कैप्टन ने खोला सीक्रेट, कैसे हराया जेटली को
अमृतसर से नवनिर्वाचित सांसद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आखिर बताया ही दिया कि उन्होंने अरुण जेटली को कैसे हराया। कैप्टन ने कहा कि पंजाब व खास कर माझा के लोग किसी की भी धौंस को बर्दाश्त नहीं करते हैं।
इस लिए अमृतसर के लोगों ने मंत्री बिक्रम मजीठिया की धौंस को भी सहन नहीं किया और कांग्रेस के पक्ष में मत देकर सत्ताधारियों को सबक सिखाया है। पार्टी के नेताओं और वर्करों ने जो एकजुटता दिखाई उसी का ही परिणाम है कि अमृतसर के लोग यहां की संसदीय सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता जेटली को हराने में सफल हुए है।
कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एकजुट
कैप्टन ने कहा कि सूबे में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एकजुट हो गई है। अब पार्टी की ओर से पंजाब की जनता को सत्ताधारी अकाली-भाजपा गठजोड़ के खिलाफ लामबंद किया जाएगा ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में अकाली-भाजपा का बिस्तर गोल किया जा सके। गठजोड़ सरकार की गुंडागर्दी वाली नीतियों के खिलाफ अमृतसर के लोगों ने कांग्रेस को वोट दिए हैं।
अमृतसर के मुद्दे संसद में उठाएंगे
कैप्टन ने कहा कि चाहे केंद्र में अब कांग्रेस की सरकार नहीं है फिर भी वे अमृतसर के मुद्दों को संसद में उठाएंगे और जो भी वादे अमृतसर के लोगों के साथ किए गए हैं उनको पूरा किया जाएगा।
इसके लिए अगर उनको संघर्ष करने के लिए सड़कों पर भी आना पड़े वे पीछे नहीं हटेंगे। कैप्टन ने कहा कि वे पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके है इसलिए अमृतसर के साथ साथ पंजाब भर की मांगों को संसद में उठाएंगे।
आज पंजाब को अकाली-भाजपा के जंगल राज से मुक्ति दिलवाने का समय है। सारी कांग्रेस पार्टी को एकजुट कर अब आने वाले विधानसभा चुनाव की पार्टी की ओर से केंद्रीय लीडरशिप के आदेशों पर तैयारी की जाएगी।