्ति को बना दिया है, जिसे कोई प्रशासनिक अनुभव ही नहीं था। उन्होंने सोनिया गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि मदर टैरेसा के बाद सोनिया गांधी ने ही सबसे अधिक त्याग किया है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने झूठ बोलकर सत्ता हथियाई है। प्रधानमंत्री ने जनता से किया कोई भी वादा पूरा नहीं किया है।
कांग्रेस की दी हुईं योजनाएं लागू कर रही बीजेपी: मसूद ने कहा कि बीजेपी सरकार जो योजनाएं लागू कर रही है। वह सभी कांग्रेस की ही दी हुई है। मोदी काला धन वापस लाने की बात कहते हैं, लेकिन काला धन तो अंबानी और अडानी के पास है। पाक को नेस्तनाबूद करने की बात कहने वाले मोदी ने प्रधानमंत्री बनते ही सबसे पहले नवाज शरीफ को बुलाया।
कश्मीर में धारा 370 खत्म करने की बात कहने वाले प्रधानमंत्री ने कश्मीर में सरकार उन लोगों के साथ बनाई, जो देश द्रोहियों की मदद करते हैं। आज मोदी पूरी दुनिया में जाकर देश का सिर झुका रहे हैं। मसूद ने यहां तक कह डाला कि मोदी अमेरिका और चाइना में बेइज्जती कराकर आए हैं।