CMO-मंत्री विवाद: रिकार्डिंग से खफा है सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चीफ मेडिकल अफसर डा. वंदना भाटिया और राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी के बीच चल रहा विवाद और तूल पकड़ने लगा है। इस विवाद की बड़ी जड़ है राज्यमंत्री और सीएमओ के बीच मोबाइल वार्ता की वो रिकार्डिंग जो वायरल हो चुकी है। हालांकि इस रिकार्डिंग में सीएमओ और राज्यमंत्री की तकरार रिकॉर्ड है।
लेकिन सरकार इस बात से खफा है कि राज्यमंत्री के फोन की आखिरकार रिकार्डिंग क्यों की गई और रिकार्डिंग करने के बाद ये मोबाइल रिकार्डिंग को वायरल क्यों किया गया।
सरकार इस बात को मालूम करना चाहती है कि जब ये बात सीएमओ और राज्यमंत्री के बीच हुई थी, तो किस व्यक्ति ने इस मोबाइल रिकार्डिंग को वायरल किया? इस मोबाइल रिकार्डिंग को वायरल करने के पीछे आखिर मकसद क्या था?
भारतीय टेलीकॉम एक्ट के तहत अपराध
दरअसल, सरकार इन तमाम बातों का जवाब इसलिए चाहती है, क्योंकि सरकार इस कृत्य को सरकार को बदनाम करने की बड़ी साजिश मान रही है। ‘अमर उजाला’ से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्यमंत्री की रिकॉर्डिंग करना और फिर उसे वायरल करना ये बहुत हैरतअंगेज बात है।
उनके अनुसार वैसे तो ये भारतीय टेलीकॉम एक्ट के तहत अपराध भी है। लेकिन सरकार इस बात को जानना चाहती है कि मोबाइल रिकार्डिंग और उसे वायरल करने के पीछे किसका हाथ है और क्या मकसद है। विज के अनुसार ये कृत्य सीधे-सीधे सरकार को बदनाम करने की बड़ी साजिश है, जिसे लेकर प्रदेश सरकार बेहद खफा है।
विज के अनुसार ये मामला अब उन तक सीमित नहीं है, इस मामले को अब सीधे मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर देख रहे हैं। इस मामले में क्या करना है? क्या नहीं, ये भी सीएम खट्टर ही तय करेंगे। क्योंकि राज्यमंत्री ने इस पूरे प्रकरण की शिकायत सीएम खट्टर से कर दी है। लेकिन सरकार को बदनाम करने की नीयत से इस तरह की साजिश तो कतई बरर्दाश्त के काबिल नहीं है।
स्वास्थ्य मंत्री के सामने सीएमओ ने रखा पक्ष
उधर, शनिवार अपराह्न इसी मामले में कुरुक्षेत्र की सीएमओ डा. वंदना भाटिया अपने परिजनों के साथ मुलाकात करने अंबाला कैंट स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के आवास पर पहुंची।
डा. वंदना ने मंत्री के समक्ष अपना पूरा पक्ष रखा। उसके बाद वे रवाना हो गई। डा. वंदना से कहा कि वे इस मसले पर मंत्री के समक्ष अपना पक्ष रखने आई थी और उन्होंने मंत्री को सारी को वस्तुस्थिति से अवगत करवा दिया है।
उधर, इस बारे में सेहत मंत्री अनिल विज ने कहा कि सीएमओ ने उनके समक्ष अपना पक्ष रखा है और वे उनका पक्ष ज्यों के त्यों सीएम खट्टर के समक्ष रख देंगें, क्योंकि वे ही अब इस मसले को देख रहे हैं। सीएम खट्टर ही मामले में आगामी कार्रवाई करेंगे।