धनतेरस पर धनवर्षा: चंडीगढ़ में 750 करोड़ का रिकॉर्ड कारोबार, 100 किलो सोना बिका; देर रात तक चली खरीदारी
सर्राफा बाजार में लोगों ने करीब 100 किलो सोना खरीदा और सोने का कारोबार 150 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। 500 किलो से ज्यादा चांदी बिकी। वहीं, गहनों की बिक्री भी जोर-शोर से हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ के बाजारों में धनतेरस पर खरीदारी का जबरदस्त उत्साह दिखा। बर्तन बाजार, सर्राफा मार्केट, ऑटोमोबाइल शोरूम और इलेक्ट्रॉनिक स्टोर्स में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ रही। देर रात तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। व्यापार मंडल के अनुसार इस धनतेरस पर 710 से 750 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
सर्राफा कारोबारी सुंदर ज्वैलर्स के मालिक महेंद्र खुराना ने बताया कि सोने की कीमतें ऊंची होने के बावजूद निवेश के लिए खरीदारी में कोई कमी नहीं आई। छोटे कस्टमर्स के लिए 1100 रुपये में सोने के सिक्के भी बिके। सोना पिछले 24 घंटे में 4000 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ। हालांकि, सोने में इस साल अब तक 54 हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल करीब 100 किलो सोना बिका था, लेकिन उस समय कारोबार 80 करोड़ रुपये का हुआ था। कई ग्राहकों ने 10 से 50 लाख रुपये तक की खरीदारी की है।
एसयूवी और प्रीमियम कारों की मांग सबसे ज्यादा
चंडीगढ़ रीजन ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजीव दहूजा के अनुसार, शहर के लगभग 40 शोरूमों में तीन दिन में 900 से 1000 गाड़ियां बिकने की संभावना है। इसमें एसयूवी और प्रीमियम कारों की मांग सबसे ज्यादा रही। अनुमान है कि इस बिक्री से लगभग 200 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र फेज वन बर्कले टाटा शोरूम के वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स) समीर ठाकुर का कहना है कि इस बार कारोबार काफी अच्छा है। उनके यहां 100 से ज्यादा गाड़ियों की डिलीवरी है।

रजिस्ट्री पहले करवाई अब धनतेरस पर चाबी ली
लोगों ने धनतेरस पर बड़े स्तर पर जमीन और फ्लैट खरीदने में भी निवेश किया। रियल एस्टेट कारोबारियों के अनुसार, ट्राइसिटी में इस दौरान लगभग 100 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। ज्यादातर खरीदारों ने रजिस्ट्री पहले कर ली थी और चाबी धनतेरस या दिवाली पर ली।

बर्तन और गिफ्ट मार्केट में रौनक
धनतेरस के दिन पारंपरिक बर्तन खरीदने की परंपरा बरकरार रही। दुकानों पर तांबे और पीतल के बर्तन, गिफ्ट पैक आइटम और सजावट सामग्री की बिक्री जोर-शोर से हुई। कई ग्राहकों ने 50 हजार से एक लाख रुपये तक का सामान खरीदा। इसके साथ टीवी, फ्रिज, एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी बिक्री में बढ़ोतरी हुई। शहर के इलेक्ट्रॉनिक शोरूमों ने अनुमानित 15 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार दर्ज किया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्डा ने बताया कि इस बार ग्राहकों का उत्साह जीएसटी स्लैब में बदलाव के कारण बढ़ा और बाजारों में भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 5-6 गुना ज्यादा रही।