Punjab Budget Session: बजट सत्र आज से, हंगामे के आसार, राज्यपाल के अभिभाषण पर निगाहें
तय कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार को सुबह 10 बजे विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। इसके तुरंत बाद, दिवंगत शख्सियतों को सदन में श्रद्धांजलि दी जाएगी लेकिन विपक्ष ने सरकार को राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान ही सदन में घेरने की तैयारी कर ली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित के बीच चल रही तनातनी के बीच विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार से शुरू होगा। सत्र के हंगामेदार होने के आसार हैं, क्योंकि विपक्ष ने सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। सरकार के साथ जारी तनातनी के बावजूद राज्यपाल अपने अभिभाषण में सरकार की उपलब्धियां गिनवाएंगे। हालांकि, इसकी भी संभावना है कि वे पूरा अभिभाषण न पढ़ें।
पिछले वर्ष जब राज्यपाल सदन में अभिभाषण पढ़ रहे थे तो जिस पन्ने पर केंद्र सरकार को लेकर टिप्प्णियां की गई थीं, वहां से उन्होंने यह कहते हुए अभिभाषण समाप्त कर दिया था कि इसे अंतिम पन्ने तक पढ़ा हुआ समझा जाए। राज्यपाल के अभिभाषण में पंजाब की आप सरकार की बीते एक वर्ष की उपलब्धियों के साथ भावी योजनाओं की रूपरेखा के साथ केंद्र सरकार के पंजाब के साथ असहयोग का उल्लेख होने की संभावना है। अब देखना यही है कि वह क्या रुख अपनाते हैं।
सत्र के दौरान अजनाला प्रकरण, मूसेवाला हत्याकांड, जेल में गैंगवार, खालिस्तान के मुद्दे को मिल रही शह, बिगड़ी कानून-व्यवस्था, सरकारी खजाने से प्रचार, भ्रष्टाचार के आरोपों के बावजूद सत्तारूढ़ दल के विधायकों एवं मंत्रियों पर कार्रवाई न होने के अलावा, किसानों के मुद्दे सदन में गूंजेंगे। इन मुद्दों पर विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी की है।
अभिभाषण के दौरान ही घेरने की तैयारी
तय कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार को सुबह 10 बजे विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। इसके तुरंत बाद, दिवंगत शख्सियतों को सदन में श्रद्धांजलि दी जाएगी लेकिन विपक्ष ने सरकार को राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान ही सदन में घेरने की तैयारी कर ली है। अभिभाषण के दौरान व्यवधान पैदा होना लगभग तय है, जब विपक्षी सदस्य कानून-व्यवस्था और अजनाला कांड में कार्रवाई न करने के लिए सरकार से जवाब मांगेंगे। यही कारण है कि विपक्ष ने अभी तक अपनी रणनीति का खुलासा नहीं किया है।
अजनाला कांड में विधानसभा में जवाब देना पड़ेगा: अश्वनी शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब सरकार को अजनाला कांड में कार्रवाई करनी पड़ेगी। पंजाब में पहले ही आतंकवाद के भयावह दौर में पंजाबियों के खून की भयंकर होली खेली जा चुकी है, जिसके जख्म आज भी ताजा हैं और पंजाब की भगवंत मान सरकार राज्य को फिर से उसी काले दौर में धकेलने पर तुली है।
अश्वनी ने कहा कि पंजाब व भाजपा यह कभी भी स्वीकार नहीं करेगी कि कोई आदमी विदेश से उठकर यहां आए और पंजाब के भाईचारे व शांत माहौल को आग लगाए, कानून को अपने हाथ ले और पंजाब सरकार मूक-दर्शक बनकर तमाशा देखती रहे। राज्य में कानून-व्यवस्था व शांति स्थापित करना मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा उनकी सरकार का प्राथमिक कर्तव्य है, जिसमें सरकार फेल साबित हुई है। अगर सरकार ऐसा नहीं करती तो भाजपा इसके लिए भगवंत मान सरकार को मजबूर करेगी। सरकार को राज्य के कानून-व्यवस्था तथा अजनाला पुलिस स्टेशन कांड के मामले में विधानसभा में जवाब देना पड़ेगा।