फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Congress protests in Punjab against the central government

केंद्र सरकार के खिलाफ पंजाब में कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन, पठानकोट में सामने आई गुटबाजी

Fri, 15 Nov 2019 06:45 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पठानकोट/बठिंडा/कपूरथला (पंजाब)
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पठानकोट/बठिंडा/कपूरथला (पंजाब) Published by: ajay kumar Updated Fri, 15 Nov 2019 06:45 PM IST
विज्ञापन
Congress protests in Punjab against the central government
सुनील जाखड़

केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ पंजाब में कांग्रेस ने जमकर प्रदर्शन किया। कई जिलों में कांग्रेस नेताओं ने रैलियां निकालकर अपना विरोध जताया। कांग्रेस ने प्रदर्शन की शुरूआत लुधियाना से की। यहां पर प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ भी मौजूद रहे। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। पठानकोट, बठिंडा और कपूरथला समेत पूरे पंजाब में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।

विज्ञापन


पठानकोट में कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार का पुतला भी फूंका। पठानकोट के वाल्मीकि चौक में रोष प्रदर्शन किया और रैली निकाल सलारिया चौक में सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शन में सैकड़ों कांग्रेसी तो पहुंचे लेकिन गुटबाजी के चलते सभी मौजूदा और पूर्व विधायकों ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। 
विज्ञापन


मौजूदा पठानकोट विधायक अमित विज, भोआ विधायक जोगिंद्रपाल और पूर्व विधायकों में अशोक शर्मा, रमन भल्ला भी इस कार्यक्रम से नदारद दिखे। हालांकि जिलाध्यक्ष संजीव बैंस ने कहा कि जहां वर्कर वहीं पार्टी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि उनके साथ जनता है, कांग्रेस भी एकजुट है और डटकर केंद्र सरकार की लोक विरोधी नीतियों की खिलाफत करेंगे। विस चुनाव से पहले किए वादों के बारे पूछने पर कहा कि युवाओं को नौकरियां मिल रही हैं, किसानों का कर्ज माफ हुआ है और स्मार्ट फोन भी जल्द मुहैया कराए जाएंगे। 

केंद्र के खिलाफ की नारेबाजी, सनी देओल को भी कोसा
धरने में पहुंचे जिलाध्यक्ष संजीव बैंस, ट्रस्ट चेयरमैन विभूति शर्मा, महिला विंग जिलाध्यक्ष रंजना महाजन समेत अन्य नेताओं ने केंद्र के खिलाफ भड़ास निकाली। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा तानाशाहों की सरकार है, जो लोग उनके साथ चले वही सुरक्षित हैं। खिलाफ चलने वालों की आवाज दबाने के लिए भाजपाई किसी भी हद तक जा सकते हैं। 

Congress protests in Punjab against the central government
पंजाब कांग्रेस का प्रदर्शन। - फोटो : अमर उजाला

प्रधान संजीव बैंस ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद से सनी देओल गायब हैं, जीतने के बाद 2-3 बार पठानकोट आए और चंद लोगों से फोटो खिंचवाकर लौट गए। जबकि सुनील जाखड़ ने अपने डेढ़ साल के कार्यकाल में रिकॉर्ड तोड़ विकास करवाया। रंजना महाजन ने कहा कि कांग्रेस लोगों की पार्टी है, लोगों के लिए ही काम करती है, लेकिन भाजपा की केंद्र सरकार उद्योगपतियों के लिए काम करती है। इस मौके पर उनके साथ महासचिव राकेश बबली, गणेश महाजन, जोगिन्द्र पहलवान, ठाकुर रणधीर बिट्टा काटल, अजय कुमार, अमित मित्तू, कपिल मल्होत्रा, आनुष मन्हास व अन्य उपस्थित रहे।

‘केंद्र सरकार की नीतियां लोगों के खिलाफ’   
बठिंडा देहात व शहरी कांग्रेसी वर्करों ने फायर बिग्रेड के आगे केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ धरना देकर सरकार की अर्थी फूंकी। कांग्रेस जिला देहात अध्यक्ष खुशबाज सिंह जटाणा ने कहा कि केंद्र सरकार की लोक विरोधी नीतियों के कारण आम आदमी का जीना दूभर हो गया है। इस सरकार ने नोटबंदी व टैक्सों का बोझ डालते हुए देश की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर दिया। नौजवानों को बेरोजगारी के रास्ते धकेल रखा है।

चेयरमैन नगर सुधार ट्रस्ट केके अग्रवाल, जनरल सचिव पीपीसीसी अशोक कुमार, सीनियर कांग्रेसी नेता जगरूप गिल, राजन गर्ग एडवोकेट ने कहा कि केंद्र सरकार का ध्यान बिल्कुल भी आम नागरिक की तरफ नही है। महंगाई आसमान छू रही है। कांग्रेस के शहरी अध्यक्ष अरूण वधावन ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के समय देश काले दौर में से गुजर रहा है। 

कुंडी’ लगाकर कांग्रेस का महंगाई पर हमला 

Congress protests in Punjab against the central government
पठानकोट में फूंका पुतला। - फोटो : अमर उजाला

कपूरथला कांग्रेस कमेटी ने सरेआम ‘कुंडी’ लगाकर बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। पुलिस सुरक्षा के बीच कांग्रेसी नेता मंच से तो केंद्र की नीतियों की निंदा करते जमकर भड़ास निकालते दिखे, लेकिन खुद साउंड सिस्टम को चलाने के लिए करीब तीन घंटे तक बिजली चोरी करते रहे। हालांकि साउंड सिस्टम चलाने के लिए बाकायदा जेनरेटर भी साइड में खड़ा था, पर उसका इस्तेमाल तक नहीं किया गया। 

जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कोआर्डिनेटर दलजीत राजू के नेतृत्व में ब्लाक शहरी प्रधान राजिंदर कौड़ा और देहात प्रधान अमरजीत सिंह सैदोवाल की देखरेख में महंगाई के खिलाफ स्थानीय शालामार बाग में जिला स्तरीय धरना दिया गया।

इसमें फगवाड़ा से विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल, पूर्व मंत्री जोगिंदर सिंह, भुलत्थ से कांग्रेसी नेता राजिंदर सिंह राणा समेत जिले के चारों सब-डिवीजन से कांग्रेसी पदाधिकारी व नेता पहुंचे। सुबह साढ़े नौ बजे धरना शुरू किया गया। व्यस्तता के चलते कपूरथला विधायक राणा गुरजीत सिंह और सुल्तानपुर लोधी विधायक नवतेज सिंह चीमा धरने में नहीं पहुंचे। 

धरने के कोआर्डिनेटर दलजीत सिंह राजू ने कुंडी लगाने से अनभिज्ञता जताते हुए इसे गलत करार दिया। कहा, वह ब्लाक कांग्रेस से पता करवाएंगे। वहीं शहरी प्रधान कपूरथला राजिंदर कौड़ा ने कहा कि हमने तो जेनरेटर मंगवाया था, उनके हिसाब से तो जेनरेटर से साउंड सिस्टम चल रहा है।

जहां इतने पैसे खर्च किए तो थोड़े और हो जाते है। वह इस बारे में पता करवाते हैं। धरना खत्म होने के बाद पहुंचे पावरकॉम के एसई इंद्रपाल सिंह ने कहा कि बिजली चोरी करना गलत है। ऐसा नहीं करना चाहिए। वह तुरंत कर्मचारियों के भेजते हैँ। उधर, एसडीएम पावरकॉम दरबारा सिंह ने कहा कि जब तक वह पहुंचे तो धरना खत्म हो चुका था और कहीं कोई कुंडी नजर नहीं आई। 

सुनील जाखड़ बोले-भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं बचा

सरकार की नीतियों के खिलाफ शुक्रवार को लुधियाना मिनी सचिवालय के सामने धरना दिया गया। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ की अगुवाई में लगाए गए धरने में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार कैप्टन संदीप संधू, विधायक सुरिंदर डाबर और विधायक संजय तलवाड़ समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। 

धरने के दौरान प्रधान सुनील जाखड़ ने देश की गिरती अर्थव्यवस्था और डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी के लिए मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। इसके लिए सीधे तौर पर भाजपा की गलत नीतियां जिम्मेदार है। सुनील जाखड़ ने सिख बंदियों को रिहा करने के मुद्दे पर मोदी सरकार को अपना रुख स्पष्ट करने की बात कही। 

उन्होंने कहा कि नीरव मोदी, विजय माल्या बैंकों का करोड़ों रुपया लेकर विदेश भाग गए और मोदी सरकार उनकी भरपाई आरबीआई में जमा सरकारी पैसे के माध्यम से कर रही है। कांग्रेस द्वारा करतारपुर कॉरिडोर और सुप्रीम कोर्ट द्वारा राम मंदिर मुद्दे को हल किए जाने के बाद भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। 

मोदी सरकार की लोक विरोधी नीतियों के चलते देश भर में धरने और प्रदर्शन किए जा रहे हैं। पंजाब में इसकी शुरुआत लुधियाना से की गई है। इस अवसर पर जिला प्रधान अश्विनी शर्मा, मेयर बलकार सिंह, केके बावा, पंजाब सचिव सुनील कपूर, गुरप्रीत सिंह बस्सी गोगी, पार्षद नरिंदर शर्मा काला, पार्षद सन्नी भल्ला, पार्षद पंकज काका, महिला विंग की जिला अध्यक्ष लीना टपारिया, कुलवंत सिंह सिद्धू, नरेश धींगान और नवकार काला जैन मौजूद थे।

होशियारपुर में भी केंद्र सरकार के खिलाफ धरना

होशियारपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रधान डा. कुलदीप नंदा की अगुवाई में मिनी सचिवालय के समीप केंद्र सरकार के खिलाफ रोष धरना दिया। धरने में कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार संगत सिंह गिलजियां (कैबिनेट रैंक), विधायक पवन कुमार आदिया, विधायक डा. राज कुमार, विधायक अरुण डोगरा मिक्की, विधायक इंदू बाला, पूर्व विधायक लव कुमार गोल्डी, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन एडवोकेट राकेश मरवाहा, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षा तरनजीत कौर सेठी, शहरी अध्यक्ष मुकेश डावर मिंटू व देहाती अध्यक्ष कैप्टन कर्मचंद ने शिरकत की।

 कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने कहा कि मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण इंडस्ट्री का बुरा हाल हो रहा है तथा हम इंडस्ट्री के क्षेत्र में पिछड़ रहे हैं। सबका साथ सबका विकास की बात करने वाली भाजपा सरकार सिर्फ अपने चहेतों का विकास कर रही है और उसे जनता के दर्द की कोई परवाह नहीं है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed