Punjab News: बीबी जागीर और जगमीत बराड़ का संयुक्त अकाली दल में शामिल होना तय
बीबी जागीर कौर के संयुक्त अकाली दल से जुड़ने से पंजाब में भाजपा को परोक्ष रूप से एसजीपीसी में पैठ बनाने का अहम मौका मिलना तय है। गौरतलब है कि संयुक्त अकाली दल ने सूबे के विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन किया था और यह पार्टी भविष्य में भी भाजपा से साथ जुड़े रहने का एलान कर चुकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के निष्कासित अकाली नेता व एसजीपीसी की पूर्व प्रधान बीबी जागीर कौर की सोमवार को संगरुर में संयुक्त अकाली दल के प्रधान सुखदेव सिंह ढींढसा के साथ बैठक के बाद, बीबी जागीर कौर और पूर्व अकाली सांसद जगमीत सिंह बराड़ के संयुक्त अकाली दल में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। इस संबंध में बीबी जागीर कौर ने बताया कि उन्होंने सुखदेव सिंह ढींढसा के साथ बैठक कर संयुक्त अकाली दल को मजबूत बनाने और पार्टी की भावी रूपरेखा पर चर्चा की।
जब उनसे यह पूछा गया कि क्या वे संयुक्त अकाली दल में शामिल हो रही हैं तो बीबी जागीर कौर ने कहा कि इस बारे में वह कल (मंगलवार) को खुलासा करेंगी। बीबी जागीर कौर के साथ जगमीत सिंह बराड़ का भी संयुक्त अकाली दल में शामिल होना लगभग तय माना जा रहा है। दोनों नेता सोमवार को सुखदेव सिंह ढींडसा के साथ बैठक में मौजूद रहे।
ढींडसा के नेतृत्व में बुलाई गई पंथक नेताओं की इस बैठक में बीबी जागीर कौर और जगमीत सिंह बराड़ के अलावा रतन सिंह अजनाला, पूर्व मंत्री सरवन सिंह फिल्लौर, जगदीश सिंह गरचा, जस्टिस (रिटायर्ड) निर्मल सिंह, एसजीपीसी के पूर्व महासचिव सुखदेव सिंह भौर, पूर्व विधायक सुखविंदर सिंह औलख, पूर्व सदस्य पीपीएससी सुखवंत सिंह सरा और संयुक्त अकाली दल के महासचिव मनजीत सिंह दसूहा भी मौजूद रहे।
इस बैठक के बारे में बीबी जागीर कौर ने बताया कि बैठक में संयुक्त अकाली दल की कारगुजारी और भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया, जिसमें अकाली दल को पुराने पंथक स्वरूप में लाने के लिए प्रयास करने पर जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि बैठक में शिअद के परिवारवाद, बादल परिवार के खिलाफ बोलने वालों से पार्टी में होने वाले बर्ताव पर भी चर्चा हुई।
गौरतलब है कि बीबी जागीर कौर को शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के फैसले के खिलाफ एसजीपीसी चुनाव लड़ने के चलते, अनुशासनहीनता का दोषी मानते हुए शिअद से निष्कासित कर दिया गया था, जबकि जगमीत सिंह बराड़ को भी सुखबीर बादल के फैसले के खिलाफ जाकर समानांतर कमेटी बनाने के मामले में निष्कासित कर दिया गया था। इन दोनों नेताओं के निष्कासन की आलोचना करते हुए, उस समय संयुक्त अकाली दल के प्रमुख सुखदेव सिंह ढींडसा ने उनके द्वारा उठाए कदमों का समर्थन किया था। माना जा रहा था कि दोनों नेता जल्द ही संयुक्त अकाली दल में शामिल हो जाएंगे।
जागीर कौर के सहारे एसजीपीसी तक पहुंचेगी भाजपा
बीबी जागीर कौर के संयुक्त अकाली दल से जुड़ने से पंजाब में भाजपा को परोक्ष रूप से एसजीपीसी में पैठ बनाने का अहम मौका मिलना तय है। गौरतलब है कि संयुक्त अकाली दल ने सूबे के विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन किया था और यह पार्टी भविष्य में भी भाजपा से साथ जुड़े रहने का एलान कर चुकी है।