उद्धाटन पर बवाल: लुधियाना में भिड़े विधायक और शिअद यूथ प्रधान समर्थक, जमकर चले लात-घूसे
पंजाब के लुधियाना में एक सड़क का उद्घाटन सियासी आखड़े में बदल गया। विधायक सिमरजीत सिंह बैंस और शिअद यूथ प्रधान के समर्थक के बीच जमकर बवाल मचा। नौबत लात-घूसों तक आ गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गिल रोड जनता नगर इलाके में सड़क निर्माण के उद्घाटन को लेकर लोक इंसाफ पार्टी के प्रधान व विधायक सिमरजीत सिंह बैंस और शिरोमणि अकाली दल के जिला यूथ प्रधान गुरदीप सिंह गोशा में जमकर मारपीट हुई। दोनों तरफ से लात घूसे चलाए गए। इस दौरान विधायक बैंस और उनके बेटे ने गुरदीप सिंह गोशा और उनके साथियों पर हमला किया तो गोशा ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। मारपीट के दौरान दोनों के समर्थकों की पगड़ियां उतरीं। दोनों पक्षों ने आपत्तिजनक शब्दावली का इस्तेमाल किया।
काफी समय तक दोनों गुटों में विकास कार्यों के लिए क्रेडिट वार चलता रहा और काफी देर तक हंगामा चला। सरकार की तरफ से लगाए गए वीकेंड कर्फ्यू की भी जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी और थाना डिविजन छह की पुलिस भी पहुंची।
पुलिस ने दोनों गुटों को वहां से भेजा और मामला शांत किया। उसके बाद दोनों गुटों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी। गौर हो कि पंजाब में 2022 में विधानसभा चुनाव हैं और अपने अपने इलाके में नेता सक्रिय होने लगे हैं। विकास कार्यों को लेकर क्रेडिट वार शुरू कर दिया है। एक दूसरे का विरोध भी जारी है।
शिरोमणि अकाली दल के यूथ प्रधान गुरदीप सिंह गोशा ने बताया कि जिस सड़क के निर्माण का उद्घाटन करने लोक इंसाफ पार्टी के प्रधान और विधायक सिमरजीत सिंह बैंस पहुंचे थे, वह उसका उद्घाटन पहले भी दो बार कर चुके है। वह लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं। असल में इस सड़क का निर्माण 2016 में पूर्व मेयर हरचरण सिंह गोहलवड़िया ने किया था। इसके बाद विधायक बैंस ने उद्घाटन किया।
रविवार को जब दोबारा वह उद्घाटन करने पहुंचे तो पूर्व मेयर के बेटे अमन और वह अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचे, ताकि विधायक बैंस से पूछा जा सके कि वह किस हक से उद्घाटन कर रहे हैं। इसी दौरान विधायक बैंस और उनका बेटा अपने साथियों के साथ गाली-गलौज पर उतार आया। जब उन्होंने विरोध किया तो उन पर व उनके साथियों पर हमला कर दिया गया। इस दौरान उनके एक साथी को काफी चोट आई और कुछ युवकों की पगड़ियां भी उतर गईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक बैंस हर बार अपनी पगड़ी उठाकर पुलिस पर आरोप लगाते थे कि उनकी पगड़ी उतार दी गई। अब बैंस और उनके बेटे ने गुंडागर्दी कर उनके साथियों की दस्तार की बेअदबी की और गुरु की दी निशानी का भी मान नहीं रखा। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो वह विरोध तेज करेंगे।
गोशा ने खुद की गुंडागर्दी : बैंस
लोक इंसाफ पार्टी के प्रधान और विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने कहा कि वह इलाका विधायक हैं और यह वार्ड उनके इलाके में आता है। सड़क का निर्माण उनके खाते से हो रहा था। वह साथियों के साथ उद्घाटन करने पहुंचे थे। बैंस ने आरोप लगाया कि गोशा और पूर्व मेयर के बेटे अमन ने आकर विरोध करना शुरू कर दिया।
जब उन्होंने बात करने के लिए कहा तो उनके खिलाफ गलत शब्दावली का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद गाली-गलौज करने पर उतर आए। वहां मौजूद लोगों ने गोशा और उसके साथ मारपीट की। गोशा और अमन ने भी उन पर हमला किया और उन्हें मारने की कोशिश की व उनकी दस्तार उतारने की कोशिश की। बैंस ने आरोप लगाया कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए अकाली दल ओछी राजनीति पर उतर आई है। वह मामले की शिकायत पुलिस के पास कर चुके हैं।
जांच के बाद करेंगे कार्रवाई
थाना डिविजन छह के एसएचओ इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह बराड़ ने कहा कि दोनों पक्षों की तरफ से उनके पास शिकायत आ गई है। जो वीडियो वायरल हुआ है, उसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।