कोरोना: ट्राइसिटी में छह की मौत, चंडीगढ़ में 244, पंचकूला में 157 और मोहाली में 177 नए पॉजिटिव
ट्राइसिटी में शुक्रवार को कोरोना से छह और संक्रमितों की मौत की हो गई, जबकि 578 नए संक्रमित मिले हैं। नए मरीजों में चंडीगढ़ के 244, पंचकूला के 157 और मोहाली के 177 लोग शामिल हैं। वहीं, मृतकों में चंडीगढ़ और पंचकूला के एक-एक और चार मोहाली के रहने वाले थे।
चंडीगढ़ में शनिवार को कोरोना पॉजिटिव मिले 244 मरीजों में 141 पुरुष और 103 महिलाएं शामिल हैं। 154 संदिग्धों की रिपोर्ट आनी बाकी है, जबकि अलग-अलग अस्पतालों के साथ होम आइसोलेट 335 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया।
शहर में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 11212 पर पहुंच गई है। वहीं, अब तक 145 मरीजों की मौत हो चुकी है। सेक्टर-56 निवासी 55 वर्षीय महिला की जीएमसीएच-32 में शुक्रवार को मौत हुई। महिला कोरोना पॉजिटिव होने के साथ डायबिटीज और हाइपरटेंशन से ग्रस्त थी।
सेक्टर-47 के कुछ घर कंटेनमेंट जोन से बाहर
यूटी प्रशासन ने सेक्टर-47 के कुछ घरों को कंटेनमेंट जोन सूची से बाहर कर दिया है। इन घरों से प्रतिबंध हटाने के आदेश जारी किए हैं। इसमें सेक्टर-47डी के मकान नंबर-3105 से लेकर 3108/1 के घर शामिल हैं।
पिछले कुछ दिनों से यहां कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। एसडीएम ईस्ट सुधांशु गौतम ने इन इलाकों को खोलने का फैसला लिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि मेडिकल टीमों की स्क्रीनिंग व मॉनिटरिंग इलाके में लगातार जारी रहेगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
पंचकूला में अब तक 77 की गई जान
पंचकूला में शुक्रवार को बीड़ घग्गर के रहने वाले 49 वर्षीय युवक की मौत के बाद अब तक कोरोना से 77 जानें जा चुकी हैं। वहीं, 157 नए संक्रमितों में पंचकूला के 121 मामले शामिल हैं, जबकि अन्य दूसरे राज्यों से हैं।
सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि कोरोना टेस्ट सेंटर में जांच के बाद लगातार तेजी से नए मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को संक्रमण के सबसे ज्यादा 15 मामले सेक्टर-20 में पाए गए। वहीं, सेक्टर-15 में 13 नए मामले मिले हैं।
मोहाली में 197 लोगों ने जीती कोरोना से जंग
मोहाली में चार लोगों की मौत के साथ 177 नए संक्रमित मिले हैैं। वहीं, 197 लोगों ने कोरोना से जंग जीती है। डीसी गिरीश दियालन ने बताया कि जिले में मृतकों की संख्या 177 पहुंच गई है। वहीं, एक्टिव मरीज 2353 और ठीक हो चुके मरीजों की संख्या 7178 है।
सिविल सर्जन मोहाली डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि पॉॅजिटिव केसों में मोहाली के शहरी एरिया में 145 केस, बनूड़ एरिया में तीन, डेराबस्सी एरिया में चार, खरड़ में सात, कुराली में चार, लालडू एरिया में 9, नयागांव में तीन, जीरकपुर में दो कोरोना केस आए हैं।