अंधेरे में दिखा नहीं बिजली का तार, फंसकर झुलसने से युवक की मौत
रात में युवक को दिखा नहीं रास्ता और बिजली के तारों में फंसकर करेंट से झुलसकर उसकी मौत हो गई। दिल दहलाने वाला हादसा हरियाणा के बरवाला में हुआ। दरअसल राष्ट्रीय राजमार्ग-73 स्थित स्वामी देवी दयाल ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल संस्थान गोलपुरा के पास बुधवार रात बिजली के तारों में फंसने से युवक की मौत हो गई। घटना अंधेरे की वजह से हुई। युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मौली पुलिस चौकी इंचार्ज रघुवीर सिंह ने बताया कि उन्हें वीरवार सुबह घटना की सूचना मिली थी। किसी राहगीर ने फोन पर बताया कि गोलपुरा स्वामी देवी संस्थान के पास बिजली के तारों से एक युवक लटका हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस वह घटनास्थल पर पहुंचे। उस समय युवक बिजली के तारों से चिपका हुआ था और उसका पूरा शरीर और कपड़े जल चुके थे। उन्होंने घटना की जानकारी बिजली निगम के अधिकारियों को दी।
लोगों ने हादसे के लिए बिजली निगम और एनएचएआई को दोषी ठहराया
अधिकारियों ने बिजली सप्लाई बंद कर शव को नीचे उतारा। युवक का पूरा शरीर जल जाने के कारण पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने शिनाख्त के लिए पंचकूला सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल के मोर्चरी में शव को रखवा दिया।
गांव के लोगों का कहना है कि एनएच-73 पर फोर लेन का काम चल रहा है। बिजली निगम ने अभी तक मार्ग से बिजली के खंभों को नहीं हटाया है। एनएचएआई ने सड़क निर्माण के लिए खंभों की जगह मिट्टी डाल दी है, जिसका लेवल तारों के बराबर हो गया है, जिसके चलते हादसे हो रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने हादसे के लिए बिजली निगम और एनएचएआई को दोषी ठहराया है।