#MeToo मामला: विदेश से लौटकर मंत्री पर फैसला लेंगे पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब की सियासत में एक मंत्री के खिलाफ उठे ‘मीटू’ मामले में शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि उनके पास इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ और पार्टी प्रभारी आशा कुमारी ने कहा कि पार्टी के पास किसी ने भी कोई शिकायत नहीं भेजी है। अगर कोई शिकायत मिलती तो अवश्य कार्रवाई की जाती। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित मंत्री के बारे में अंतिम फैसला मुख्यमंत्री के विदेश दौरे से लौटने पर होगा।
पंजाब भवन में पत्रकारों से औपचारिक बातचीत में इस संबंध में पूछे सवाल पर आशा कुमारी ने कहा कि पार्टी के पास कोई शिकायत नहीं पहुंची है। सरकार की ओर से भी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं आई है, इसलिए पार्टी इसमें कोई कदम नहीं उठाएगी। हालांकि आशा कुमारी ने यह भी कहा कि किसी को मैसेज भेजना सैक्सुअल हरासमेंट का मामला नहीं माना जा सकता।
वहीं सुनील जाखड़ ने कहा कि इस मामले पर मुख्यमंत्री कार्रवाई कर चुके हैं। यह पूछे जाने पर कि अगर उनके पास किसी महिला द्वारा ऐसी शिकायत लाई जाती है तो क्या करेंगे, इस पर जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के प्रति अपनी नीतियों का पालन करेगी। अगर किसी भी नेता या कार्यकर्ता पर ऐसा कोई आरोप साबित हुआ तो उसे पार्टी से बाहर करने से हिचकिचाएगी नहीं।
यह है मामला
कुछ हफ्ते पहले सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की कैबिनेट के एक मंत्री के खिलाफ सूबे की ही महिला आईएएस अधिकारी ने मुख्यमंत्री को शिकायत दी थी। उनका कहना था कि मंत्री उन्हें आपत्तिजनक मैसेज भेज रहा है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने इस्राइल से बयान जारी किया था कि उस समय महिला अधिकारी की शिकायत पर उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए मंत्री को बुलाकर अधिकारी से माफी मांगने को कहा था। मंत्री द्वारा माफी मांग लिए जाने के बाद महिला अधिकारी ने भी कार्रवाई पर संतोष जताया था और मामला समाप्त हो गया।