SYL पर मोदी की चुप्पी को लेकर कांग्रेस का सवाल, पीएम को दी राष्ट्रधर्म की नसीहत
एसवाईएल पर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एआईसीसी के मीडिया विभाग के चेयरमैन व विधायक रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी एसवाईएल पर राष्ट्र धर्म निभाने में पीठ न दिखाएं।
उन्हें राजधर्म की पालना कर संविधान को सर्वोच्च मानते हुए हरियाणा को उसके हक का पानी दिलाना चाहिए। कोई भी राजनीतिक कारण व चुनाव की प्राथमिकता राष्ट्र धर्म से बड़ी है।
उन्हें इनकी तिलांजलि देकर कार्य करना होगा। ये समय दोनों राज्यों में झगड़े या भावनाओं को भड़काने का नहीं, बल्कि न्याय दिलाने का है। जलसा-जलूस के माध्यम से हरियाणा को उसका हक नहीं मिलेगा।
'हर दो मिनट में ट्वीट करने वाले मोदी मौन बैठे हैं'
रणदीप ने कहा कि हर दो मिनट में ट्वीट करने वाले मोदी, एसवाईएल के मुद्दे पर मौन बैठे हैं। उन्हें अगले 48 घंटे में संज्ञान लेकर इसका हल निकालना चाहिए।
एसवाईएल के लिटमस टेस्ट में अभी तक मोदी सरकार फेल रही है। उन्होंने हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अभी प्रदेश की राजनीति में नए हैं, उन्हें हरियाणा के इतिहास और तथ्यों को टटोलने की जरूरत है।
खुद ब खुद पता चल जाएगा कि कांग्रेस ने एसवाईएल का पानी हासिल करने के लिए कितनी लड़ाई लड़ी। उंगली काटकर शहीद बनने का कोई फायदा नहीं।