फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Chandigarh: Movie theater will open from today in Chandigarh

चंडीगढ़: आज से खुलेंगे सिनेमाघर, दर्शक कल से देखेंगे फिल्में, 30 अक्तूबर के बाद ही खुलेंगे स्कूल

Thu, 15 Oct 2020 01:30 AM IST
ajay kumar संवाद न्यूज एजेंसी, चंडीगढ़
संवाद न्यूज एजेंसी, चंडीगढ़ Published by: ajay kumar Updated Thu, 15 Oct 2020 01:30 AM IST
सार

  • स्वीमिंग सूट घर से पहनकर आएंगे खिलाड़ी, तापमान जांचने के बाद पूल में मिलेगा प्रवेश 
  • ऑल वेदर स्वीमिंग पूल में आज भरा जाएगा पानी, एक-दो दिन में खिलाड़ी शुरू करेंगे अभ्यास 

विज्ञापन
Chandigarh: Movie theater will open from today in Chandigarh
आज से खुलेंगे सिनेमाघर। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कोरोना के चलते पिछले 206 दिनों से बंद पड़े सिनेमाघर गुरुवार से खुल जाएंगे लेकिन दर्शक शुक्रवार से फिल्में देख सकेंगे, वह भी पुरानी। कोई भी नई फिल्म इस शुक्रवार रिलीज नहीं हो रही है। ऐसे में दर्शकों को पंजाबी और पहले रिलीज हो चुकी बॉलीवुड फिल्में ही सिनेमाघरों में दिखाई जाएंगी। खास बात यह है कि सिनेमाघर के अंदर अब सबकुछ बदला-बदला नजर आएगा। अब पति-पत्नी भी एक सीट छोड़कर अलग-अलग बैठेंगे। दो लोगों के बीच एक कुर्सी को खाली छोड़ना अनिवार्य किया गया है।

विज्ञापन


प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, सिनेमाघरों को केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। उधर, सिनेमाघर संचालकों ने भी नियमों के अनुसार तैयारियां भी पूरी कर ली हैं। हालांकि विभिन्न एसडीएम की तरफ से भी कुछ दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और इसकी कॉपी संबंधित डीएसपी को भी भेजकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया है।
विज्ञापन


सिनेमाघर संचालक भी कई तरह के एहतिहात बरत रहे हैं। यही वजह है कि दर्शकों के अलावा स्टाफ के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। सफाईकर्मियों के लिए दस्ताने, जूते, मास्क, पीपीई किट आदि का प्रावधान है। वहीं, सिनेमाघर के अंदर सिर्फ डिब्बाबंद खाना या पेय पदार्थ ले जाने की अनुमति होगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


वहीं, अंदर केवल पैक्ड खाद्य पदार्थ ही बिकेगा। सिनेमाघर में प्रवेश से पहले मुख्यद्वार पर हर व्यक्ति के तापमान की जांच होगी, वहीं फिल्म शुरू होने से पहले हर व्यक्ति को सैनिटाइज किया जाएगा। मास्क लगाकर फिल्म देखने की शर्त पर ही अंदर प्रवेश मिलेगा।

कल से ये फिल्में देख सकेंगे लोग

पीवीआर सिनेमा: तानाजी, थप्पड़, शुभ मंगल ज्यादा सावधान, माई स्पाय, जॉन विक 3, वेदलाम (तमिल), मुकलावा, सरदार जी, कैरी ऑन जट्टा-2, किस्मत 
फन रिपब्लिक: चल मेरा पुत, कलंक, ब्लड शॉट
पिकाडली: चल मेरा पुत, किस्मत, कैरी ऑन जट्टा पार्ट- 2, हाउसफुल 4

चार चरणों में समझिए सिनेमाघर में आप कैसे देख पाएंगे फिल्म

पहला चरण : सिनेमाघर में प्रवेश के समय मास्क अनिवार्य, थर्मल स्क्रीनिंग, हाथों का सैनिटाइजेशन। साथ ही कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के लिए मोबाइल नंबर देना होगा।  

दूसरा चरण : हॉल के अंदर सिर्फ 50 प्रतिशत सीटों पर ही बैठने की अनुमति होगी। ऐसे में दर्शक एक सीट छोड़कर बैठेंगे। खाली रखने वाली सीटों पर निर्देश या टेप लगे होंगे। अंदर सिर्फ पैक्ड फूड ले जाने की अनुमति होगी। अंदर खाद्य पदार्थों की डिलीवरी नहीं मिलेगी। 

तीसरा चरण : शो से पहले, बाद में और इंटरवल से पहले और बाद में कोरोना जागरूकता पर 1 मिनट की फिल्म दिखाई जाएगी। एक शो खत्म होने के बाद पूरा हॉल सैनिटाइज किया जाएगा। इसके बाद दूसरी फिल्म शुरू होगी। हॉल के बाहर 6 फीट की दूरी के लिए जमीन पर मार्कर या फिर स्टीकर लगे होंगे। शो खत्म होने पर सीटों की कतार के हिसाब से दर्शकों को बाहर निकाला जाएगा ताकि सामाजिक दूरी बनी रहे। एक शो खत्म होने और दूसरा शुरू होने का एक ही वक्त नहीं रखा जाएगा।

चौथा चरण : संचालकों को हॉल में क्रॉस वेंटिलेशन और एसी 24 से 30 डिग्री पर चलाने की व्यवस्था करनी होगी। साथ ही सिंगल स्क्रीन सिनेमा हॉल में टिकट बुकिंग के लिए ज्यादा खिड़कियां रखनी होंगी। टिकट बुकिंग दिनभर होगी और ऑनलाइन बुकिंग को बढ़ावा देना होगा। लोगों को आरोग्य सेतु एप के इस्तेमाल की सलाह देनी होगी 

दर्शकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारा सर्वोच्च उद्देश्य है। दर्शकों का विश्वास बनाने और सरकार के निर्देशों का सख्ती से पालन करेंगे। उम्मीद है कि कोरोना से लड़ते हुए, इस स्थिति से हम जल्द बाहर निकलेंगे। आने वाले हफ्तों में कई नई फिल्में रिलीज होंगी। - गौतम दत्ता, सीईओ, पीवीआर सिनेमा

स्वीमिंग पुल भी खुलेंगे

सिनेमाघरों के साथ आज से स्वीमिंग पूल भी खुल रहे हैं। ऐसे में पीयू के ऑल वेदर स्वीमिंग पूल को खोलने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही यहां खिलाड़ी अभ्यास करते नजर आएंगे। निर्देश के मुताबिक फिलहाल उन खिलाड़ियों को अभ्यास की अनुमति मिली है, जिन्हें आगे प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना है। प्रशासन के साथ भारतीय खेल प्रधिकरण (साई) ने भी स्वीमिंग पूल खोलने के निर्देश दिए हैं। इनमें तापमान जांच के बाद ही तैराक को पूल में उतरने और स्वीमिंग सूट घर से ही पहनकर आने का नियम प्रमुख है। 

पंजाब विश्वविद्यालय का ऑल वेदर स्वीमिंग पूल को पहले 15 अक्तूबर से खोलना था लेकिन कुछ दिन पहले पीयू के खेल निदेशक डॉ. परमिंदर सिंह आहलुवालिया के निधन से इसका काम रोक दिया गया था लेकिन बुधवार से दोबारा यहां पूल की सफाई का शुरू हो गया है। गुरुवार को पूल में पानी भर दिया जाएगा। इसके बाद एक-दो दिन में खिलाड़ी अभ्यास शुरू कर देंगे। 

