क्लीन स्विप के बाद हरियाणा में भाजपा का मेगा प्लान, अब मिशन-90 से विरोधी खेमे पर सेंध की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव में हरियाणा में दस का दम दिखाने के बाद अब भाजपा ने मिशन-90 का लक्ष्य रखा है। प्रदेश में दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए भाजपा हाईकमान का फोकस कांग्रेस और इनेलो के प्रभाव वाले जिलों पर रहेगा। लोकसभा चुनाव में पार्टी ने जिस तरह से रोहतक, हिसार और सिरसा को जीतने की रणनीति बनाई थी, अब विधानसभा चुनाव का लक्ष्य हासिल करने के लिए उससे दो कदम आगे बढ़ते हुए बिसात बिछाई जाएगी।
भाजपा का फोकस रोहतक, सिरसा, हिसार, मेवात, जींद, कैथल और सोनीपत जिलों पर रहेगा। इन जिलों में भाजपा के कम और विपक्षी दलों के ज्यादा विधायक हैं। यहां पार्टी अधिक से अधिक सीटें जीतना चाहती है। भाजपा लोकसभा चुनाव की तरह ही विधानसभा चुनाव में भी गैर जाट वोट को एकजुट करते हुए जाट वोट में सेंधमारी करने की तैयारी में है।
अक्टूबर में होने वाले चुनाव के लिए पार्टी हाईकमान जून-जुलाई महीने में पूरा होमवर्क कर अगस्त से फील्ड में ताकत झोंक देगा। हुड्डा और चौटाला परिवार की प्रभाव वाली सीटों पर जातीय समीकरण बिठाते हुए जिताऊ चेहरों की तलाश पार्टी जून से ही शुरू करने वाली है।
इन विस में हैं कांग्रेस और इनेलो के विधायक
ऐलनाबाद, महम, उकलाना, फतेहाबाद, गढ़ी-सांपला-किलोई, कैथल, झज्जर, गोहाना, राई, खरखौदा, सफीदों, आदमपुर, गन्नौर, तिगांव, सिरसा, फरीदाबाद एनआईटी, डबवाली, फिरोजपुर झिरका, लोहारू, जुलाना, नरवाना, बेरी, दादरी, रानिया, रतिया, हांसी, कलानौर, बड़ौदा, होडल, बरवाला, नूंह।
तीन विधायक भाजपा व एक कांग्रेस में हो चुके शामिल
नलवा के इनेलो विधायक रणवीर गंगवा पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा, हथीन से इनेलो विधायक केहर सिंह रावत इस्तीफा देकर भाजपा और पुन्हाना से आजाद विधाय रहीश खान भाजपा में शामिल हो चुके हैं। फिरोजपुर झिरका से इनेलो विधायक नसीम अहमद ने इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थामा है। अभी उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ है। इनेलो को छोड़कर नैना चौटाला, राजदीप फौगाट, अनूप धानक, पिरथी नंबरदार जजपा के साथ जा चुके हैं।
सरकारी भर्ती से विधानसभा चुनाव का माहौल बनाएगी भाजपा
प्रदेश सरकार ने ग्रुप डी के 18 हजार से अधिक पद भरकर पहले जींद उपचुनाव जीता, उसके बाद लोकसभा चुनाव में भी फायदा उठाया। अब भाजपा सरकार ग्रुप डी के खाली पड़े 16 हजार से अधिक पदों के अलावा क्लर्क, पटवारी व जेई के पद भरने जा रही है।
सितंबर महीने के पहले हफ्ते तक लगभग बीस हजार पद भरने की तैयारी सरकार की गई है, ताकि विधानसभा चुनाव में फायदा उठाया जा सके। बिना पर्ची और खर्ची के नौकरी मिलने का युवाओं और आमजन पर गहरा प्रभाव पड़ा है।
कैबिनेट बैठक में खुलेगा रियायतों का पिटारा
लोकसभा चुनाव संपन्न होने की अधिसूचना 27 मई को जारी होने के बाद प्रदेश सरकार किसी भी समय कैबिनेट बैठक बुला सकती है। चुनाव बाद पहली बैठक में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अनेक अहम और जनहित के निर्णय लिए जाएंगे। सरकार हर वर्ग के लिए रियायतों का पिटारा भी खोलने वाली है।
सीएम ने तरकश में बचाकर रखे हैं अनेक तीर
सीएम मनोहर लाल ने दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए अभी अपने तरकश में अनेक तीर बचाकर रखे हैं। सीएम जून से विधानसभा चुनाव के लिए फील्ड में उतर जाएंगे। लोकसभा चुनाव में जनता के भारी समर्थन के लिए धन्यवाद रैलियां कर विधानसभा चुनाव के प्रचार का आगाज किया जाएगा। सीएम मनोहर लाल का फोकस आने वाले महीनों में युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और गरीब तबके पर रहने वाला है।