{"_id":"56e97c104f1c1b4d6b8b45c6","slug":"claimed-of-aap-leader-sukhpal-khaira-punjabi-prisoners-killed-in-iraq","type":"story","status":"publish","title_hn":"आप नेता सुखपाल खैरा का दावा, इराक में फंसे पंजाबियों की हो चुकी है हत्या","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आप नेता सुखपाल खैरा का दावा, इराक में फंसे पंजाबियों की हो चुकी है हत्या
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
Updated Thu, 17 Mar 2016 10:14 AM IST
विज्ञापन
सुखपाल खैरा
- फोटो : file photo
आम आदमी पार्टी के नेता सुखपाल खैरा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की ओर से इराक में फंसे 39 पंजाबियों के जीवित होने के दावे झूठे हैं। इस मामले में आतंकियों से चंगुल से बच कर लौटे एकमात्र युवक हरजीत मसीह निवासी काला अफगाना ने कहा है कि सभी 39 युवकों को आतंकियों ने मार दिया। जबकि, सुषमा बार-बार बयान दे रही हैं कि सभी पंजाबी जीवित हैं। दो साल से केंद्र सरकार यही राग अलाप रही है कि सभी सही-सलामत हैं।
विज्ञापन
खैरा के निवास पर प्रेस कांफ्रेंस में हरजीत मसीह ने बताया कि आतंकियों ने उसके सामने ही 39 नौजवानों को गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया था। वह इसलिए बच गया क्योंकि जैसे ही गोलियां चलनी शुरू हुईं, वह नीचे लेट गया, एक भारी व्यक्ति की ओट में होने केकारण बच गया। मसीह ने बताया कि उसके समेत सभी चालीस भारतीय मौसूल शहर में एक कंपनी में काम करते थे, जहां काफी बांग्लादेशी भी थे।
विज्ञापन
आतंकवादी सभी को अगवा करके एक पहाड़ी पर ले गए। जहां भारतीयों और बांग्लादेशियों को अलग कर दिया गया और कतार में खड़ा करके गोलियां दाग दी गईं। पंद्रह मिनट बाद उसे होश आया तो उसने अपने दोस्तों को पुकारा, पर किसी ने जवाब नहीं दिया। वह किसी अंजान रास्ते पर चलता रहा और दोबारा आतंकियों के चंगुल में फंस गया। उसने यह कह कर जान बचाई कि वह बांग्लादेशी है। फिर आतंकियों ने उसे फैक्ट्री भेजने का प्रबंध कर दिया।
विज्ञापन
जहां से वह भारतीय एंबेसी पहुंच गया और भारत आया। यहां एक साल तक खुफिया एजेंसियों ने उसे अलग-अलग जगहों पर रखा। मसीह ने कहा कि वह 39 भारतीयों की हत्या का चश्मदीद गवाह है, फिर भी भारत सरकार मान कर चल रही है कि वे जीवित हैं।
खैरा ने कहा कि केंद्र सरकार ने नौजवानों के परिजनों से फोन पर उनकी बात कराने की कोशिश तक नहीं की। बेहतर है कि केंद्र इस मामले में असलियत बयान कर दे ताकि परिजन यह स्वीकार कर लें कि नौजवान अब इस दुनिया में नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि केंद्र हर परिवार को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा और सभी मेंबरों को सरकारी नौकरी दे।