पंजाब: मुस्तफा के बयान पर कांग्रेस को घेरने में जुटी भाजपा, कहा- मुकदमा दर्ज करना महज दिखावा, हिंदू विरोधी मानसिकता उजागर हुई
पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस व नवजोत सिंह सिद्धू को घेरना शुरू कर दिया है। भाजपा ने मुस्तफा पर दर्ज मुकदमे को महज दिखावा बताया है। पार्टी ने चुनाव आयोग से उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार एवं पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा द्वारा मलेरकोटला में प्रचार के दौरान हिंदू-विरोधी टिप्पणी के मामले में भाजपा के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने कहा कि ऐसे बयान से कांग्रेस, मुख्यमंत्री चन्नी, सिद्धू व उनके नेताओं की देश व हिंदू-विरोधी मानसिकता एक बार फिर उजागर हुई है।
जीवन गुप्ता ने कहा कि मुस्तफा ऐसा बयान देकर पंजाब की शांति व भाईचारे का माहौल खराब करना चाहते हैं। गुप्ता ने कहा कि हालांकि पुलिस ने मुस्तफा के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है लेकिन वो सिर्फ दिखावा है। आयोग को इसमें दखल देकर तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए। जीवन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से ही हिंदू-विरोधी तथा देश-विरोधी रही है। ऐसे में उनके किसी भी नेता या कार्यकर्त्ता से देश-हितैषी या समाज-हितैषी सोच या कार्यों की उम्मीद करना बेकार है।
जीवन गुप्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पंजाब में श्री हरमंदिर साहिब पर हमला करवाया, नरसंहार करवाया, दिल्ली में गले में टायर डाल कर जिंदा जलाया लेकिन कभी अपने इन कुकृत्यों के लिए पंजाब की जनता से माफी नहीं मांगी। नवजोत सिंह सिद्धू भी बार-बार पाकिस्तान की तारीफों के पुल बांधकर अपने पाकिस्तानी प्रेम को जनता के सामने दर्शाते रहते हैं और उनके सलाहकार भी उनकी ही भाषा बोल रहे हैं।
जीवन गुप्ता ने कहा कि हालांकि पुलिस ने मोहम्मद मुस्तफा के विरुद्ध धारा 153-ए के तहत समुदायों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने का मामला दर्ज किया है, जो नाकाफी है। पुलिस ने सरकार व सिद्धू के दबाव में मुस्तफा के खिलाफ हल्की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
लक्ष्मीकांता चावला ने भी मुस्तफा पर साधा निशाना
भाजपा नेता और पूर्व मंत्री प्रोफेसर लक्ष्मीकांता चावला ने कहा कि मोहम्मद मुस्तफा इतने साल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बने रहे मगर उनका सच सामने नहीं आया। पंजाब में आग लगाने वाले बयान पर बहुत अफसोस हुआ। पूर्व मंत्री प्रो. चावला ने मुस्तफा के हिंदू विरोधी बयान पर रविवार को एक वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि वह (मुस्तफा) अपने दिल में इतना जहर लेकर कैप्टन के साथ काम करते रहे। पंजाब को कितना नुकसान पहुंचाया होगा, इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। रजिया सुल्ताना के बारे में उन्होंने कहा कि क्या ऐसे परिवार की महिला मंत्री होनी चाहिए, जिसके परिवार में पंजाब व हिंदुओं के लिए इतना जहर है और धमकी दी जाती है कि अगर मेरे नजदीक हिंदुओं का जलसा करवाया जाता तो ऐसी आग लगा दूंगा कि फिर सरकार से संभाला नहीं जाएगा।
प्रो. चावला ने सिद्धू को संबोधित करते हुए कहा वह मोहम्मद मुस्तफा को अपनी गोद में बैठाए हुए हैं। अगर मुस्तफा सिद्धू की भाषा बोल रहे हैं तो कांग्रेस पार्टी एक्शन लेकर सिद्धू को पार्टी से बाहर निकाले। अगर मुस्तफा की भाषा है तो सिद्धू उन्हें अपनी गोद से उतारें और ऐसा बयान देने वाले के खिलाफ जो कार्रवाई बनती है, करें। उन्होंने सिर्फ हिंदुओं के विरुद्ध नहीं बोला, देश के विरुद्ध बोला है, जो राष्ट्रीय अपराध किया है। पूर्व मंत्री ने पंजाब सरकार, चुनाव आयोग और भारत सरकार से संज्ञान लेने की अपील की।