{"_id":"b6e1c092c63114443e561101f4b8ba6b","slug":"congress-leader-sukhpal-khaira-join-aam-aadmi-party-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंजाब कांग्रेस को झटका, सुखपाल खैरा आप में शामिल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पंजाब कांग्रेस को झटका, सुखपाल खैरा आप में शामिल
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़।
Updated Sat, 26 Dec 2015 11:12 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुखपाल खैरा आखिर आम आदमी बन गए हैं। शुक्रवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में खैरा औपचारिक तौर पर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। आप के पंजाब प्रभारी संजय सिंह और सूबा लीडरशिप ने उनका पार्टी में स्वागत किया। खैरा के समर्थक भी साथ आए थे।
विज्ञापन
पाला बदलते ही खैरा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश प्रधान कैप्टन अमरिंदर पर तीखा हमला बोला। आमतौर पर सीएम प्रकाश सिंह बादल के खिलाफ मुखर होने वाले खैरा का निशाना इस बार कैप्टन थे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि राहुल ने पार्टी में जेनरेशन चेंज की विचारधारा दी थी। पर महज एक चुनाव जीतने के लिए उन्होंने इसे दरकिनार कर कैप्टन अमरिंदर, अंबिका सोनी और लाल सिंह जैसे नेताओं को कमान सौंप दी। कैप्टन के खिलाफ भ्रष्टाचार के केस हैं। लाल सिंह पर सरकार में रहते हुए लोकपाल ने जांच के बाद कई गंभीर आरोप लगाए थे।
विज्ञापन
खैरा ने कहा कि कांग्रेस और शिअद अंदरखाते मिले हुए हैं। ये बारी-बारी से सरकार अपने पास रखना चाहते हैं, ताकि तीसरी पार्टी को दूर रखा जा सके। खैरा ने कहा कि कैप्टन के खिलाफ भ्रष्टाचार मामले की सुनवाई को आठ साल हो गए, लेकिन कोई फैसला नहीं हुआ। वहीं, बादल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस खत्म हो गया। इसमें गवाह के रूप में पेश हुए अफसरों को लालच दिया गया, दूसरे गवाहों को धमकाया गया।
अब बादल की शह पर कैप्टन के खिलाफ ठोस पैरवी नहीं की जा रही। इससे साफ है कि दोनों की मिलीभगत है। पिछले दिनों कैप्टन की पत्नी परनीत कौर और बेटे रणइंदर सिंह के स्विस बैंक में खातों की बात सामने आई है। इसलिए अब समय आ गया है कि दोनों रजवाड़े और जागीरदार परिवारों को पंजाब से चलता किया जाए। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों को लेकर वह उच्च अदालतों में जाएंगे।
खैरा ने कहा कि बदले की राजनीति का आरोप लगाने वाले कैप्टन ने अपना केस तो लड़ लिया, पर किसी वर्कर का केस नहीं उठाया। पिछले डेढ़ साल से वह पार्टी में घुटन महसूस कर रहे थे। इसलिए अलविदा कह दिया। वह आप में बिना शर्त आए हैं, पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, निभाएंगे। आप कन्वीनर अरविंद केजरीवाल की तारीफ करते हुए खैरा ने कहा कि उन्होंने सियासत में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम शुरू की है, वह पंजाब में भी चलनी चाहिए।
आप से जुड़ना अवसरवाद नहीं:
खैरा ने कहा कि आप ज्वाइन करना अवसरवाद नहीं, वह सूबे की भलाई के लिए ऐसा कर रहे हैं। उन पर एक दिन पहले तक पार्टी न छोड़ने का दबाव डाला जा रहा था, राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया जा रहा था।
संजय सिंह ने कहा कि खैरा बिना शर्त शामिल हुए हैं। क्या खैरा सीएम प्रत्याशी होंगे, के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी तय करेगी कि उन्हें क्या जिम्मेदारी दी जाए। पिछले दिनों हुई रैलियों में काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, पंजाब में पार्टी दिल्ली का प्रदर्शन दोहराएगी।
सांसद भगवंत मान से पूछा गया कि क्या वह खैरा को शामिल करने के खिलाफ थे। इस पर मान ने कहा कि वह हमेशा कहते हैं कि पार्टी को अच्छे लोगों की जरूरत है। इस मौके पर सूबा कन्वीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर भी मौजूद थे।