वित्तमंत्री की कोठी जलाने के मामले में जागी पुलिस, 40 नामजद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की कोठी और उनके परिवार के सदस्यों को जिंदा जलाने की कोशिश में 40 लोगों को नामजद किया गया है। सैकड़ों अन्य अज्ञात पर भी केस दर्ज किया गया है।
वित्त मंत्री के परिजन रोहित सिंधु की शिकायत पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने सभी पर हत्या का प्रयास, लूट, आगजनी और दंगा भड़काने आदि की धाराओं में केस दर्ज किया है। केस में एमडीयू के भी कई छात्र नेता नामजद किए गए हैं।
इन पर केस दर्ज
पुलिस ने तीन वकीलों संदीप कलकल, संदीप राठी और सुरेंद्र सहित, राजेश रुखी, एमडीयू छात्र नेता जोगिंद्र जोगा बालंद, मास्टर महेंद्र सिंह हुड्डा किलोई, गौरव बुधवार, सुमित खरावड़, सोमबीर जसिया, मनोज दूहन, एनएसयूआई नेता योगेश राठी, जितेंद्र राठी, एमडीयू के भगत सिंह छात्र मोर्चा संगठन के नेता जगपाल, पवन जसिया, योगानंद पूर्व सरपंच, बलजीत बलियाना, उमेद पोलंगी, आजाद पोलंगी, आशीष रूड़की, राहुल हुड्डा बसंतपुर, सत्यवान कादयान देव कॉलोनी, मोनू खेड़ी साध, दादू डीघल, दीपक दलाल उर्फ संजू, विकास राठी गद्दीखेड़ी, सैंडी देशवाल घिलौड़, बीजा चमारियां, अमरेंद्र सिंधु, नरेंद्र बल्हारा एमडीयू, देवा प्रेम नगर, रविकांत, अभिषेक हुड्डा उर्फ (बिन्नी), धर्मेंद्र खिडवाली, मोनू कुंडू टिटौली, अरविंद गिल, अनूप उर्फ (नूपाला), प्रिंस कादयान, रविंद्र, आकाश भरत कॉलोनी, प्रवीण हुड्डा भरत कॉलोनी और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
इन धाराओं में दर्ज किया केस
उपद्रवियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 148, 149, 186, 188, 307, 353, 395, 427, 436, 452, 120बी, 25-54-59 के तहत केस दर्ज किया गया है।
घर के नुकसान का जो मुआवजा मिलेगा उसे पीड़ितों में दूंगा
उपद्रवियों के द्वारा कोठी जलाने के बाद आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए कैप्टन अभिमन्यु ने बड़ा फैसला लिया। वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा, तोड़फोड़ और आगजनी में उनके घर को जो नुकसान हुआ है उसके एवज में मिलने वाले मुआवजे को पीड़ितों को बांट देंगे। रविवार को वह रोहतक स्थित अपने आवास में सद्भावना यज्ञ में शामिल होने पहुंचे थे।
उपद्रवियों के द्वारा घर में की गई आगजनी और तोड़फोड़ देखकर उन्होंने कहा, जो हुआ वह पुरानी बात है अब भाईचारा कायम रहे। वहीं उन्होंने कहा, हमारा प्रयास रहेगा कि पीड़ित व आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को नये सिरे से समाज में खडे़ होने का सहारा मिले। उन्होंने कहा कि उनके बड़े भाई कैप्टन रुद्रसैन परम मित्र मानव निर्माण संस्था के माध्यम से पीड़ितों की हर संभव मदद करेंगे।
वित्तमंत्री ने कहा कि शुभचिंतकों व पड़ोसियों के सहयोग से उनके परिवार के सभी सदस्य सकुशल हैं। भगवान ने व्यक्तिगत संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई के लिए उन्हें पूरा सामर्थ्य व क्षमता दी है। इसलिए वे स्वयं को मिलने वाली सहायता राशि दान करेंगे। वहीं विधायक मनीष ग्रोवर ने कहा कि असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए नुकसान की सरकार भरपाई करेगी।
इससे पूर्व सद्भावना सभा में वित्तमंत्री के बड़े भाई कैप्टन रुद्रसैन और स्वामी आर्यवेश ने भी प्रदेश में शांति, सद्भावना और भाईचारे की प्रार्थना की। कार्यक्रम में रमेश बलहारा, प्रतिभा सुमन और रणबीर ढाका आदि उपस्थित रहे।