Sidhu Moose Wala: हत्या में इस्तेमाल बोलेरो बरामद, कई नंबर प्लेट मिलीं, लुधियाना से मानसा तक सुरक्षा चाक चौबंद
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब में हाई अलर्ट है। लुधियाना से मानसा तक हर जगह पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी है। पुलिस की टीमें शहर के प्रमुख चौकों और देहात इलाकों में भी नाकाबंदी कर रही हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सिद्धू मूसेवाला की हत्या में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी पुलिस ने बरामद कर ली है। इसमें कई गाड़ियों की नंबर प्लेट मिली हैं। एक नंबर प्लेट फिरोजपुर की है, जिसका यहां के आरटीओ दफ्तर में रजिस्ट्रेशन है। पुलिस आरटीओ दफ्तर फिरोजपुर में उक्त नंबर से संबंधित रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है। उल्लेखनीय है कि सिद्धू मूसेवाला की रविवार को बदमाशों ने गोलियां दागकर हत्या कर दी थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के लिए इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी जिस पर दिल्ली का नंबर-डीएल 10 सीटी 0196 लगा था। इस गाड़ी के अंदर से विभिन्न नंबर की कई प्लेट मिली हैं। एक नंबर प्लेट फिरोजपुर की है, जिस पर पीबी 05एपी 6114 नंबर लिखा है। इस नंबर को लेकर फिरोजपुर आरटीओ दफ्तर में रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। यह नंबर सीमांत गांव धीरा घारा के एक व्यक्ति की गाड़ी को अलॉट हुआ था। ऐसी आशंका भी जाहिर की जा रही है कि गैंगस्टर व समाज विरोधी अक्सर किसी वारदात को अंजाम देने के वास्ते किसी और गाड़ी की नंबर प्लेट लगा लेते हैं ताकि पुलिस को उलझा सके।
वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी से मिली फिरोजपुर की नंबर प्लेट पीबी 05एपी 6114 सीमांत गांव धीरा घारा के एक व्यक्ति की है। उक्त व्यक्ति का कहना है कि उसकी गाड़ी घर पर खड़ी है। उसने अपनी गाड़ी बेचने के लिए ओलेक्स में फोटो खींचकर डाली थी। आरोपियों ने ओलेक्स से उसकी गाड़ी का नंबर देखकर नंबर प्लेट तैयार करवाई होगी।
लुधियाना से लेकर मानसा तक हर जगह पुलिस की नाकाबंदी
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब में हाई अलर्ट है। लुधियाना से मानसा तक हर जगह पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी है। पुलिस की टीमें शहर के प्रमुख चौकों और देहात इलाकों में भी नाकाबंदी कर रही हैं। हर आने-जाने वाले वाहन की जांच की जा रही है। सीनियर पुलिस अधिकारी खुद सड़कों पर उतरे हैं। हर जिले के एंट्री पाइंट पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है।
संदिग्ध लोगों को पूछताछ के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद देश-विदेश में उनके प्रशंसकों में काफी रोष है। लोगों और राजनीतिक दलों में पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ गुस्सा है। लोगों का कहना है कि पंजाब सरकार से कानून-व्यवस्था संभल नहीं रही। कहीं गोलियां चल रही हैं तो कहीं लूटपाट हो रही है।
लोगों का कहना है कि सरकार को वीआईपी लोगों की सुरक्षा वापस लेने की जरूरत नहीं थी। ऐसा कर सरकार ने बड़ी चूक की है। मूसेवाला को कई बार धमकी मिलने के बाद भी सरकार ने सुरक्षा वापस ले ली। सरकार ने इसमें कोई भी सतर्कता नहीं दिखाई। इसका खामियाजा लोगों के दिलों की धड़कन पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को गवाकर चुकाना पड़ा।
पुलिस ने सड़कों पर अब सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर दिए हैं। हर शहर और गांव के एंट्री प्वाइंटों को सील कर दिया गया है। फिरोजपुर रोड पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। वहीं मुल्लांपुर, सुधार, रायकोट में पुलिस ने हाई अलर्ट के तहत नाकाबंदी की है।