चौतरफा घिर रहे चन्नी: अब बिक्रम मजीठिया ने लगाए आरोप, चमकौर साहिब में चन्नी की शह पर हो रही अवैध माइनिंग
बिक्रम मजीठिया के खिलाफ हाल ही में ड्रग्स मामले में एक और मुकदमा चन्नी सरकार ने दर्ज कराया है। हालांकि उन्हें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से अंतरिम जमानत मिली हुई है।
विस्तार
पंजाब के सीएम चरणजीत चन्नी के रिश्तेदारों पर ईडी रेड के बीच पंजाब में सियासत गरमाई हुई है। पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने दावा किया है कि पंजाब में अवैध खनन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की शह पर हो रहा है। यह बात उनके भांजे के घर से मिले करोड़ों रुपये से साबित हो चुकी है। मजीठिया ने कहा कि अब ईडी को मुख्यमंत्री चन्नी के घर रेड करनी चाहिए। मुख्यमंत्री बनने से पहले चमकौर साहिब में वह खुद इस काम को अंजाम दे रहे थे। वर्तमान में पंजाब में थ्री सी काम कर रहे हैं चन्नी, कांग्रेस और करप्शन।
चंडीगढ़ स्थित शिअद मुख्यालय में मजीठिया ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री के भांजे भूपिंदर सिंह हनी की और मुख्यमंत्री चन्नी की फोटो भी दिखाईं। कुछ वीडियो दिखाए, जिसमें मुख्यमंत्री का भांजा सरकारी जिप्सी और एमएलए लिखे वाहन पर सुरक्षाकर्मियों के साथ घूम रहा है। उन्होंने वीडियो और फोटो पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी को बताना चाहिए कि एक सामान्य व्यक्ति को इतनी सुरक्षा क्यों मुहैया कराई गई है। साथ ही मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि भांजे के पास इतना पैसा आया कहां से। भूपिंदर सिंह हनी की पहचान है कि वह मुख्यमंत्री की साली का बेटा है।
मजीठिया ने कहा कि चन्नी के अपने हलके चमकौर साहिब व रोपड़ में चार लोग अवैध माइनिंग का अवैध करोबार चला रहे हैं। चन्नी भांजे के बचाव में इसलिए आ रहे हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि अगर हनी का मुंह खुल गया तो मुश्किल हो जाएगी। मजीठिया ने दावा किया कि मुख्यमंत्री चन्नी ने अपने कार्यकाल में करोड़ों रुपये कमाकर दिल्ली तक भिजवाएं हैं। यह काम पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी की देखरेख में किया गया है।
केंद्र की मंशा पर उठाए सवाल
ईडी ने रेड के दौरान 10 करोड़ नकद, 21 लाख के गहने और कई संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए गए थे। इसके बाद ईडी ने कार्रवाई बीच में ही रोक दी। इसके पीछे केंद्र की मंशा पर सवाल उठाते हुए मजीठिया ने कहा कि वह केंद्र से मांग करेंगे कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई हो।
सिद्धू को अब सांप सूंघ गया
कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब उन्हें सांप सूंघ गया है, जबकि सिद्धू अवैध खनन को लेकर लगातार बोलते रहते हैं। अपने पंजाब मॉडल में भी सिद्धू ने पंजाब में हो रहे अवैध खनन पर बोला था।