ईडी का दावा: चन्नी के भतीजे ने कबूला, रेत खनन व तबादलों के लिए मिले थे 10 करोड़ रुपये, आज अदालत में होगी पेशी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भूपिंदर सिंह को अवैध खनन से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था। अदालत ने आरोपी को आठ फरवरी तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सीएम चेहरा चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे भूपिंदर सिंह उर्फ हनी ने कुबूल किया है कि उसने राज्य में अधिकारियों के तबादलों और रेत खनन के बदले 10 करोड़ रुपये नकद लिए थे। यह दावा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को एक बयान में किया।
हनी को केंद्रीय जांच एजेंसी ने 3 फरवरी को जालंधर से गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई पंजाब में रेत खनन में कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई थी। हनी मंगलवार तक ईडी की हिरासत में है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भतीजे हनी के जरिये मुख्यमंत्री चन्नी को घेरने की कोशिश हो रही है।
18 जनवरी को हनी और अन्य लोगों के खिलाफ छापे की कार्रवाई की थी और उनके परिसरों से 7.9 करोड़ नगद और हनी से जुड़े संदीप कुमार नामक व्यक्ति के यहां से करीब 2 करोड़ रुपये नगद जब्त किए थे। एजेंसी ने कहा कि ईडी ने छापे के दौरान कुदरतदीप सिंह, भूपिंदर सिंह उर्फ हनी, हनी के पिता संतोख सिंह और संदीप सिंह के बयान रिकॉर्ड किए थे। इससे यह पता चला कि जब्त किए गए 10 करोड़ रुपये भूपिंदर सिंह के थे। इसके अलावा भूपिंदर ने यह भी स्वीकार किया कि जब्त रकम उसे अधिकारियों की तैनाती, तबादले और रेत खनन के बदले में मिली थी।
हनी को कुछ दस्तावेज के साथ निजी तौर पर ईडी के समक्ष पेश होने के लिए समन जारी किया गया था। रविवार को ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चन्नी को कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया था। ईडी के इस खुलासे के बाद विरोधियों के हमले चन्नी पर तेज होने के आसार हैं। पंजाब में भूपिंदर के घर से नकदी की बरामदगी और उसकी गिरफ्तारी चुनावी मुद्दा बन गया है।
पंजाब के एक नेता का भी नाम शामिल
ईडी के द्वारा रेत खनन के मामले में अब तक हुई जांच में पंजाब के एक बड़े राजनीतिक नेता का नाम भी सामने आया है। हालांकि ईडी के अधिकारियों ने नाम को लेकर कोई भी खुलासा नहीं किया गया है। जबकि विपक्षी दल लगातार अब तक की हुई जांच में शामिल लोगों के नाम सार्वजनिक किए जाने की मांग कर रहे हैं।
आज फिर न्यायालय में पेशी
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे भूपिंदर सिंह हनी को मंगलवार को ईडी फिर न्यायालय में पेश करेगी। गिरफ्तारी के बाद चार फरवरी को ईडी ने हनी को न्यायालय में पेश किया था। पूछताछ के लिए न्यायालय से ईडी ने 10 की रिमांड मांगी थी। आठ फरवरी को हनी की रिमांड समाप्त हो रही है।