लड़की ने जिसे बताया सिरफिरा आशिक, निकला प्रेमी, परिवारवालों पर ऑनर किलिंग का केस दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महज 10 घंटों में ही एकतरफा प्रेम में युवती पर फायर कर सिरफिरे आशिक के आत्महत्या करने की कहानी पलट गई। युवती के बयान लेने से एफआईआर दर्ज होने तक सब कुछ बदल गया। पहले हुए बयान में जिस युवक को सिरफिरा आशिक बताया जा रहा था, वह लड़की का प्रेमी निकला। दोनों एक ही स्कूल में साथ पढ़ते थे।
कई सालों से प्रेम प्रसंग की बात पुलिस की जांच में सामने आई है। उधर, युवक के परिजनों ने युवती के पिता व चाचा पर ऑनर किलिंग का केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि उनके बेटे की हत्या की गई है।
पुलिस युवक के परिजनों की शिकायत पर युवती के पिता और चाचा के खिलाफ ऑनर किलिंग करने, षडयंत्र रचने और एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। गुरुवार को हुए मृतक के पोस्टमार्टम में साफ हुआ कि युवक को गोली सामने से लगी व उसकी फेफड़ा फटने और खून ज्यादा बहने से मौत हुई।
समुदाय अलग होने की वजह से युवती के परिजनों को शादी नहीं थी मंजूर
पुलिस को दी शिकायत में गांव काबड़ी निवासी मृतक रामकिशोर के मामा नेमपाल ने बताया कि उसकी बहन बिजी के बेटे की बुधवार शाम देशराज कॉलोनी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। रामकिशोर के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। मृतक रामकिशोर की उम्र लगभग 26 वर्ष थी। उसने हाल ही में बीए पास किया था।
मामा ने बताया कि रामकिशोर का देशराज कॉलोनी निवासी युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ही लाल बत्ती स्थित सरकारी स्कूल में एक साथ पढ़ते थे। जहां दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ।
करीब एक साल से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसके बाद युवती के परिजनों ने दोनों का समुदाय अलग-अलग होने के कारण दोनों को अलग होने के बारे में कहा।
इसके चलते युवती ने रामकिशोर को बताया भी कि उसके परिजनों को दोनों का मिलना गवारा नहीं है। उसके परिजन अब युवती का करनाल की आईटीआई में दाखिला दिलवा रहे हैं, ताकि दोनों का मिलना-जुलना बिल्कुल ही बंद हो सके। बावजूद इसके दोनों ने मिलना-जुलना बंद नहीं किया। जिस कारण बुधवार को युवती के पिता व चाचा ने षडयंत्र के तहत ऑनर किलिंग की वारदात को अंजाम दिया।
इसमें रामकिशोर की मौके पर ही मौत हो गई व युवती की हालत गंभीर है। आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम को युवती के परिजनों ने ऐसा बना दिया, जिसमें युवक को ही दोषी दिखाया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर उक्त मामले में युवती के पिता व चाचा के खिलाफ ऑनर किलिंग करने, षडयंत्र कर वारदात को अंजाम देने सहित एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- गोली चलाने से पहले युवती से पूछा था कि तुझे मेरा प्रेम कबूल है या नहीं
पुलिस को दिए बयान में 20 वर्षीय युवती ने बताया कि वो करनाल आईटीआई में पढ़ रही है। उसने बताया कि उसका रामकिशोर से कई सालों से प्रेम प्रसंग था। इसके बारे में युवती के परिजनों को मालूम हुआ तो उन्होंने युवती को रामकिशोर से अलग होने के बारे में कहा।
इसी कारण युवती के परिजनों ने उसका रिश्ता भी यूपी के कांधला निवासी युवक साथ तय कर दिया। जिस बारे में युवती ने रामकिशोर को बताया तो वो बहुत ज्यादा गुस्से में आ गया।
उस दौरान रामकिशोर ने कहा कि वो युवती को किसी और की नहीं होने देगा। युवती ने बताया कि रिश्ता तय होने के बाद उसने रामकिशोर से काफी दूरियां बना ली थी, जिसके बाद भी रामकिशोर हमेशा मिलने की जिद करता था। वह अक्सर कहता था कि वो युवती को मारकर खुद भी मर जाएगा। बुधवार को जब युवती घर पर जा रही थी, उसी दौरान वो बाइक पर सवार होकर आया व कहने लगा कि तुझे मेरा प्रेम कबूल है या नहीं।
इसके जवाब में युवती के मना करते ही उसने एक पिस्तौल से युवती को गोली मारी। गोली युवती के बाई तरफ पेट में लगी व इसके बाद उसने दूसरी पिस्तौल से खुद को छाती में गोली मार ली।
फेफड़ा फटने व ज्यादा खून बहने से हुई युवक की मौत
गुरुवार को मृतक का पोस्टमार्टम डॉक्टरों की बोर्ड टीम द्वारा किया गया। इसमें फारेंसिक एक्सपर्ट डॉ. नारायण डबास व सिविल सर्जन दिनेश गौतम मौजूद रहे। शव का पहले सिटी स्कैन किया गया, इसके बाद उसका पोस्टमार्टम हुआ। रिपोर्ट में साफ हुआ कि युवक को गोली सीने में सामने से लगी, जोकि छाती को चीरते हुए पीछे कमर से पार हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि गोली लगने से युवक का फेफड़ा फट गया व बहुत ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गई।
ये है मामला
वारदात बुधवार शाम करीब छह बजे की है। 20 वर्षीय आईटीआई छात्रा करनाल से पढ़कर देशराज कालोनी स्थित अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान देशराज कालोनी में बाल संस्कृति स्कूल के पास 21 वर्षीय रामकिशोर निवासी गांव काबड़ी बाइक से आया और उसे गोली मार दी। छात्रा के मुताबिक उसे पीछे से गोली मारी गई, गनीमत रही कि गोली उसे छूकर निकल गई।
छात्रा को गोली मारने के तुरंत बाद रामकिशोर ने एक और कट्टा निकाला और अपनी छाती पर रखकर दिल में गोली मार ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आईटीआई छात्रा को जिस गली में गोली मारी गई, वहीं उसकी सहेली रहती थी। सहेली और एक राहगीर ने उसे रिक्शा पर बैठा कर अस्पताल पहुंचाया था।
दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मामले में युवक की हत्या और आत्महत्या की गुत्थी सुलझ पाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच में जुट गई है। जांच में जो भी दोषी होगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। - सतीश गौतम, डीएसपी।