चंडीगढ़ में 270 कैदियों को मिली थी पैरोल, तीन की हो चुकी मौत, हरियाणा के दो कैदी फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना महामारी की वजह से देशभर की जेलों से सैकड़ों कैदियों को पैरोल पर छोड़ा गया था। चंडीगढ़ बुड़ैल मॉडल जेल प्रशासन ने भी 270 कैदियों को पैरोल दी थी। इनमें पंजाब व चंडीगढ़ में नशा तस्करी व भ्रष्टाचार के मामले में सजा काट रहे तीन कैदियों की अलग-अलग बीमारियों से मौत हो गई है। वहीं, सोनीपत और जींद निवासी हत्या के दो कैदी फरार चल रहे हैं। पुलिस ने इन कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जेल प्रशासन ने कोविड-19 की वजह से सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर कैदियों को पैरोल पर छोड़ने का फैसला लिया था। इस दौरान बुड़ैल मॉडल जेल में बंद करीब 53 विचाराधीन, 215 दोषी व अन्य कैदियों को पैरोल पर छोड़ा गया था। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, झपटमारी, नशा तस्करी के अलावा चोरी की सजा काट रहे अपराधी शामिल थे। इन कैदियों के वापस लौटने की अलग-अलग अवधि तय की गई थी।
नवंबर महीने से कैदियों के लौटने का सिलसिला शुरू हो गया था। जेल प्रशासन के अनुसार, अब तक लगभग 200 से ज्यादा कैदी पैरोल से वापस लौट चुके हैं। वहीं, कोरोना के केस लगातार बढ़ने की वजह से जेल प्रबंधन कोई कोताही नहीं बरतना चाहता है, जिस कारण लौटने वाले कैदियों का कोरोना टेस्ट किया जा रहा है। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद जेल में बने बैरक में 10 दिन क्वारंटीन करने के बाद ही इन्हें दूसरे बैरक में भेजा जा रहा है।
इन कैदियों की हो चुकी मौत
पैरोल पर छूटे तीन कैदियों की अलग-अलग बीमारियों से मौत हो चुकी है। पंजाब के नवांशहर निवासी भूपिंदर पाल के खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-36 थाना थाने में दर्ज नशा तस्करी के मामले में सात साल की सजा हो रखी थी। 11 जून 2020 को उसे पैरोल पर छोड़ा गया था। वहीं, मलोया के रहने वाले जगजीत कुमार को भ्रष्टाचार के मामले में दो साल की सजा हुई थी।
23 अप्रैल को वह पैरोल पर बाहर आया था, जबकि राम दरबार निवासी धर्मेंद्र के खिलाफ नशा तस्करी के मामले में सात साल की सजा हो रखी थी। वह 14 मई को पैरोल पर बाहर आया था। इन सभी को अलग-अलग तारीख पर बुड़ैल जेल वापस लौटना था लेकिन इससे पहले इनकी मौत हो गई।
हत्या केस में उम्रकैद के दो कैदी फरार
पैरोल से फरार होने वाले दोनों कैदी हरियाणा के जींद निवासी बजिंदर और सोनीपत निवासी प्रदीप हैं। दोनों पर चंडीगढ़ के अलग-अलग थाने में हत्या का मामला दर्ज था। दोनों को उम्रकैद की सजा हो रखी है। बजिंदर को पहले और प्रदीप को दूसरे ग्रुप में पैरोल पर भेजा गया था।
दोनों को 15 से लेकर 20 नवंबर के बीच वापस जेल लौटना था लेकिन दोनों नहीं लौटे। कैदियों के जेल न लौटने पर जेल प्रबंधन ने दोनों के खिलाफ स्थानीय जिलाधिकारी को सूचना दी गई थी। इस आधार पर पुलिस ने मामला दर्जकर तलाश शुरू कर दी है।
पैरोल पर छूटे सात अपराधी दोबारा पहुंचे जेल
बता दें कि पैरोल पर छूटे ज्यादातर अपराधियों को चोरी के केस में सजा हो रखी थी। हैरानी की बात है कि पैरोल पर छूटे करीब सात ऐसे कैदी भी थे, जो अलग-अलग अपराध को अंजाम देकर दोबारा जेलों में पहुंच गए हैं, जबकि कई को जमानत मिल चुकी है।
पैरोल पर छूटे ज्यादातर कैदी वापस लौट चुके हैं। दो कैदी अभी तक नहीं लौटे हैं। स्थानीय अधिकारियों को इनके बारे में सूचित कर दिया गया है। -विराट, एडिशनल आईजी, बुड़ैल जेल चंडीगढ़।