हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन: पीएम-सीएम पर भड़की कांग्रेस, कहा-राजनीतिक छींटाकशी की बजाय सवालों का जवाब देते
बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में रविदास धर्मशाला पहुंचे हुड्डा ने पत्रकारवार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री को बताना चाहिए था कि कैसे प्रदेश की भाजपा सरकार ने हरियाणा को विकास में नंबर वन के पायदान से धकेलकर गर्त में पहुंचा दिया है।
विस्तार
हिसार एयरपोर्ट का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन करने पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पीएम मोदी व प्रदेश सरकार को निशाने पर लिया है। सुरजेवाला ने कहा है कि पीएम मोदी का प्रदेश में स्वागत है, मगर उनके आगमन से प्रदेश को फायदा होने के बजाय राज्य के हितों पर कुठाराघात व हरियाणवियों से हो रहे अन्याय पर अनेक सवाल खड़े हो गए हैं। पीएम, केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार को जनता के सवालों के जवाब देना चाहिए।
वहीं भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रधानमंत्री के भाषण पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि राजनीतिक छींटाकशी की बजाय सरकार को हरियाणा में बढ़ती बेरोजगारी, खाली पड़े लाखों पदों, बिगड़ती कानून व्यवस्था और विकास के गिरते स्तर के बारे में बात करनी चाहिए। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में रविदास धर्मशाला पहुंचे हुड्डा ने पत्रकारवार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री को बताना चाहिए था कि कैसे प्रदेश की भाजपा सरकार ने हरियाणा को विकास में नंबर वन के पायदान से धकेलकर गर्त में पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सभी कौशल कर्मियों को सरकार ने पक्का करने का वादा किया था, लेकिन तीसरी बार सरकार बनते ही भाजपा ने युवाओं को बेरोजगारी के दलदल में धकेलने का काम शुरू कर दिया।
कांग्रेस ने ये सवाल पूछे
- हिसार एयरपोर्ट के लिए प्रदेश सरकार ने 7,200 एकड़ सरकारी जमीन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को दी है। इस जमीन की कीमत 15,000 करोड़ से अधिक है। फिर भी राज्य सरकार व हरियाणवी हिसार एयरपोर्ट के मालिक क्यों नहीं हैं?
- हिसार एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की व्यवस्था क्यों नहीं? ऐसे में कार्गो एयरपोर्ट कैसे बनाएंगे?
- हिसार एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल के निर्माण में 180 करोड़ रुपये पीडब्लूडी विभाग ने खर्च किए, जबकि बाउंड्री वॉल बिना नींव के बना दी गई। डीजीसीए के मापदंड सहित अन्य उल्लंघन के बावजूद जल्दबाजी में पीएम ने उद्घाटन क्यों किया?
- बगैर नींव के बनाई बाउंड्री वॉल के कारण जहाज उड़ने या लैंड के दौरान कोई जानवर रनवे पर आने से बड़ा हादसा हो सकता है।
- भाजपा सरकार ने अलायंस एयर एविएशन लिमिटेड से समझौता किया है कि कंपनी एक साल तक छह यात्री फ्लाइट हिसार एयरपोर्ट से उड़ाएगी और उसके टिकटों में घाटे का खर्चा सरकार वहन करेगी। यह पैसा सामान्य वर्ग के गरीबों व दलितों व पिछड़ों के कल्याण के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए?
- कांग्रेस सरकार ने साल 2008-09 में 600 मेगावॉट का यमुना नगर थर्मल पॉवर प्लांट शुरू किया। इसमें 11 साल की देरी क्यों?
- पीएम कार्यालय व सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी ने जून-जुलाई 2023 में राज्य सरकार द्वारा मौजूदा 800 मेगावॉट यमुना नगर थर्मल पॉवर प्लांट लगाने का विरोध क्यों किया।
- यमुना नगर में थर्मल पवर प्लांट के लिए तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस सरकार ने साल 2008 से पहले यहां 1011 एकड़ जमीन एक्वायर कर रखी थी व रेल व कोल लिंकेज उपलब्ध था। क्या पीएम व सीएम कांग्रेस पार्टी की दूरदर्शिता का धन्यवाद करेंगे।