पीयू के मुख्य स्वीमिंग कोच गुरचरण सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए जो नए नियम बनाए गए हैं, उनका सख्ती से पालन किया जाएगा। कोच ने बताया कि हमारे खिलाड़ी अभ्यास को तैयार बैठे हैं। हालांकि इस साल गर्मियों का पूरा सीजन कोरोना की भेंट चढ़ गया। अब खिलाड़ियों को ऑल वेदर स्वीमिंग पूल का ही सहारा बचा है।  

स्वीमिंग पूल के लिए यह हैं नए नियम

  • 1. स्वीमिंग पूल में क्लोरिन की मात्रा 2 पीपीएम होनी चाहिए।
  • 2. खिलाड़ियों के शरीर के तापमान की जांच के बाद ही उन्हें पूल में प्रवेश मिलेगा।
  • 3. प्रवेश और निकासी द्वार अलग-अलग होंगे।
  • 4. खिलाड़ी अपने घर से स्वीमिंग सूट डालकर आएंगे।
  • 5. सैनिटाइजर साथ रखना होगा। अपना तौलिया और पानी की बोलत किसी से साझा नहीं करेंगे।
  • 6. एक समय में एक ही खिलाड़ी शॉवर लेगा।
  • 7. पूल में एक समय में दो खिलाड़ी पूल में आमने-सामने अभ्यास कर सकेंगे।

सात खेल सेंटरों को खोलने की अनुमति 

चंडीगढ़ प्रशासन ने बुधवार को खेल विभाग को पत्र जारी कर सात खेल सेंटरों को खोलने की इजाजत दे दी। इनमें मुक्केबाजी, जूडो, खो-खो, कबड्डी, रोइंग, ताइक्वांडो, कुश्ती और योग के खेल सेंटर शामिल हैं। सभी सेंटरों को जरूरी नियमों और साफ-सफाई के साथ खोलने की अनुमति दी गई है। पत्र में जिक्र किया गया है कि इनमें खिलाड़ी सामाजिक दूरी को अपनाते हुए ही अभ्यास कर सकेंगे। किसी तरह के मैच और टूर्नामेंट कराने की अभी अनुमति नहीं होगी। 

 

अभिभावक पक्ष में नहीं, 30 के बाद ही खुलेंगे स्कूल: मनोज परिदा

पंजाब और हरियाणा सरकार ने भले 15 अक्तूबर से स्कूल खोलने का फैसला किया है लेकिन चंडीगढ़ में पहली से आठवीं कक्षा के छात्रों के लिए 15 अक्तूबर से स्कूल नहीं खुलेंगे। यूटी प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा कराए गए सर्वे में यह सामने आया है कि अभिभावक बच्चों को अभी स्कूल भेजना नहीं चाहते हैं, इसलिए पहली से आठवीं कक्षा तक के स्कूलों को खोलने पर अब 30 अक्तूबर के बाद ही विचार किया जाएगा। 

उधर, एक तरफ मनोज परिदा फिलहाल स्कूल नहीं खोलने की बात कह रहे हैं, वहीं शिक्षा विभाग अलग ही राग अलाप रहा है। शिक्षा विभाग अभी भी यह कह रहा है कि स्कूल खोलने या बंद रखने को लेकर उन्होंने अभी तक कोई फैसला नहीं किया है। शिक्षा विभाग के निदेशक रूबिंदरजीत सिंह बराड़ का कहना है कि वह स्कूल खोलने या बंद करने का फैसला शायद शुक्रवार को लेंगे। 

इससे विभिन्न स्कूल के शिक्षक व प्रिंसिपल असमंजस की स्थिति में हैं कि अगर आखिरी वक्त में स्कूल खोलने का फैसला लिया जाता है तो वह तैयारियां कैसे करेंगे। गौरतलब है कि शिक्षा विभाग की तरफ से कराये गए सर्वे में 80 प्रतिशत से ज्यादा अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए मना किया है। विभाग ने 8 अक्तूबर को ही सर्वे करा लिया था लेकिन अभी तक कोई भी फैसला नहीं ले पाया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed